झारखंड के खूंटी जिले में बीती रात एक ट्रक ने कई लोगों को रौंद दिया. खूंटी कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार यहां एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क से झाड़ियों में गिर गया था. लोग उसे देखने के लिए जमा थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार 18 पहियों वाले ट्रक ने कई लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में 7 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी. रिपोर्ट की माने तो सभी एक ही परिवार के थे.
कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर बीती रात हुआ हादसा
धनतरेस से एक दिन पहले यह दर्दनाक हादसा खूंटी के कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर पोड़ा से पहले जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ. इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार महिलाएं और तीन बच्चें भी शामिल हैं. हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया है.
मृतकों में पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक शामिल हैं. हादसे में घायल खुशबू कुमारी का खूंटी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. सभी मृतक जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के रहने वाले थे.
स्कूटी सवार पुलिया से गिरा, देखने जुटे थे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9.45 बजे एक स्कूटी सवार जोने-लुदरू मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पुलिया के पास झाड़ियों में गिर गया था. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास की महिलाएं और बच्चे उसे देखने और मदद के लिए पुलिया के पास पहुंचे थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया.
6 लोगों की मौके पर ही हो गई मौत
हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. एक अन्य की मौत इलाज के दौरान हुई. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी मृतकों के शव और घायलों को खूंटी सदर अस्पताल लाया गया.
लोगों का आरोप- नशे में था ट्रक ड्राइवर
रात करीब 11:15 बजे इलाज के दौरान 12 वर्षीय सौरभ नायक ने भी दम तोड़ दिया. इसके साथ ही मृतकों की संख्या सात हो गई. घायल खुशबू कुमारी का अस्पताल में इलाज जारी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) का चालक नशे में था. वह तोरपा की ओर से काफी तेज रफ्तार और लापरवाही से कर्रा की तरफ जा रहा था. इसी दौरान सड़क किनारे जुटे लोगों को उसने कुचल दिया. हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए.
यह भी पढ़ें - जन सुराज के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता की मौत, ट्रेन यात्रा के दौरान हुए थे लापता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं