विज्ञापन

दौड़ती बाइक के सामने आना पड़ा भारी, SP ने लातूर ट्रैफिक कांस्टेबल को किया सस्पेंड

चलती बाइक के सामने ट्रैफिक कांस्टेबल आ गया था, जिससे बाइक सवार युवक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वो सड़क पर गिर पड़ा. इस घटना के बाद एसपी ने कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है.

महाराष्ट्र के लातूर में बिना हेलमेट बाइक सवार को गलत तरीके से रोकने वाले ट्रैफिक कांस्टेबल पर गाज गिरी है. एसपी अमोल तांबे ने ट्रैफिक कांस्टेबल शरद कांदे को सस्पेंड कर दिया है. यह घटना 7 जून की है. लातूर ट्रैफिक पुलिस के कांस्टेबल शरद कांदे मिनी मार्केट क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने बिना हेलमेट पहने एक बाइक सवार को गलत और खतरनाक तरीके से रोकने का प्रयास किया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

चलती बाइक के सामने आया था कांस्टेबल

वीडियो के  अनुसार, ट्रैफिक कांस्टेबल शरद कांदे ने बिना हेलमेट पहने एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया. हालांकि बाइक सवार नहीं रुका जिसके बाद कांस्टेबल शरद कांदे अचानक बाइक के सामने आ गए. पुलिसकर्मी के अचानक सामने आने से बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सीधे सड़क के डिवाइडर से जा टकराई, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा.

वीडियो वायरल होने के बाद कांस्टेबल पर गिरी गाज

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए लातूर के पुलिस अधीक्षक (SP) अमोल तांबे ने उप-विभागीय पुलिस अधिकारी समीरसिंह साळवे को इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए थे.

जांच के बाद निलंबन की कार्रवाई

उप-विभागीय पुलिस अधिकारी समीरसिंह साळवे ने मामले की जांच कर अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी. इस जांच रिपोर्ट में कांस्टेबल शरद कांदे को ड्यूटी में लापरवाही बरतने और गलत तरीके से वाहन को रोकने का दोषी पाया गया. रिपोर्ट के आधार पर एसपी अमोल तांबे ने कांस्टेबल को तुरंत निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का आदेश जारी कर दिया है.

(लातूर से विष्णु बुरगे की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: मुंबई जल संकट: अब OTP से मिलेगा पानी का टैंकर, चोरी रोकने के लिए BMC ला रही है नई डिजिटल नीति 

ये भी पढ़ें: सड़क पर थूकने से रोका तो ओला ड्राइवर ने बुजुर्ग को बुरी तरह पीटा, बीवी बचाती रही, वीडियो आया सामने

ये भी पढ़ें: सिद्धिविनायक मंदिर कॉरिडोर प्रोजेक्ट पर विवाद, पार्किंग को लेकर स्थानीय लोग व शिवसेना (UBT) नेता कर रहे विरोध

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Latur News, Maharashtra News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com