- असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने नवनियुक्त 12 मंत्रियों को विभागों का औपचारिक आवंटन किया.
- मुख्यमंत्री ने गृह, लोक निर्माण, विद्युत, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग अपने नियंत्रण में रखा है.
- रानोज पेगू को शिक्षा, जनजातीय मामले, सूचना प्रौद्योगिकी तो अशोक सिंघल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी मिली.
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार को नवनियुक्त 12 मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया. मुख्यमंत्री ने गृह और राजनीतिक विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को अपने पास रखा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी. वरिष्ठ मंत्रियों में रानोज पेगू को फिर से शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि अशोक सिंघल को एक बार फिर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग आवंटित किया गया है.
बिमल बोराह को सांस्कृतिक मामले एवं उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उद्यम और एक्ट ईस्ट नीति संबंधी विभाग दिए गए हैं. साथ ही पेगु को जनजातीय मामलों और सूचना प्रौद्योगिकी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है.
सरमा के करीबी बरुआ को वित्त मंत्रालय
वित्त मंत्रालय सरमा के करीबी सहयोगी जयंता मल्ला बरुआ को सौंपा गया है, उन्हें साथ ही पर्यावरण एवं वन और खान एवं खदान विभाग का प्रभार भी सौंपा गया है.
शर्मा ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “असम के माननीय राज्यपाल की स्वीकृति से मैं असम सरकार के मंत्रिपरिषद के सदस्यों के बीच विभागों के आवंटन की घोषणा करते हुए प्रसन्न हूं.”
असम में 12 मंत्रियों ने पांच जून को शपथ ली थी जबकि चार अन्य मंत्रियों को मुख्यमंत्री के साथ 12 मई को पद की शपथ दिलाई गई थी. चार मंत्रियों के विभागों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है.
विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष बिस्वजीत डाइमरी को हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उत्पादन, खेल एवं युवा कल्याण, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता, और जनजातीय, धार्मिक एवं संस्कृति विभाग का प्रभार सौंपा गया है.
वर्ष 2016 से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में मंत्री असम गण परिषद (अगप) के केशव महंत को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन, और सामान्य प्रशासन विभाग आवंटित किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: असम के बाद अब मेघालय में भी UCC की तैयारी, CM संगमा ने कहा- हम लीगल फ्रेमवर्क देख रहे
पीयूष हजारिका को कृषि और संसदीय कार्य विभाग
कांग्रेस के दिनों से ही सरमा के करीबी सहयोगी रहे पीयूष हजारिका को कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य विभाग आवंटित किया गया है.
पिछली सरकार में मंत्री रह चुके कौशिक राय को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले, आवास एवं शहरी मामले और सहकारिता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कृष्णेंदु पॉल को सार्वजनिक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पहाड़ी क्षेत्र एवं बराक घाटी विकास विभाग आवंटित किए गए हैं.
नए मंत्रियों में अश्विनी राय सरकार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, मृदा संरक्षण और अल्पसंख्यक कल्याण एवं विकास विभाग दिए गए हैं.
मंत्रिमंडल में शामिल की गईं नीलिमा देवी को पशुपालन एवं पशु चिकित्सा और मत्स्य पालन विभाग दिए गए हैं. नीलिमा देवी, पहली बार विधानसभा के लिए चुनी गई हैं. एक अन्य पहली बार मंत्री बने सुसंता बोरगोहेन को जल संसाधन एवं न्यायिक विभाग आवंटित किया गया है.
12 मई को इन मंत्रियों ने ली थी शपथ
नई सरकार में 12 मई को शपथ लेने वाले चार मंत्री रामेश्वर तेली, अजंता नियोग, अतुल बोरा और चरण बोरो हैं.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूसरे कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री रहे रामेश्वर को श्रम कल्याण, चाय बागान जनजाति एवं आदिवासी कल्याण और परिवर्तन एवं विकास विभाग आवंटित किए गए हैं.
सरमा की पिछली सरकार में वित्त मंत्री रहे नियोग को महिला एवं बाल विकास एवं पर्यटन विभाग आवंटित किए गए.
पिछली सरकार में कृषि मंत्री रहे बोरा को पंचायत एवं ग्रामीण विकास, असम समझौते का कार्यान्वयन, सीमा सुरक्षा एवं विकास एवं उत्पाद शुल्क विभाग का प्रभार दिया गया. उन्हें एक बार फिर परिवहन एवं बोडोलैंड कल्याण विभाग का प्रभार सौंपा गया है.
मुख्यमंत्री ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “मंत्रिपरिषद में अपने सभी सहयोगियों को मेरी शुभकामनाएं. मुझे विश्वास है कि समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ मिलकर काम करते हुए, हम असम की जनता की सेवा करना जारी रखेंगे तथा अपने राज्य की प्रगति व समृद्धि की यात्रा को तेज करेंगे.”
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं