विज्ञापन

ट्रंप कैबिनेट से इस्तीफा, राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी; क्या करने वाले हैं मार्कों रुबियो? खुद बताया प्लान

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप प्रशासन छोड़ने और 2028 राष्ट्रपति चुनाव लड़ने संबंधी खबरों को खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि ट्रंप का कार्यकाल पूरा होने तक प्रशासन में बने रहना उनकी योजना है.

ट्रंप कैबिनेट से इस्तीफा, राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी; क्या करने वाले हैं मार्कों रुबियो? खुद बताया प्लान
ट्रंप कैबिनेट से इस्तीफा, राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी... अटकलों पर मार्कों रुबियो ने खुद साफ की तस्वीर
@SecRubio
  • 2028 चुनाव की चर्चाओं के बीच मार्को रुबियो का बड़ा बयान
  • ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबरों को रुबियो ने बताया अफवाह
  • राष्ट्रपति पद की दावेदारी पर चुप, लेकिन ट्रंप के साथ रहने का किया ऐलान
वाशिंगटन:

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने उन खबरों को खारिज कर दिया है जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह ट्रंप प्रशासन छोड़ने और 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी पर विचार कर रहे हैं. अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं. हालांकि रुबियो ने साफ कहा कि ट्रंप प्रशासन में बने रहना ही उनकी योजना है. उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल वह 2028 के चुनाव को लेकर कोई चर्चा नहीं करना चाहते.

ट्रंप प्रशासन छोड़ने की खबरों का खंडन

अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स को दिए एक साक्षात्कार में मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के अंत तक प्रशासन में काम करना 'हमेशा से उनकी योजना' रही है. उन्होंने उन रिपोर्टों को भी खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि वह ट्रंप प्रशासन से बाहर निकलने पर विचार कर रहे हैं. रुबियो ने कहा, 'सच कहूं तो मुझे नहीं पता ऐसी बातें कहां से आती हैं.'

2028 के चुनाव पर बोलने से किया इनकार

मार्को रुबियो को लंबे समय से 2028 के राष्ट्रपति चुनाव के संभावित रिपब्लिकन दावेदारों में गिना जाता है. हालांकि उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, 'मैं 2028 के बारे में अब बिल्कुल बात नहीं करूंगा.' रुबियो ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान वर्तमान जिम्मेदारियों पर है.

'मुझे अपना काम पसंद है'

न्यूयॉर्क टाइम्स से बातचीत के दौरान रुबियो ने कहा कि उन्हें अपना काम पसंद है और प्रशासन छोड़ने की बातें उन्हें हैरान करती हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'जब लोग कहते हैं कि वह अपना पद छोड़ने वाले हैं तो मैं पूछता हूं, कौन-सा पद?'

विदेश मंत्री के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी

मार्को रुबियो ट्रंप प्रशासन में दो महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा रहे हैं. वह अमेरिका के विदेश मंत्री होने के साथ-साथ राष्ट्रपति ट्रंप के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी हैं. रिपोर्टों के अनुसार, मिडटर्म चुनावों से ठीक पहले वह चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप के साथ मंच पर भी नजर आए थे. एक रैली में उन्होंने समर्थकों की भीड़ को संबोधित भी किया था. इसी वजह से उनके राजनीतिक भविष्य और संभावित राष्ट्रपति पद की दावेदारी को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं.

ब्लूमबर्ग रिपोर्ट के बाद चला अटकलों का दौर

इससे पहले ब्लूमबर्ग न्यूज ने एक रिपोर्ट में दावा किया था कि रुबियो ट्रंप प्रशासन छोड़ने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उन्होंने व्हाइट हाउस के अधिकारियों से पद छोड़ने की संभावना पर चर्चा की थी और उन्हें प्रशासन में बने रहने के लिए कहा गया था. हालांकि इन दावों का अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने जोरदार खंडन किया.

विदेश मंत्रालय का जवाब

ग्लोबल पब्लिक अफेयर्स के सहायक विदेश मंत्री डिलन जॉनसन ने ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट को 'पूरी तरह मनगढ़ंत' बताया. उन्होंने द इंडिपेंडेंट की उस रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि रुबियो 2028 में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की दावेदारी शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं. जॉनसन ने उस रिपोर्ट को 'पूरी तरह निराधार फेक न्यूज' करार दिया.

जेडी वेंस के समर्थन की कर चुके हैं बात

मार्को रुबियो पहले यह कह चुके हैं कि यदि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस राष्ट्रपति पद की दौड़ में उतरते हैं तो वह उनका समर्थन करेंगे. जेडी वेंस को भी 2028 के संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवारों में शामिल माना जाता है.

यह भी पढ़ें : रुबियो की बातें कहीं ईरान पर नये हमले जल्द होने का इशारा तो नहीं!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Marco Rubio, Donald Trump, Trump Administration, US Politics, Presidential Race
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com