आज के समय में ‘हसल कल्चर' यानी हर समय काम करते रहने की आदत किस हद तक बढ़ चुकी है, इसका एक चौंकाने वाला उदाहरण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में देखने को मिला. वीडियो में एक युवक रात के करीब 12:15 बजे सड़क किनारे अपनी बाइक पर बैठकर लैपटॉप पर काम करता नजर आता है. चारों तरफ सन्नाटा है, लेकिन उसके सामने लैपटॉप की चमकती स्क्रीन साफ दिख रही है. यह दृश्य लोगों को हैरान भी कर रहा है और सोचने पर मजबूर भी. वीडियो के साथ लिखा गया कैप्शन भी काफी चर्चा में है- रात के 12 बजे बाइक पे रोमांस नहीं, लैपटॉप के साथ फाइनेंस चल रहा है.
आधी रात का ‘मोबाइल ऑफिस'
वीडियो में युवक पूरी तरह अपने काम में डूबा हुआ नजर आता है. जब कोई उससे पूछता है कि वह इस वक्त बाइक पर बैठकर काम क्यों कर रहा है, तो वह हल्की सी मुस्कान देता है. यह मुस्कान थकान और मजबूरी दोनों को दिखाती है. इस वीडियो को देखकर ऐसा लगता है कि अब ऑफिस सिर्फ ऑफिस तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सड़क और सफर भी काम का हिस्सा बनते जा रहे हैं.
देखें Video:
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो वायरल होते ही लोगों ने अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा, भारतीय कॉर्पोरेट जगत. दूसरे ने कहा, पिछले हफ्ते मेरी भी यही हालत थी. वहीं, एक कमेंट सबसे ज्यादा वायरल हुआ- भाई घर जाकर सो जा. कई लोगों ने इसे मजाकिया अंदाज में लिया, लेकिन कई यूजर्स ने इसे चिंता का विषय बताया.
बढ़ती चिंता: काम या मजबूरी?
यह पहली बार नहीं है जब ऐसा दृश्य सामने आया हो. इससे पहले भी ऐसे वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिनमें लोग सफर के दौरान या बाइक पर बैठकर काम करते दिखे हैं. एक वीडियो में तो एक महिला चलते वाहन पर बैठकर लैपटॉप पर काम करती नजर आई थी, जिसे लोगों ने खतरनाक बताया था. इतना ही नहीं, कई बार लोग शादी जैसे खास मौकों पर भी काम करते नजर आए हैं, जिससे यह साफ होता है कि काम का दबाव अब जिंदगी के हर हिस्से में घुस चुका है.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 80 लाख रुपये के पैकेज में 40 लाख सिर्फ ‘किडनैपिंग इंश्योरेंस'! IIM प्लेसमेंट का ऑफर सुनकर चौंके लोग
इतिहास का सबसे अनोखा खत! जब गांधी ने हिटलर से की थी युद्ध रोकने की अपील, 1939 का पत्र फिर हुआ वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं