पश्चिम बंगाल के चुनावों में मिली हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं. 60 से ज्यादा विधायकों के बागी होने के बाद तृणमूल के 20 सांसदों ने भी बगावत कर दी है. और तो और, नगर निगम में भी ममता बनर्जी को बड़ा झटका लगा है.
खबर है कि कोलकाता के मेयर रहे फिरहाद हकीम के इस्तीफे के बाद अब राज्यपाल कोलकाता नगर निगम (KMC) में एडमिनिस्ट्रेटर को नियुक्त कर दिया है. गवर्नर आरएन रवि ने KMC की कमिश्नर स्मिता पांडे को एडमिनिस्ट्रेटर नियुक्त किया है. इसका मतलब हुआ कि अब कोलकाता नगर निगम (KMC) को स्मिता पांडे ही हेड करेंगी.
ममता बनर्जी के लिए यह बड़ा झटका है. उनकी पार्टी अब कई मोर्चों पर टूटती जा रही है. बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने शनिवार को अपने सभी पार्षदों की मीटिंग बुलाई थी लेकिन दिल्ली में होने वाली 'INDIA' ब्लॉक की मीटिंग में जाने के लिए इसे कैंसिल कर दिया था. टीएमसी के 135 पार्षद हैं. इनमें 10 से ज्यादा जेल में बंद हैं. वहीं, कई सारे पार्षद टीएमसी से नाराज चल रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः राहुल की सफाई, DMK-AAP पर अखिलेश के सवाल, ममता के साथ CPI(ML)... 'INDIA' की बैठक में क्या-कुछ हुआ?
ममता बनर्जी के लिए क्यों है बड़ा झटका?
कोलकाता नगर निगम (KMC) पर टीएमसी का 2010 से कब्जा था. मतलब राज्य में टीएमसी सरकार बनने से पहले से टीएमसी का यहां कब्जा था.
16 सालों से KMC में टीएमसी का राज था. नवंबर 2018 में फिरहाद हकीम कोलकाता के मेयर बने थे. वह आजादी के बाद कोलकाता के पहले मुस्लिम मेयर थे. कोलकाता के मेयर बनने के बाद फिरहाद हकीम पार्टी के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक बनकर उभरे थे. फिरहाद हकीम को ममता बनर्जी का करीबी भी माना जाता था.
फिरहाद हकीम के इस्तीफे के साथ ही KMC पर से भी टीएमसी का राज खत्म हो गया. हकीम ने 5 जून को मेयर पद से इस्तीफा दे दिया था.
यह भी पढ़ेंः बंगाल के बाद दिल्ली में भी टूट गई TMC... 20 सांसदों ने बनाया अलग गुट, NDA को समर्थन का ऐलान
ऋतब्रत बनर्जी से मुलाकात की चर्चा तेज
फिरहाद हकीम के टीएमसी के बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी से मुलाकात करने की भी चर्चा है. न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, हकीम ने सोमवार को विधानसभा में ऋतब्रत बनर्जी से उनके केबिन में मुलाकात की थी. हकीम को बागी गुट के ही नेता संदीपन साहा के साथ ऋतब्रत बनर्जी के केबिन में जाते हुए देखा गया था.
यह भी पढ़ेंः मीटिंग तो कर लेगा, लेकिन इन चुनौतियों से कैसे पार पाएगा ‘INDIA' ब्लॉक? समझिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं