Meenakshi Natarajan Nomination Rejected: कांग्रेस पार्टी ने धरना खत्म कर दिया है. चुनाव आयोग के अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद यह धरना-प्रदर्शन खत्म हुआ. आज यानी बुधवार, 10 जून को सुबह 11: 00 बजे कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग से मिलेगा. इससे पहले कांग्रेसियों ने रात भर धरना जारी रखने का प्लान किया था और चुनाव आयोग के ऑफिस के बाहर गद्दे, भोजन की भी व्यवस्था की जाने लगी थी. हालांकि चुनाव आयोग के अधिकारियों से आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने धरना खत्म कर दिया.
आज 11 बजे आयोग से मलाकात करेंगे कांग्रेस नेता
कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन (Meenakshi Natarajan) का राज्यसभा नामांकन रद्द होने के बाद कांग्रेस की तरफ से दिल्ली से लेकर भोपाल तक धरना प्रदर्शन किया. दिल्ली में चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने केसी वेणुगोपाल, सचिन पायलट और जयराम रमेश जैसे नेताओं ने पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया, तो वहीं भोपाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार समेत कई वरिष्ठ नेता चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे और यहां देर रात तक धरना दिया. आयोग ने बुधवार दोपहर 11 बजे कांग्रेस नेताओं से मिलने का समय दिया है.

दिल्ली में मुख्य चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेता सचिन पायलट, महासचिव केसी वेणुगोपाल समेत कई वरिष्ठ नेता धरने पर बैठे.
बीजेपी ने जताई थी आपत्ति
मंगलवार शाम 6:30 बजे रिटर्निंग ऑफिसर ने बीजेपी की आपत्ति पर सुनवाई के बाद कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज कर दिया. बीजेपी का आरोप था कि उन्होंने हैदराबाद की अदालत में लंबित एक मामले की जानकारी अपने नामांकन पत्र में नहीं दी. दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला आया, जिसके बाद पूरे देश की राजनीतिक सियासत गरमा गई. बता दें कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज होते ही कांग्रेस विधायकों को लेकर बेंगलुरू जा रहा विमान रनवे से लौट आया.

भोपाल में मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग के सामने धरना दिया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भीमराव अंबेडकर की फोटो लेकर बैठे.

भोपाल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार समेत कांग्रेस नेता निर्वाचन आयोग के दफ्तर के सामने सड़क पर लेट गए. उन्होंने रात भर धरना जारी रखने का प्लान किया था.
ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव: नामांकन रद्द, हवा में लौटा विमान, विधानसभा में घमासान... एमपी में दिनभर चला सियासी संग्राम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं