मुंबई में गहराते जल संकट के बीच बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) पानी की कालाबाजारी और अवैध फेरों पर नकेल कसने के लिए एक बेहद सख्त और नई नीति तैयार कर रहा है. BMC के हाइड्रोलिक विभाग द्वारा तैयार की जा रही इस नई व्यवस्था के तहत अब मुंबई में पीने के पानी के लिए टैंकरों की बुकिंग पूरी तरह डिजिटल और वन-टाइम पासवर्ड यानी ओटीपी (OTP) आधारित होगी.
इस नई डिजिटल व्यवस्था के तहत हाउसिंग सोसायटियों या अन्य ग्राहकों द्वारा ऑनलाइन बुकिंग करते ही उनके पंजीकृत मोबाइल पर एक ओटीपी भेजा जाएगा. टैंकर चालकों को बीएमसी के निर्धारित 33 वाटर फिलिंग पॉइंट्स से पानी लेने के लिए उपभोक्ताओं से मिले इस वैध ओटीपी को दर्ज कराना होगा, जिसके बिना उन्हें पानी नहीं मिलेगा.
पानी की अवैध निकासी पर रोक लगाने का प्रयास
दरअसल, वर्तमान व्यवस्था में एक बार चालान या परमिट जारी होने के बाद टैंकरों द्वारा तय सीमा से अधिक पानी निकालने और अवैध रूप से कई चक्कर लगाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं. जल संकट के बीच इस कालाबाजारी से और समस्या बढ़ सकती थी, जिसके चलते बीएमसी ने नई कवायद शुरू की है.
ये भी पढ़ें- मुंबई में वाटर टैंकर एसोसिएशन की हड़ताल जारी, पानी की सप्लाई ठप, लाखों लोगों पर गहराया संकट
पानी में 10 फीसदी की कटौती
बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रक्रिया की रीयल-टाइम ट्रैकिंग के लिए एक नया डिजिटल डैशबोर्ड भी लॉन्च किया जाएगा, जो निगम के मौजूदा डिसिल्टिंग डैशबोर्ड की तरह काम करेगा. यह कड़ा कदम ऐसे समय में उठाया जा रहा है, जब मुंबई के जलाशयों में पानी का स्तर घटने के कारण शहर में पहले से ही 10 फीसदी पानी की कटौती लागू है.
ये भी पढ़ें- मुंबई में गहराएगा जल संकट: 7 जून की आधी रात से निजी वॉटर टैंकर ऑपरेटरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
मुंबई वाटर टैंकर एसोसिएशन हड़ताल पर
उधर, केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (CGWA) ने निजी कुओं और बोरवेल से पानी निकालने के लिए 7 दिनों के भीतर नया एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) लाने का सरकारी आदेश जारी किया है. इसके नहीं होने पर जुर्माने का भी चेतावनी दी गई है. इस आदेश के विरोध में मुंबई वाटर टैंकर एसोसिएशन (MWTA) ने 7 जून 2026 की रात से हड़ताल का ऐलान किया है. यह हड़ताल अभी जारी है, इससे मुंबई की हाउसिंग सोसायटियों, होटलों, अस्पतालों, झुग्गी बस्तियों और बड़े कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स में पानी की किल्लत शुरू हो गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं