विज्ञापन

इस्लाम खुद चुना या चांदनी कुरैशी ने किया ब्रेनवॉश? शामली के आयुष मलिक उर्फ अली ने बताया 14 साल पुराना सच

शामली में आयुष मलिक के मोहम्मद अली बनने के बाद से धर्म परिवर्तन का मुद्दा गर्माया हुआ है. आयुष के पिता का आरोप है कि चांदनी कुरैशी ने बेटे का ब्रेनवॉश किया. लेकिन, आयुष उर्फ मोहम्मद अली ने इसे साफ इनकार कर दिया है. उसका कहना है कि उसने साल 2012-13 में ही इस्लाम अपना लिया था. पढ़ें आयुष ने क्या कहा?

इस्लाम खुद चुना या चांदनी कुरैशी ने किया ब्रेनवॉश? शामली के आयुष मलिक उर्फ अली ने बताया 14 साल पुराना सच
Shamli Ayush Malik Chandni Qureshi Case: आयुष मलिक बोला- साल 2012-13 में पूरी तरह से इस्लाम धर्म को अपना लिया था. (फोटो-पंकज कुमार)

शामली जिले के करोड़पति कारोबारी देवराज मलिक का बेटा आयुष मलिक, मोहम्मद अली बन चुका है. उसके परिवार वाले बेटे को फिर से हिंदू धर्म में वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं. लेकिन, आयुष का साफ कहना है कि वह परिवार को छोड़ सकता है, लेकिन इस्लाम नहीं छोड़ेगा. आयुष ने बताया कि वह 14 साल से मुस्लिम धर्म का पालन कर रहा है, जबकि परिवार वालों का आरोप है कि चांदनी कुरैशी ने ब्रेनवॉश कर उसे इस्लाम मजहब अपनाने के लिए मजबूर किया. इसे आयुष मलिक उर्फ मोहम्मद अली ने क्या कहा आइए, विस्तार से जानते हैं. 

मोहम्मद अली बनने पर पूरी तरह बदल आयुष मलिक का लुक.

मोहम्मद अली बनने पर पूरी तरह बदल आयुष मलिक का लुक.

आयुष बोले- 2012 में पूरी तरह से इस्लाम अपनाया 

करोड़पति दवा कारोबारी देवराज मलिक के बेटे आयुष का कहना है कि वह स्कूल के समय से ही इस्लाम के बारे में सीखता आ रहा है. साल 2012-13 में उसने पूरी तरह से इस्लाम धर्म को अपना लिया था. वह पांच टाइम की नमाज पढ़ने के साथ-साथ अन्य सभी नियम-कायदों का पालन कर रहा है.

उसने कहा- इस्लाम कबूल करने के लिए उसने अपने दिल की बात सुनी. किसी ने उसका ब्रेनवॉश नहीं किया. चांदनी कुरैशी का इससे कोई लेना देना नहीं है. आयुष ने कहा कि उसने अपने घरवालों को धर्म बदलने की बात नहीं बताई थी, फरवरी 2026 में उन्हें इसकी जानकारी लगी तो उन्होंने नाराजगी जताई थी. 
पांच टाइम की नमाज पढ़ता है आयुष मिलक उर्फ मोहम्मद अली.

पांच टाइम की नमाज पढ़ता है आयुष मलिक उर्फ मोहम्मद अली.

चांदनी कुरैशी 5 साल पहले लाइफ में आई, उसने कुछ नहीं किया 

आयुष मलिक उर्फ मोहम्मद अली ने बताया कि चांदनी कुरैशी से उसकी मुलाकात पांच साल पहले हुई थी. उसके कंधे में चोट लगी थी और चांदनी फिजियोथैरेपिस्ट के यहां जॉब करती थी. इलाज के दौरान उससे मेरी जान-पहचान हुई, फिर हम बात एक दूसरे से बात करने लगे. उस समय मैं इस्लाम को फॉलो कर रहा था. एक साल बाद यानी चार साल पहले हमने शामली की एक मस्जिद में निकाह कर लिया. इस्लाम फॉलो करने में चांदनी, उसके परिवार या किसी और की कोई भूमिका नहीं है. 

करोड़पति कारोबारी देवराज मलिक ने दर्ज कराया केस.

करोड़पति कारोबारी देवराज मलिक ने दर्ज कराया केस.

परिवार छोड़ सकता है, मैं इस्लाम नहीं छोडूंगा 

आयुष ने कहा कि उसने चांदनी से निकाह करने के लिए इस्लाम नहीं अपनाया था. वह इस्लाम को दिल से मानता है. अब उस पर परिवार वाले हिंदू धर्म में वापस आने के लिए दबाव बना रहे हैं, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकता. परिवार उससे दूर जाता है तो भी वह इस्लाम नहीं छोड़ेगा. कितना भी दबाव बनाया जाए, वह इस्लाम में ही रहेगा. 
शामली पुलिस ने चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार किया.

शामली पुलिस ने चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार किया.

जेल में चांदनी कुरैशी और उसके पिता 

बता दें कि करोड़पति दवा कारोबारी देवराज मलिक की बेटे आयुष मलिक के धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने आयुष उर्फ मोहम्मद अली की पत्नी चांदनी कुरैशी और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है. लेकिन, आयुष मलिक का बयान उसके परिवार के आरोप से पूरी तरह अलग है. हालांकि, सच क्या है यह तो जांच के बाद ही सामने आएगा. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com