विज्ञापन

अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, धमाकों से दहले होर्मुज से लगे शहर, तेहरान का भी काउंटर अटैक

अमेरिका ने ईरान पर होर्मुज के पास उसके अपाची हेलीकॉप्टर को मार गिराने का आरोप लगाया है और इसके जवाब में हमला कर दिया है. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की ओर से दिया गया यह जवाब "बहुत मजबूत और बहुत जबरदस्त" है.

अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, धमाकों से दहले होर्मुज से लगे शहर, तेहरान का भी काउंटर अटैक
US Iran War: अमेरिका और ईरान में तनाव फिर चरम पर है
  • अमेरिका ने ईरान पर होर्मुज के पास उसके अपाची हेलीकॉप्टर को गिराने का आरोप लगाकर हमला कर दिया है
  • ईरान का दावा- उसने भी क्षेत्र में अमेरिकी सेना के ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है
  • अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की ओर से दिया गया यह जवाब "बहुत मजबूत और बहुत जबरदस्त" है.

मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर है और यह पूरा क्षेत्र 'बदलापुर' बन चुका है. अमेरिका ने ईरान पर होर्मुज के पास उसके अपाची हेलीकॉप्टर को गिराने का आरोप लगाकर हमला कर दिया है. जवाब में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने भी दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े पर ड्रोन से हमला किया है. ईरान के सरकारी मीडिया ने खबर दी है कि ईरान के सिरिक और मिनाब शहरों और केशम द्वीप पर धमाकों की आवाज सुनी गई है. बाद में बताया गया कि केशम द्वीप, बंदर अब्बास और जास्क काउंटी में भी धमाके हो रहे हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की ओर से दिया गया यह जवाब "बहुत मजबूत और बहुत जबरदस्त" है. उन्होंने ABC से फोन पर बात करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि जवाब देना बहुत जरूरी है. उन्होंने एक हेलिकॉप्टर को मार गिराया, और हम अभी उसका जवाब दे रहे हैं.”

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बाद में जानकारी दी कि ईरान के खिलाफ उसके हमले खत्म हो चुके हैं.

अमेरिका की डिजिटल न्यूज वेबसाइट “एक्सियोस” ने रिपोर्ट किया कि अमेरिकी सेनाओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास ईरान की कई एयर डिफेंस सिस्टम और रडार सिस्टम पर हमला किया है. इन हमलों के बाद ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने जवाबी कार्रवाई की धमकी दी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर लिखा, “युद्ध के मैदान में हार के बावजूद, अमेरिका ने हमारी दृढ़ता को परखने का फैसला किया है. हमारी शक्तिशाली सशस्त्र सेनाएं किसी भी हमले या धमकी का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ेंगी. अगर सुरक्षित रहना चाहते हैं तो हमारे क्षेत्र को छोड़ दो.”

अमेरिका का हेलीकॉप्टर गिरा और फिर ट्रंप की धमकी

अमेरिकी हमले उस समय हुए जब ट्रंप ने कुछ ही घंटे पहले कहा था कि मिडिल ईस्ट की जंग को खत्म करने की बातचीत अपने अंतिम चरण में है. हालांकि उन्होंने ऐसा दावा पिछले 64 दिन में कम से कम 38 बार किया है. लेकिन सोमवार को अमेरिकी सेना के अपाचे हेलीकॉप्टर को गिराए जाने के बाद, ट्रंप ने मंगलवार को दावा किया कि "ईरान ने ही इस हेलीकॉप्टर को मार गिराया है. इसमें दो पायलट शामिल थे, दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है. फिर भी, यूनाइटेड स्टेट्स को इस हमले का जवाब देना ही होगा." 

इसके बाद कमान अमेरिकी सेना ने संभाली.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि अमेरिकी सेनाओं ने “कमांडर इन चीफ के आदेश पर शाम 5 बजे (पूर्वी समय) आज ईरान के खिलाफ आत्मरक्षा में हमले शुरू किए” और “यह मिशन ईरान की अनुचित आक्रामकता के जवाब में एक संतुलित प्रतिक्रिया है.” हमले के बाद सेंटकॉम ने जानकारी दी कि ईरान पर उसके हमले खत्म हो चुके हैं.

बता दें कि युद्ध कर रहे दोनों देशों के बीच एक कमजोर सा सीजफायर 8 अप्रैल से लागू है, लेकिन हमले रुके नहीं हैं. बीते वीकेंड पर लगा कि फिर से खुली जंग शुरू हो जाएगी जब ईरान और इजरायल ने फिर से एक-दूसरे पर हमले शुरू किए. बाद में दोनों पक्षों ने हमले रोकने की घोषणा की.

यह भी पढ़ें: 'डील बस होने वाली है', ट्रंप ने 38 बार किया दावा, लेकिन ईरान के साथ समझौता अब भी दूर की कौड़ी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Attack On Iran, US Iran War, US Strike On Iran
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com