
अमेठी से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार कुमार विश्वास ने अपनी जान का खतरा बताते हुए आरोप लगाया है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के एक करीबी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
कुमार विश्वास ने ट्वीट करके कहा कि वह मामले में प्रियंका, राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने गए, लेकिन गौरीगंज थाने के अफसरों ने उनकी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया और कहा कि वह थाने से न गए तो, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कुमार विश्वास ने एक वीडियो भी डाला है, जिसमें एक शख्स को प्रियंका गांधी की कार के पीछे दौड़ते दिखाया गया है। वीडियो में वह व्यक्ति प्रियंका गांधी से कह रहा है कि कुमार विश्वास और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उसके लोगों को परेशान कर रहे हैं।
वीडियो में इस शख्स को यह कहते हुए दिखाया गया है कि यदि कुछ नहीं किया गया, तो वह कुमार विश्वास को गोली मार देगा। हालांकि प्रियंका उसे समझा रही हैं कि इस तरह की बात नहीं करनी चाहिए। कुमार विश्वास ने पहले भी कांग्रेस नेताओं पर जानलेवा हमले कराने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने कुमार विश्वास पर सस्ती लोकप्रियता के लिए ऐसे हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं