विज्ञापन

आज की 10 सबसे बड़ी खबरें: पटना एनकाउंटर से शेयर बाजार के गिरने तक, रामायण ने पहले दिन कितना कमाया

पटना में तीन अपराधी एनकाउंटर में ढेर, झारखंड में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत, बेंगलुरु में सामूहिक हत्याकांड, अमेरिका में बाजार धड़ाम और फ्रांस में लाखों लोगों का प्रदर्शन.पढ़िए 6 नवंबर 2026 की 10 बड़ी खबरें.

आज की 10 सबसे बड़ी खबरें: पटना एनकाउंटर से शेयर बाजार के गिरने तक, रामायण ने पहले दिन कितना कमाया
आज की 10 बड़ी खबरें: पटना एनकाउंटर, झारखंड हादसा, शेयर बाजार और फ्रांस प्रदर्शन समेत प्रमुख खबरें पढ़िए
NDTV
  • पटना में बड़ा एनकाउंटर, पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के 3 आरोपी ढेर
  • अमेरिका में बाजार धड़ाम, आज सेंसेक्स-निफ्टी पर भी दबाव के संकेत
  • रामायण की धमाकेदार शुरुआत, पहले दिन इतने करोड़ की कमाई

पटना में एनकाउंटर- पैक्स अध्यक्ष की हत्या के आरोपी 3 अपराधी ढेर

पटना के दानापुर-मनेर इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन आरोपी मारे गए. मृत आरोपियों की पहचान जेपी यादव, बबलू कुमार और राजा (राजेश) शर्मा के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी पैक्स अध्यक्ष की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी जेपी यादव अपने साथियों के साथ मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर गंगा घाट के पास मौजूद है. अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी. करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में दोनों ओर से लगभग 30 राउंड गोलियां चलीं. अपराधियों की गोली लगने से मनेर थाना प्रभारी (SHO) रजनीश कुमार घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों आरोपी ढेर हो गए. पुलिस का कहना है कि मारे गए अपराधियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी जेपी यादव भी शामिल है.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : पटना में 3 अपराधियों का एनकाउंटर, मनेर में गंगा घाट के पास सुबह-सुबह बड़ा एक्शन

झारखंड के खूंटी में ट्रक ने 7 लोगों को रौंदा

झारखंड के खूंटी देर रात एक सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हो गई. हादसा कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर पोड़ा के पास जोने-लुदरू मोड़ के निकट हुआ. NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 9:45 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के पास झाड़ियों में गिर गया था. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, स्कूटी सवार की मदद और हाल जानने के लिए मौके पर जुट गए. इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 पहियों वाले ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया. हादसे में चार महिलाओं और तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक के रूप में हुई है.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : हादसा देखने गए थे, हादसे का शिकार हो गए... झारखंड के खूंटी में ट्रक ने 7 लोगों को रौंदा, मातम में बदली दिवाली

चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसे में तीन ठेकेदार गिरफ्तार

दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में चार मंजिला इमारत गिरने के मामले में दो इंजीनियरों के सस्पेंड होने के बाद अब तीन ठेकेदारों को हरियाणा के फरीदाबाद से अरेस्ट किया गया है. ठेकेदारों की पहचान दिल्ली के अजमेरी गेट के रहने वाले सिराज,  ताजुद्दीन,  फुरकान के रूप में हुई है. इमारत बनाने का ठेका इन लोगों के पास ही है.तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी BNS की धारा 105 के तहत की गई है. इससे पहले असिस्टेंट इंजीनियर मो. नईम और जूनियर इंजीनियर अमन दलाल को लारवाही बरतने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : दिल्ली के चावड़ी बाजार बिल्डिंग हादसा मामले में एक्शन जारी, तीन ठेकेदार गिरफ्तार, दो इंजीनियर भी सस्पेंड

इरफान अंसारी के बयान पर बवाल- राहुल के इशारों पर 40 लाख छात्र सड़कों पर उतरने को तैयार

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया कि देश में 40 लाख युवा राहुल गांधी के एक संकेत का इंतजार कर रहे हैं और यदि प्रधानमंत्री ने हालात नहीं संभाले तो भारत की स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर हो सकती है. अंसारी ने कहा कि किसान, मध्यम वर्ग, दलित, आदिवासी, मुस्लिम और छात्र वर्ग सरकार से नाराज हैं. उन्होंने दावा किया कि लाखों युवा सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं, लेकिन राहुल गांधी ने अब तक उन्हें रोक रखा है. अंसारी के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इसे 'अराजकता के लिए खुला आह्वान' बताया और आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतांत्रिक विरोध की आड़ में देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रही है.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : 'राहुल गांधी के एक इशारे पर 40 लाख युवा सड़कों पर उतरने को तैयार', कांग्रेस मंत्री के बयान पर BJP बोली यह खुली अराजकता

बेंगलुरु में शख्स ने अपनी पत्नी समेत ससुराल पक्ष के 7 लोगों की हत्या

बेंगलुरु से सामूहिक हत्या का मामला सामने आया है. कैब चालक इंदुशेखर पर अपनी पत्नी और उसके परिवार के छह अन्य सदस्यों की हत्या का आरोप है. NDTV को पुलिस की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के कारण आरोपी ने कथित तौर पर यह वारदात पहले से योजना बनाकर अंजाम दी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि राजाजीनगर के पास रहने वाले इंदुशेखर की अपनी पत्नी सुनीता से अक्सर पारिवारिक मुद्दों को लेकर अनबन होती थी. आरोपी को पत्नी के अपनी मां और भाइयों से लगातार संपर्क रखने पर आपत्ति थी और वह मानता था कि पत्नी का परिवार उसके वैवाहिक जीवन में दखल दे रहा है.

अमेरिका समेत दुनियाभर के बाजार धड़ाम, इन 3 वजहों से भारतीय बाजार में कमजोरी के संकेत

अमेरिकी और एशियाई शेयर बाजारों में आई भारी गिरावट का असर शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी देखने को मिल सकता है. गिफ्ट निफ्टी करीब 175 अंक की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहा है, जिससे निफ्टी और सेंसेक्स की कमजोर शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं. वैश्विक बाजारों में बिकवाली की मुख्य वजह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट रही. अमेरिका में नैस्डैक कंपोजिट 5.52% टूट गया, जो पिछले 19 महीनों की सबसे बड़ी एकदिनी गिरावट है. वहीं टेक शेयरों पर केंद्रित नैस्डैक-100 में 6.3% की गिरावट दर्ज की गई, जिससे करीब 2.3 लाख करोड़ डॉलर की बाजार पूंजी साफ हो गई.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : Share Market Crash: अमेरिका समेत दुनियाभर के बाजार धड़ाम, इन 3 वजहों से भारतीय बाजार में कमजोरी के संकेत, क्‍या AI बबल फूटेगा?

फ्रांस में 16 लाख लोग सड़क पर उतरे, पेरिस में पुलिस-प्रदर्शनकारी भिड़े

फ्रांस में बढ़ती महंगाई, वेतन वृद्धि की मांग और सार्वजनिक सेवाओं में कटौती के विरोध में देशव्यापी हड़ताल और प्रदर्शन हुए. राजधानी पेरिस में नेशन स्क्वायर पर झांकियों, आतिशबाजी और फ्लेयर्स के बीच विशाल रैली आयोजित की गई, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए। हालांकि रैली समाप्त होने के बाद कुछ स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़पें भी हुईं. यूनियनों ने दावा किया कि पूरे फ्रांस में 16 लाख लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया, जबकि सरकार ने यह संख्या करीब 5.75 लाख बताई. यह आंदोलन फ्रांस में बढ़ते सामाजिक और आर्थिक असंतोष का नया संकेत माना जा रहा है.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : झांकियां, पटाखे और उग्र प्रदर्शन; फ्रांस में 16 लाख लोग सड़क पर उतरे, पेरिस में पुलिस-प्रदर्शनकारी भिड़े

ट्रंप कैबिनेट से इस्तीफा, राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी; क्या करने वाले हैं मार्कों रुबियो? खुद बताया प्लान

अमेरिकी विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मार्को रुबियो ने उन खबरों का खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि वह ट्रंप प्रशासन छोड़कर 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी कर रहे हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए इंटरव्यू में रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक प्रशासन में बने रहना उनकी योजना है. उन्होंने 2028 के चुनाव पर कोई टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि वह अब इस विषय पर बात नहीं करना चाहते.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : ट्रंप कैबिनेट से इस्तीफा, राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी; क्या करने वाले हैं मार्कों रुबियो? खुद बताया प्लान

तन्वी पात्री ने यूथ ओलंपिक गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास

यूथ ओलंपिक खेलों में बैडमिंटन ओडिशा की 15 वर्षीय तन्वी सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं. फाइनल मुकाबले में 10-19 से पिछड़ने के बाद तन्वी पात्री ने शानदार वापसी की और पांच मैच पॉइंट बचाए, लेकिन अंत में उन्हें चीन की झांग यी शिन के हाथों बेहद करीबी हार का सामना करना पड़ा. तन्वी ने एशियन U15 और U17 खिताब भी जीते हैं. उन्होंने सेनेगल में हुए यूथ ओलंपिक गेम्स में सेमीफाइनल जीतकर मेडल हासिल किया था.

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : तन्वी पात्री ने यूथ ओलंपिक गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास, भारत की पहली महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनीं

रामायण बॉक्स ऑफिस कलेक्शन: राम का रामायण पर आशीर्वाद, पहले दिन बनी 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर

रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और रवि दुबे स्टारर रामायण 5 नवंबर को वर्ल्डवाइड सिनेमाघरों में रिलीज हुई. यह 2026 की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में से एक है. फिल्म को सोशल मीडिया पर मिक्स रिव्यू मिला. जबकि NDTV ने रामायण को 2.5 स्टार्स दिए. इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग में ही 100 करोड़ की कमाई हासिल कर ली थी. लेकिन अब पहले दिन का कलेक्शन आ गया है, जो 50 करोड़ ओपनिंग का है. इसी के साथ रामायण 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर बन गई है. 

पूरी खबर विस्तार से पढ़ें : Ramayana Box Office Collection Day 1: राम का रामायण पर आशीर्वाद, पहले दिन बनी 2026 की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top News, Top 10 News Today, Today Top 10 News, Patna Encounter, France Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com