विज्ञापन

झालमुड़ी का स्वाद और यूपी का सियासी गणित, PM मोदी के साथ निषाद-राजभर, सपा के PDA मॉडल को काटने की तैयारी

PM मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर NDA के नेता दिल्ली पहुंचे. इस दौरान यूपी के पिछड़े वर्ग के बड़े नेताओं के साथ PM मोदी की मौजूदगी ने एक बड़ा संदेश दिया.

झालमुड़ी का स्वाद और यूपी का सियासी गणित, PM मोदी के साथ निषाद-राजभर, सपा के PDA मॉडल को काटने की तैयारी
पीएम मोदी से मिले संजय निषाद और ओपी राजभर
NDTV
नई दिल्ली:

केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल के 12 साल पूरे हो गए हैं. इसी के साथ पीएम मोदी ने सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड भी बना लिया है. इस अवसर पर बुधवार को दिल्ली में एनडीए की बैठक बुलाई गई. इस बैठक में हिस्सा लेने एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी झालमुड़ी खाते दिखे. पीएम के साथ यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद भी दिखे. अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पीएम के साथ इन दोनों नेताओं का होना खास संदेश भी देता है.

आगामी यूपी चुनाव को लेकर NDA की रणनीति

उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. 2017 से ही यूपी में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार है. 2027 के चुनाव के लिए भी बीजेपी ने अपनी रणनीति बनाना शुरू कर दी. आज दिल्ली में मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर पीएम मोदी के साथ संजय निषाद और ओपी राजभर दिखे. यूपी विधानसभा चुनाव से पहले पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग के इन दो बड़े सहयोगियों निषाद पार्टी और सुभासपा के साथ पीएम मोदी का यह तालमेल बीजेपी और एनडीए के लिए कई खास संदेश देता है.

Latest and Breaking News on NDTV

समाजवादी पार्टी के PDA मॉडल को बड़ी चुनौती

समाजवादी पार्टी यूपी में प्रमुख विपक्षी दल है. 2024 के लोकसभा चुनाव में भी अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा ने यूपी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया. सपा ने लगातार अपने 'पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक' (PDA) गठजोड़ और सोशल इंजीनियरिंग के फॉर्मूले पर काम कर रही है. इसका फायदा भी सपा को हो रहा है. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले एनडीए अपने अति पिछड़े वर्ग के मजबूत चेहरों को आगे रख रहा है.

अति पिछड़ा वोट बैंक पर NDA का फोकस

उत्तर प्रदेश की राजनीति में राजभर और निषाद समुदाय का कई सीटों पर निर्णायक प्रभाव है. इनके शीर्ष नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ सीधी तरजीह देना इस बात का संकेत है कि बीजेपी अपने कोर ओबीसी और एमबीसी मतदाताओं को एकजुट रखने पर फोकस कर रही है. एनडीए यह भी संदेश दे रहा है कि वह क्षेत्रीय दलों और उनके नेताओं को गठबंधन में पूरा सम्मान और महत्व देता है.

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के 12 साल: कितनी अलग है नेहरू और मोदी की विदेश नीति, कितना आया है बदलाव

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pm Modi  BJP, Pm Modi 12 Years, OP Rajbhar, Sanjay Nishad, UP Election
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com