
भाजपा ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस 'अछूत' होती जा रही है और पार्टी के इतिहास में पहली बार लोकसभा चुनाव में वह दो अंकों की संख्या तक सिमट जाएगी। भाजपा ने यह भी संकेत दिया कि अगले कुछ दिन में कुछ और पार्टियां राजग में शामिल होंगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू ने कहा, 'एक वक्त था जब लोग भाजपा को अछूत पार्टी कह रहे थे। लेकिन अब हालात बदल गये हैं। कांग्रेस अस्पृश्य होती जा रही है और नरेंद्र मोदी जनता के प्रिय हैं। इसलिए बड़ी संख्या में लोग राजग में शामिल हो रहे हैं।' पूर्व पार्टी अध्यक्ष नायडू ने दावा किया कि भाजपा को इस बार के चुनावों में सर्वाधिक सीटें मिलेंगी।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और इमाम बुखारी की मुलाकात पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नि:संदेह सर्वाधिक सांप्रदायिक पार्टी है और उसने मुस्लिम लीग, सिमी जैसे संगठनों और मदनी तथा इमाम बुखारी जैसे सांप्रदायिक नेताओं को बढ़ावा दिया है।
नायडू ने कहा कि यह मुलाकात कांग्रेस की इस हताशा को झलकाती है कि वह चुनावों में ध्रुवीकरण करना चाहती है।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं