विज्ञापन
20 days ago

NDA Meeting in New Delhi to celebrate PM Modi's 12 years of Govt LIVE: NDA नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा ने कहा कि आप सभी ने इस दिन को मेरे लिए सचमुच यादगार बना दिया है. मैं अभिभूत और बेहद आभारी हूं. 'चरैवेति, चरैवेति' (आगे बढ़ते रहो) के मंत्र का पालन करते हुए और इस राजनीतिक सफर में कई उतार-चढ़ाव देखते हुए, मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन यह मुकाम हासिल कर पाऊंगा. सबसे लंबे कार्यकाल तक चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार सेवा करने का मौका मिलना, मैं इसे अपना परम सौभाग्य मानता हूं.

PM मोदी ने कहा कि इस अवसर पर NDA परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया है. ये आप सबकी आत्मियता और उदारता है क्योंकि मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं. ये हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है. ये NDA के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है. इसलिए मैं इस प्रस्ताव को आप सभी को, भाजपा समेत हमारे NDA परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं.
 

NDA MEETING LIVE UPDATES:
 

भारत सेमी कंटक्टर इको सिस्टम पर इतना फोकस कर रहा : PM मोदी

PM मोदी ने कहा ने कहा कि एनर्जी, मिनरल्स, चिप, बैटरी स्टोरेज, स्पेस, ड्रोन, डेटा सेंटर्स, क्वांटम कॉम्प्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऐसे हर सेक्टर, हर तकनीक एक दूसरे से जुड़ी हुई है. ये एक दूसरे की पूरक है. भारत इनके लिए विदेशों पर निर्भर नहीं रह सकता क्योंकि ये भारत की आर्थिक और रणनीतिक, हर प्रकार की सुरक्षा से जुड़े विषय हैं और तभी भारत सेमी कंटक्टर इको सिस्टम पर इतना फोकस कर रहा है, तभी क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर मिशन बोर्ड पर काम चल रहा है.

मैं इस यात्रा को व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता, यह हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है : NDA कॉन्क्लेव में बोले PM मोदी

'NDA सरकार के 12 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए : NDA कॉन्क्लेव में बोले PM मोदी

आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है : NDA कॉन्क्लेव में बोले PM मोदी

आज देश में सरल और फेस लेस टैक्स सिस्टम है : PM मोदी

NDA नेताओं की बैठक में PM मोदी ने कहा कि कल के विकसित भारत की गारंटी है. आज का आकांक्षी भारत. आकांक्षी भारत के गर्भ में विकसित भारत पल रहा है. आज के भारत की आकांक्षाएं बड़ी हैं, सपने बड़े हैं इसलिए उसके संकल्प और लक्ष्य भी उतने ही बड़े हैं. देश की आकांक्षाओं का वाहक हमारा मध्यम वर्ग है, नींव मध्य वर्ग है. इसलिए हमारी सरकार मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने में लगी है. 2014 से पहले मध्यम वर्ग कानून की उलझनों का सबसे बड़ा शिकार हुआ करता था. जटिल टैक्स सिस्टम, आमदनी के सीमित स्रोत और टैक्स का बड़ा बोझ, ये सब सामान्य व्यक्ति के रोजमर्रा के जीवन की चुनौती होती थी. हमने मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं को समझा इसलिए आज 12 लाख रुपये तक की आमदनी पूरी तरह से टैक्स फ्री है. आज देश में सरल और फेस लेस टैक्स सिस्टम है. अच्छे इंफ्रास्ट्रक्चर से उनका जीवन आसान हुआ है.

2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल की है: PM मोदी

NDA नेताओं की बैठक में PM मोदी ने कहा कि आज दुनिया के बड़े-बड़े देशों की अर्थव्यवस्था संघर्ष कर रही है तब भी 2025-26 में भारत ने 7.7 प्रतिशत की ग्रोथ रेट हासिल की है और पिछला क्वाटर तो, जो 31 मार्च को खत्म हुआ है, उसमें भी भारत की ग्रोथ 7.8 प्रतिशत रही है. ये सफलता इतनी आसान नहीं है. हम आज दुनिया की तेज गति से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बन चुके हैं.

ये 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' और 'NDA ग्रोथ रेट' का अंतर है : PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि सवाल ये है कि अगर 12 साल में इतना कुछ हो सकता है तो फिर दशकों तक क्यों नहीं हुआ? ये 'कांग्रेस ग्रोथ रेट' और 'NDA ग्रोथ रेट' का अंतर है. एक व्यवस्था लोगों को इंतजार कराती थी. आज की व्यवस्था परिणाम दिखाती है. एक व्यवस्था काम अटकाती-भटकाती थी. आज की व्यवस्था कहती है, काम अभी होगा, समय पर होगा और बड़े पैमाने पर होगा और इसलिए 2014 से 2026 की कहानी केवल आंकड़ों की कहानी नहीं है, ये उस भारत की कहानी है जिसने पहली बार अपनी पूरी क्षमता के साथ दौड़ना तय किया है. 

कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था : PM नरेंद्र मोदी

PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि NDA के 12 वर्षों की एक बड़ी सफलता ये भी है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है. कांग्रेस ने देश को लाचारगी, बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था. देश को यही एहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे ही होता है, भारत में तेज विकास संभव ही नहीं है और बड़ी ही चतुराई से धीमी विकास को एक नाम दिया था, 'हिंदू ग्रोथ रेट' यानी कार्यशैली कांग्रेस की, दायित्व कांग्रेस का, विफलता कांग्रेस की. लेकिन कलंक देश की बड़ी हिंदू आबादी के नाम लगाया गया जबकि असल में इस कुसंस्कृति का नाम होना चाहिए था कांग्रेस ग्रोथ रेट. इस कांग्रेस ग्रोथ रेट में न सुशासन था, न नीति, न नीयत और ना निर्णय. पहली बार अटल जी के नेतृत्व में NDA सरकार आई तब जाकर हमें एक झलक दिखी कि विकास में गति कैसे आती है. लेकिन दुर्भाग्य से 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर में और कांग्रेस के शिकंजे में फंस गया. विकास तो दूर की बात है, देश को कांग्रेस ने एक के बाद एक हजारों करोड़ों रुपये के घोटालों में घसीट दिया. देश का भाग्य फिर तब बदला जब 2014 में NDA की सरकार बनी. देश ने देखा कि जब नीयत, नीति और निर्णय तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कैसी होती है.

जन-प्रतिनिधि के तौर पर हमें दिन-रात काम करना होगा : PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि जो लोग कल तक गरीब थे और अब 'नया मध्यम वर्ग' बन गए हैं, उन्हें हमें वापस पीछे नहीं जाने देना चाहिए. इसलिए, एक सरकार और जन-प्रतिनिधि के तौर पर हमें दिन-रात काम करना होगा. 140 करोड़ लोगों वाले इस देश ने हम पर जो उम्मीदें जताई हैं, उन्हें पूरा करने के संकल्प के साथ हमने पूरी कोशिश की है. हमें भारत के युवाओं, महिलाओं, मध्यम वर्ग और किसानों की आकांक्षाओं को पूरा करना होगा.

कांग्रेस के धोखे के बाद देश की जनता ने हम पर भरोसा जताया: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि कांग्रेस के धोखे के बाद देश की जनता ने हम पर भरोसा जताया. मुझे आज इस बात का संतोष और गर्व है कि NDA परिवार के तौर पर हमने देश के भरोसे को और मजबूत किया है. 2014 में उम्मीद का जो सूरज उगा था, वह आज नए आत्मविश्वास की किरण में बदल गया है. पहली बार भारत की जनता ने देखा है कि जब सही नीयत से सरकार चलाई जाती है, तो विकास भी तेजी से होता है. NDA सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों का गरीबी से बाहर आना यह दिखाता है कि हमारी नीतियां सही हैं और हमारी दिशा भी सही है.

NDA परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि साल 2014 में जब NDA की जीत हुई थी तब मैंने कहा था कि आज देश के सामान्य मानवी में एक नई आशा का उदय हुआ है. इस आशा का, इस उम्मीद का संरक्षण हम सभी का बहुत बड़ा दायित्व था. देश के लोगों ने कांग्रेस के विश्वासघात के बाद अपने भरोसा हमें सौंपा था. मुझे आज संतोष है, गर्व है कि NDA परिवार के तौर पर हमने देश के विश्वास को हमेशा और मजबूत किया है.

इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

 NDA नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज का दिन आप सभी ने मेरे लिए बहुत यादगार बना दिया है। मैं अभिभूत हूं, कृतज्ञ हूं। चरैवेति-चरैवेति के मंत्र का जाप करते हुए इस राजनीतिक यात्रा में अनेक उतार-चढ़ाव देखते हुए, एक दिन ये पड़ाव भी आएगा, मैंने कभी सोचा नहीं था। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का अवसर, इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं। आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया, इतना मान दिया, इसके लिए मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं।"

हमारे प्रिय नेता मोदी ने 62 वर्षों के रिकॉर्ड को आज तोड़ा है : अमित शाह

NDA की बैठक में अमित शाह ने कहा कि हमारे प्रिय नेता मोदी ने 62 वर्षों के रिकॉर्ड को आज तोड़ा है. आजादी के बाद के शुरुआती वर्षों में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं थी, तब आजादी का पूरा यश कांग्रेस के साथ था. लेकिन आज पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस के समय बार बार जनता द्वारा आशीर्वाद मिलना बताता है कि उनकी यात्रा लोकतांत्रिक स्वीकृति की भी यात्रा है. मोदी जी का कालखंड राजनीतिक स्थिरता, नीतियों के सृजन और उसका इंप्लीमेंटेशन, मजबूत विदेश नीति, देश के सम्मान से सुरक्षा न करने वाली रक्षा नीति के लिए स्वर्णाक्षरों में जाना जायेगा.

NDA Meeting LIVE Updates: कुछ ही देर में NDA की बैठक

NDA की बैठक कुछ ही देर में शुरू होने वाली है. इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम पहुंच चुके हैं, जहां सभी सहयोगी दलों के नेताओं के जुटने का सिलसिला जारी है. इस बैठक में गठबंधन की रणनीति और आगे की राजनीतिक दिशा पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है.

दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह NDA नेताओं की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचे

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एनडीए नेताओं की बैठक के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचीं

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एनडीए नेताओं की बैठक के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचे

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल एनडीए नेताओं की बैठक के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचे

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा एनडीए नेताओं की बैठक के लिए दिल्ली के भारत मंडपम पहुंचे

हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम इस बदलाव का हिस्सा हैं- हरदीप सिंह पुरी

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पीएम मोदी के12 साल पूरे होने पर कहा कि उन्होंने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम इस बदलाव का हिस्सा हैं. आज प्रधानमंत्री आम लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना में 4 करोड़ घर बनाए गए थे और अब हम 3 करोड़ अन्य आवास बनाने जा रहे हैं.

पीएम मोदी ने 4399 दिनों में देश को बदल दिया-मनसुख मंडाविया

केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि यह हमारे लिए बदलते भारत का एक नया दौर है. प्रधानमंत्री मोदी ने 4399 दिनों में देश को बदल दिया. देश में एक समय था जब जाति, वर्ग और समुदाय के आधार पर राजनीति होती थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के दौर ने परिपेक्ष्य बदल दिया.

कैबिनेट बैठक में पीएम-किसान योजना से किसानों के जीवन में आए बदलाव पर चर्चा

कैबिनेट बैठक में पीएम-किसान योजना से गुजरात के किसानों के जीवन में आए बदलाव पर चर्चा हुई. 

प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, इसी तरह भारत का नेतृत्व करते रहें-सुकांता मजूमदार

पश्चिम बंगाल के मंत्री सुकांता मजूमदार ने कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में आज का दिन बहुत विशेष है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है. हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि प्रधानमंत्री स्वस्थ रहें, इसी तरह भारत का नेतृत्व करते रहें और देश को विकसित भारत बनाने की राह पर आगे ले जाएं.

मालिनी अवस्थी ने पीएम मोदी को दी बधाई

गायिका मालिनी अवस्थी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर बधाई देते हुए कहा कि यह एक असाधारण उपलब्धी है. आज राष्ट्र स्वाभिमान के साथ खड़ा है, इसका पूरा श्रेय पीएम मोदी को जाता है. हर व्यक्ति को यह विश्वास है कि आपने संघर्ष किया है.

कैबिनेट बैठक में पीएम मोदी को खास सम्मान

मोदी कैबिनेट की बैठक सेवा तीर्थ में शुरू

मोदी कैबिनेट की बैठक सेवा तीर्थ में शुरू हो गई है, इस बैठक में सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर ताली बजाकर और खड़े होकर पीएम मोदी को खास सम्मान दिया.

पीएम मोदी का लंबे समय से प्रधानमंत्री रहना हमारे लिए सैभाग्य-पंकज चौधरी

यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर इसे सौभाग्य की बात बताया. उन्होंने कहा कि 12 साल में प्रधानमंत्री मोदी ने देश की कायाकल्प बदली है. हर क्षेत्र में लगातार काम हो रहा है.

यूपी की जनता की ओर से पीएम मोदी को बधाई-मंत्री जयवीर सिंह

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने पर जनता की ओर से उनको बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि अभी लंबे समय तक देश को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में प्रगति की राह सुनिश्चित करनी है.

जब संकल्प दृढ़ हो तो इतिहास बनता ही है-बांसुरी स्वराज

बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर कहा कि जब संकल्प दृढ़ हो तो इतिहास बनता ही है. प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे ज्यादा समय से निर्वाचित प्रधानमंत्री होने का रिकॉर्ड जो बनाया है, यह सेवा, सुशासन और संकल्प का पर्याय है. इसका श्रेय देश के वोटर्स को जाता है. 

12 साल पूरे होने पर पीएम मोदी का ट्वीट

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि जनसेवा ही सुशासन की सबसे बड़ी कसौटी है. विनम्रता, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ निरंतर कार्य करने वाला व्यक्ति ही जनविश्वास अर्जित करता है.

पीएम मोदी ने 12 साल में देश को ऊंचाइयों तक पहुंचाया-मंत्री राम कृपाल यादव

पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर बिहार सरकार में मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि पीएम मोदी का प्रधानमंत्री के रूप में अभी तक का सबसे बड़ा कार्यकाल बीता है. इन 12 सालों के अंतर्गत सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास के नारे के साथ देश ऊंचाइयों तक पहुंचा है.

नितिन नबीन ने झंडेवालान मंदिर में पीएम मोदी के लिए की पूजा

पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बीजेपी सांसद हर्ष मल्होत्रा ​​और बांसुरी स्वराज के साथ झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना की.

जेपी नड्डा ने पीएम मोदी के लिए बिरला मंदिर में की पूजा

पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बिरला मंदिर में पूजा-अर्चना की.

पीएम मोदी का नेतृत्व हमारे लिए वरदान-शिवराज

 केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं. उनका कार्यकाल लगातार जारी है. राष्ट्र हित उनके लिए सर्वोपरि है. वे जनता और आम आदमी के लिए दिन-रात काम करते हैं. उनका नेतृत्व हमारे लिए वरदान है. 

गिरिराज सिंह ने पीएम मोदी के लिए की हनुमान मंदिर में पूजा

 प्रधानमंत्री मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की.

सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी के लिए मंदिर में की पूजा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने पीएम मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के मौके पर  मंदिर में पूजा-अर्चना की.

पीएम नरेंद्र मोदी ने तोड़ा नेहरू का रिकॉर्ड

पीएम नरेंद्र मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड तोड़ दिया है.

3 घंटे तक चलेगी NDA की बैठक

बैठक करीब 3 घंटे तक यानी कि शाम 6 बजे तक चलेगी. बैठक में मोदी सरकार के सफल कामकाज पर प्रस्ताव पारित किया जाएगा. 

पीएम मोदी करेंगे बैठक की अध्यक्षता

बैठक की अध्यक्षता पीएम मोदी करेंगे. बैठक में बीजेपी के बड़े नेता, केंद्रीय मंत्री, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, NDA के सभी सहयोगी दल भी शामिल होंगे.

दिल्ली में आज एनडीए की बड़ी बैठक

दिल्ली में आज एनडीए की बड़ी बैठक होने जा रही है. बैठक की अध्यक्षता पीएम मोदी करेंगे.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
NDA Meeting, NDA Meeting Delhi, NDA Meeting In Delhi, PM Modi, Pm Modi 12 Years
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com