विज्ञापन

परमाणु बम गोदाम से निकलकर रॉकेट पर हो रहे लोड, न्यूक्लियर खतरे पर नई रिपोर्ट डराने वाली

किस देश के पास कितने परमाणु हथियार हैं, यहां जानिए स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की नई रिपोर्ट में क्या पता चला.

परमाणु बम गोदाम से निकलकर रॉकेट पर हो रहे लोड, न्यूक्लियर खतरे पर नई रिपोर्ट डराने वाली
nuclear Bomb Risk: दुनिया एक नए परमाणु जोखिम की ओर जा रही

दुनिया में परमाणु हथियारों को लेकर चिंता फिर तेजी से बढ़ गई है. स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की नई रिपोर्ट में बताया गया है कि कई परमाणु देश अपने हथियारों को स्टोरेज से निकालकर मिसाइल और अन्य लॉन्च सिस्टम पर फिर से तैनात कर रहे हैं, जिससे वैश्विक तनाव और बढ़ गया है. भले कुल हथियारों की संख्या में हल्की कमी आई है, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि असली खतरा बढ़ रहा है क्योंकि नए और आधुनिक हथियार तेजी से बनाए जा रहे हैं और पुराने अंतरराष्ट्रीय समझौते कमजोर पड़ रहे हैं. यह स्थिति दुनिया को एक नए परमाणु जोखिम की ओर ले जा रही है.

परमाणु जोखिम पर SIPRI की रिपोर्ट की बड़ी बातें

स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) के अनुसार दुनिया में कुल लगभग 12,187 परमाणु वारहेड मौजूद हैं. इनमें से करीब 9,745 वारहेड ऐसे हैं जो स्टॉकपाइल में रखे गए हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत इस्तेमाल किए जा सकते हैं. पिछले साल की तुलना में कुल संख्या में हल्की कमी आई है, क्योंकि ठंडे युद्ध के बाद पुराने हथियार ज्यादा तेजी से नष्ट किए जा रहे हैं. लेकिन रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि परमाणु जोखिम अब कम नहीं बल्कि बढ़ रहा है.

दरअसल कई देश अपने परमाणु हथियारों को स्टोरेज से निकालकर मिसाइल, विमान और अन्य डिलीवरी सिस्टम पर तैनात कर रहे हैं. इसका मतलब है कि हथियार अब पहले से ज्यादा “एक्टिव और रेडी-टू-यूज” स्थिति में हैं. न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार SIPRI के डायरेक्टर करीम हग्गाग ने कहा: “भले ही हथियारों की संख्या कम हो रही हो, लेकिन परमाणु खतरे और जोखिम बढ़ रहे हैं.”

उन्होंने यह भी बताया कि बड़े देशों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने से हथियार नियंत्रण वाले समझौते कमजोर हो रहे हैं. अमेरिका और रूस के पास मिलाकर दुनिया के लगभग 83% परमाणु हथियार हैं, और दोनों अपने-अपने सिस्टम को आधुनिक बना रहे हैं. वहीं चीन तेजी से अपने हथियार बढ़ा रहा है, जबकि भारत, पाकिस्तान, नॉर्थ कोरिया और इजरायल भी अपने परमाणु कार्यक्रम को विस्तार या मजबूत कर रहे हैं, जिससे वैश्विक तनाव और बढ़ रहा है.

किस देश के पास कितने परमाणु हथिायर

  • अमेरिका- 5000 से अधिक परमाणु वारहेड
  • रूस- 5000 से अधिक परमाणु वारहेड
  • चीन- 620 परमाणु वारहेड
  • फ्रां- 290 परमाणु वारहेड
  • यूके- 225 परमाणु वारहेड
  • भारत- 190 परमाणु वारहेड
  • पाकिस्तान- 170 परमाणु वारहेड
  • नॉर्थ कोरिया- 60 परमाणु वारहेड
  • इजरायल- 90 परमाणु वारहेड (परमाणु हथियार रखने की बात स्वीकार नहीं करता)
     

यह भी पढ़ें: किम जोंग ने दुनिया को दिखाई एक और परमाणु फैक्ट्री, यहां नॉर्थ कोरिया बनाता है 'तबाही का सामान' 

 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com