पंजाब के मोगा में आयोजित आम आदमी पार्टी की ‘खुशहाल पंजाब' महारैली में भारी भीड़ उमड़ी. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया कि रैली में करीब दो लाख लोग शामिल हुए, जो उनकी सरकार की ‘काम की राजनीति' पर जनता की मुहर है. रैली के मंच से उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल भी फूंक दिया. मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह विशाल जनसमूह एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश देता है कि पंजाब पुराने खोखले वादों से आगे निकल चुका है और अब विकास, तरक्की और खुशहाली को चुन रहा है. 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर इस रैली के जरिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने चुनावी बिगुल भी बजाया और पंजाब के लोगों का उनके अथाह प्यार व भरोसे के लिए धन्यवाद किया.
CM मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में किए गए वादों को धरातल पर उतारने का काम किया है. उन्होंने बताया कि राज्य के 90 प्रतिशत घरों को जीरो बिजली बिल का लाभ मिल रहा है, जबकि 77 हजार से अधिक युवाओं को बिना रिश्वत और पूरी पारदर्शिता के सरकारी नौकरियां दी गई हैं. उन्होंने कहा कि किसानों तक नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया गया है और कृषि क्षेत्र के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है.

स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पात्र परिवारों को 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि लाखों स्वास्थ्य कार्ड जारी किए जा चुके हैं और हजारों लोगों को महंगे इलाज का लाभ मिला है. साथ ही महिलाओं के लिए वित्तीय सहायता और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया.
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज पंजाब के लगभग 90 प्रतिशत घरों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं. यह कोई नारा या कागजी वादा नहीं है, बल्कि यह एक ऐसी राहत है जो आम परिवारों तक पहुंच रही है. जो पैसा लोग पहले बिजली के बिलों पर खर्च करते थे, अब वे अपने बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों और घर की अन्य जरूरतों पर खर्च कर सकते हैं.”
अकाली दल के नेतृत्व का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “पंजाब के लोग जानते हैं कि अकाली दल को कौन चला रहा है और सत्ता में रहते हुए इस पार्टी ने क्या किया है. सुखबीर सिंह बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया और अन्य अकाली नेताओं को जनता को जवाब देना होगा. पार्टी अपने नारे बदलकर या नए राजनीतिक समझौते करके जवाबदेही से भाग नहीं सकती.”
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने वर्षों तक पंजाब पर शासन किया, लेकिन राज्य की समस्याओं का समाधान नहीं कर सके. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले दल सत्ता में आने के बाद जनता को भूल जाते हैं. उन्होंने कहा कि अब ये सभी दल AAP सरकार के काम से घबराकर एकजुट होने की कोशिश कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने अकाली दल और भाजपा के संभावित राजनीतिक समीकरणों पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि मंत्री पद और सत्ता की राजनीति के लिए किसानों का भरोसा तोड़ा गया. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 8 दिसंबर को प्रस्तावित मोगा रैली का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा और उसके सहयोगियों से पंजाब के लिए किए गए कार्यों का हिसाब देने की मांग की.
रैली के दौरान भगवंत मान ने जनता से संवाद करते हुए जीरो बिजली बिल, स्वास्थ्य बीमा योजना और 2027 में दोबारा AAP सरकार बनाने को लेकर हाथ उठवाकर समर्थन भी लिया. उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर एक बार फिर आम आदमी पार्टी का साथ देगी.
ये भी पढ़ें : 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का सत्र, केंद्रीय मंत्री ने दी जानकारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं