- IMD द्वारा दी गई गई जानकारी के अनुसार केरल तट से टकराने के बाद 72 घटे में मॉनसून 11 राज्यों में पहुंच चुका है.
- अगले 7 दिन केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र सहित पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना है.
- लेकिन दिल्ली-यूपी में फिर से गर्मी का दौर लौट आया है. जानें उत्तर भारत में मॉनसून कब तक दस्तक देगा?
Monsoon Update: केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश जैसे दक्षिण भारतीय राज्यों में इन दिनों झमाझम बारिश का दौर जारी है. 4 जून को केरल तट से टकराने के बाद मॉनसून इन राज्यों को कवर कर चुका है. इस कारण यहां जमकर बारिश हो रही है. दक्षिण भारतीय राज्यों के साथ-साथ नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी मॉनसून की बारिश शुरू हो गई है. IMD द्वारा दी गई गई जानकारी के अनुसार केरल तट से टकराने के बाद 72 घटे में मॉनसून 11 राज्यों में पहुंच चुका है. अगले 7 दिन केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तरपूर्वी भारत में भारी बारिश की संभावना है. रविवार को महाराष्ट्र के सांगली सहित कई जिलों में भी जमकर बारिश हुई. यहां सड़कों पर जलजमाव तक हो गया. लेकिन दिल्ली, यूपी, बिहार, हरियाणा जैसे राज्यों में फिर से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है.
दिल्ली-यूपी में फिर पड़ रही प्रचंड गर्मी
दिल्ली में रविवार को भी प्रचंड गर्मी पड़ी. आज सोमवार को भी सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकल चुकी है. मौसम विभाग की माने तो दिल्ली में आज भी पारा 41 के पार जा सकता है. यूपी में भी भीषण गर्मी पड़ रही है. IMD पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-यूपी सहित उत्तर भारत में मॉनसूनी बारिश के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है.
दिल्ली में आज 42 डिग्री जा सकता है पारा
दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने सोमवार को आमतौर पर आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है. विभाग ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की उम्मीद जताई है. शाम 5.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 31 प्रतिशत दर्ज की गई.
दैनिक मौसम परिचर्चा (07.06.2026)
— India Meteorological Department (@Indiametdept) June 7, 2026
दक्षिण-पश्चिम मानसून आज 7 जून, 2026 को पश्चिम मध्य और संपूर्ण उत्तरपूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, संपूर्ण नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में… pic.twitter.com/2u5Dunz8IO
दिल्ली-यूपी कब तक पहुंचेगा मॉनसून
प्रचंड गर्मी से परेशान दिल्ली-यूपी के लोग मॉनूसन का इंतजार कर रहे हैं. मौसम विभाग की ताजा अपडेट के अनुसार दिल्ली-यूपी में मॉनसून के लिए अभी कम से दो हफ्ते और इंतजार करना पड़ेगा. IMD के अनुसार दिल्ली में 25 जून तक मॉनसून पहुंचेगा. यूपी में 20 जून तक प्रवेश करेगा. लेकिन पूरा यूपी कवर करने में इसे कम से कम 5 दिन लगेगा.
अभी कहां है मॉनसून (Monsoon Tracker)
IMD ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने रविवार को उत्तरपूर्वी भारत में पूरे नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम को कवर कर लिया. साथ ही, असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में कई जगहों पर मॉनसून की बारिश शुरू हो गयी है.
भारत मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मॉनसून पिछले 72 घंटे में 11 राज्यों में पहुंच चुका है -- केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश. इन सभी राज्यों में मॉनसून की बारिश रिकॉर्ड की जा रही है.
रविवार को IMD द्वारा जारी मॉनसून ट्रैकर.
Photo Credit: PTI
अगले 7 दिन इन राज्यों में भारी बारिश
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मॉनसून की वजह से अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तरपूर्वी भारत में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) होने की प्रबल संभावना है. साथ ही, 8 से 10 जून के बीच कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की भी संभावना है.
कर्नाटक में कई जिलों में भारी बारिश, रेड अलर्ट जारी
कर्नाटक में दक्षिण-पश्चिम मानसून के कारण बारिश तेज होने के साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को तटीय जिलों दक्षिण कन्नड़ और उडुपी में सोमवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया. आईएमडी के यहां स्थित केंद्र के अनुसार, मंगलवार को पांच जिलों (दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर कन्नड़, चिक्कमगलुरु और शिवमोग्गा) के लिए रेड अलर्ट लागू रहेगा.
आईएमडी ने बताया कि बुधवार के लिए सात जिलों (उडुपी, उत्तर कन्नड़, चिक्कमगलुरु, शिवमोग्गा, बेलगावी, धारवाड़ और हावेरी) के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी ने एक बयान में कहा कि संबंधित जिलों के लिए चेतावनी विशेष दिनों में सुबह 8:30 बजे से 24 घंटे तक लागू रहेगी. रेड अलर्ट का मतलब 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक की भारी बारिश से है.

पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान में कुछ जगहों पर हुई बारिश
राजस्थान के कुछ स्थानों पर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार सुबह बारिश हुई. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी. विभाग ने बताया कि टोंक जिले के वनस्थली में 24 घंटे की अवधि में सर्वाधिक 93.5 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार, अलवर में 22.2 मिमी और बीकानेर में 14.6 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि कुछ स्थानों पर दो मिमी या उससे कम वर्षा हुई.
रविवार को मौसम अधिकांशतः शुष्क रहा. इस बीच, श्रीगंगानगर रविवार को राजस्थान का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, फलौदी में तापमान 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 43.9 डिग्री, बाड़मेर में 43 डिग्री, चूरू में 42.4 डिग्री, जोधपुर में 41.5 डिग्री और बीकानेर में 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया कि सोमवार से पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों पर तापमान में वृद्धि होगी और लू चल सकती है.
यह भी पढ़ें - बिहार 27 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट, IMD ने बताया कब तक होगी मानसून की दस्तक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं