विज्ञापन

आज की 10 बड़ी खबरें: अनंत सिंह की बेटी की शादी में 25 लाख रसगुल्ले ! सपा-कांग्रेस में रार, ट्रंप का टैरिफ वार

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी, सपा के संभावित चुनावी वादे, इकरा हसन का कांग्रेस पर हमला, पंजाब चुनाव में BJP की नई रणनीति, ट्रंप का टैरिफ प्रस्ताव, वैभव सूर्यवंशी की बढ़ती ब्रांड वैल्यू समेत दिनभर की 10 बड़ी खबरें पढ़ें

आज की 10 बड़ी खबरें: अनंत सिंह की बेटी की शादी में 25 लाख रसगुल्ले ! सपा-कांग्रेस में रार, ट्रंप का टैरिफ वार

151 गाड़ियों की बारात, 4 लाख मेहमान और 25 लाख रसगुल्ले ! अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही इंतजाम

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी बिहार के नदवां गांव में शाही अंदाज में हो रही है. समारोह के लिए करीब 10 बीघा जमीन में विशाल पंडाल बनाया गया है, जबकि वीआईपी मेहमानों के लिए अलग विशेष व्यवस्था की गई है.दूल्हा ऋषिकेश 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात लेकर पहुंचे. शादी में करीब 4 लाख लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था का दावा किया गया है, जहां मेहमानों को 140 से ज्यादा व्यंजन परोसे जाएंगे. इसके लिए 25 लाख रसगुल्ले भी तैयार किए जा रहे हैं.शादी में सांसदों, मंत्रियों और अन्य वीआईपी मेहमानों की मौजूदगी रही, जिनमें से कई हेलिकॉप्टर से समारोह स्थल पहुंचे. जयपुर थीम पर बना जयमाला मंच भी आकर्षण का केंद्र रहा.

7 उम्मीदवारों के ऐलान के बाद अब मेनिफेस्टो की बारी, सपा का फोकस युवा और कर्मचारी वोट बैंक पर

समाजवादी पार्टी 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के लिए कर्मचारियों और युवाओं को केंद्र में रखकर बड़ा चुनावी दांव खेलने की तैयारी में है. गुरुवार को जारी होने वाले संभावित घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और सरकारी विभागों के खाली पद भरने जैसे बड़े वादे किए जा सकते हैं.सूत्रों के मुताबिक सपा नई भर्तियों में आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने, शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने और कर्मचारी संगठनों के चुनाव कराने जैसे ऐलान भी कर सकती है. सेवानिवृत्ति की आयु 65 वर्ष करने का वादा भी चर्चा में है. इन वादों के जरिए सपा एक साथ सरकारी कर्मचारियों, संविदाकर्मियों और नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं को साधने की कोशिश में है.
खबर विस्तार से पढ़ें: रिटायरमेंट की उम्र बढ़ेगी, ठेके वाले कर्मचारी पक्के होंगे और सारे खाली पद भरेंगे; सपा कर सकती है बड़े वादे

'राहुल गांधी हमारी वजह से नेता प्रतिपक्ष हैं'... इकरा हसन का कांग्रेस को दो टूक संदेश

यूपी में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान खुलकर सामने आने लगी है. कांग्रेस नेता इमरान मसूद के बयानों पर सपा सांसद इकरा हसन ने तीखा पलटवार किया है.इकरा हसन ने कहा कि कांग्रेस को अपनी मांगें तार्किक आधार पर रखनी चाहिए. सपा किसी भी हाल में अपने सिटिंग विधायकों वाली सीटें नहीं छोड़ेगी, जबकि कांग्रेस की जीती हुई और मजबूत कई सीटें उसे ऑफर की जा चुकी हैं.उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष बनने में सपा के समर्थन की अहम भूमिका रही है. इकरा ने कांग्रेस नेतृत्व से इमरान मसूद की बयानबाजी रोकने की भी अपील की और कहा कि गठबंधन मीडिया के जरिए नहीं, बातचीत की मेज पर तय होते हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: हमारे समर्थन से ही नेता विपक्ष हैं राहुल गांधी, हम आराधना मिश्रा की सीट मांग लें तो कैसा लगेगा: इकरा हसन

AAP से आए सांसदों पर BJP का बड़ा दांव, राघव-भज्जी समेत 6 नेताओं को पंजाब चुनाव में अहम जिम्मेदारी

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने आम आदमी पार्टी से आए राज्यसभा सांसदों पर बड़ा दांव लगाया है. पार्टी ने सात में से छह सांसदों को चुनाव प्रचार, संगठन और चुनाव प्रबंधन में अहम जिम्मेदारियां देने का फैसला किया है.संदीप पाठक को संगठनात्मक जिम्मेदारी के साथ विधायकों से संपर्क साधने की भूमिका दी गई है. वहीं राघव चड्ढा और हरभजन सिंह जैसे चेहरे चुनाव प्रचार में बीजेपी के बड़े स्टार प्रचारक बन सकते हैं.बीजेपी ने इन नेताओं को घोषणापत्र और चार्जशीट समितियों में भी जगह दी है. इससे साफ है कि पार्टी पंजाब चुनाव में AAP से आए नेताओं के अनुभव और नेटवर्क का पूरा इस्तेमाल करने की रणनीति पर काम कर रही है.
खबर विस्तार से पढ़ें: पंजाब चुनाव: AAP से आए सांसद BJP-अकाली के लिए करेंगे काम, चड्ढा, भज्जी, पाठक किसे मिली क्या जिम्मेदारी?

21 सदस्य, फिर भी हार गई कांग्रेस! चूरू में राजेंद्र राठौड़ की बहू ने पलट दिया पूरा खेल

राजस्थान के जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस ने 24 जिलों में जीत हासिल कर बढ़त बनाई, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा चूरू की सीट की हो रही है. यहां 39 सदस्यीय जिला परिषद में 21 सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस अपना जिला प्रमुख नहीं बना सकी. क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा उम्मीदवार और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह चुनाव जीत गईं. भाजपा के पास सिर्फ 17 सदस्य थे, फिर भी उसने कांग्रेस का गणित बिगाड़ दिया. इस जीत को राजेंद्र राठौड़ की राजनीतिक वापसी के तौर पर देखा जा रहा है. विधानसभा चुनाव में हार और राहुल कस्वां के कांग्रेस में जाने के बाद चूरू की राजनीति में यह नतीजा भाजपा और खासकर राठौड़ खेमे के लिए बड़ी प्रतिष्ठा वाली जीत माना जा रहा है.
खबर विस्तार से पढ़ें: नागौर में मिली BJP-कांग्रेस फिर भी RLP का बना प्रमुख, चूरू में बहुमत के बाद भी हारी कांग्रेस; 24 पर कांग्रेस, अब तक 9 पर BJP 

पासपोर्ट विवाद में घिरे सौरव दास. जन्म स्थान की जानकारी छिपाने के आरोप पर मिला कारण बताओ नोटिस

चेन्नई के क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) ने सौरव दास को उनके पासपोर्ट आवेदन में जन्म स्थान से जुड़ी गलत जानकारी देने और तथ्यों को छिपाने के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया है. कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के बाद 23 नवंबर को जारी किए गए इस नोटिस में सौरव दास से सात दिनों के भीतर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा गया है. पासपोर्ट विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के समय सही जानकारी देना अनिवार्य है और विसंगति पाए जाने पर ही ऐसा एक्शन लिया जाता है

करोड़ों की संपत्ति के लिए पति-बेटे को देती रही धीमा जहर? गाजियाबाद में पत्नी गिरफ्तार

गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक महिला पर अपने पति, बेटे और भांजे को कथित तौर पर धीरे-धीरे जहर देकर मारने की साजिश रचने का आरोप लगा है. पुलिस ने आरोपी रेणु भटनागर को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है. मामला तब सामने आया जब पति सुशील भटनागर की तबीयत लगातार बिगड़ने लगी. मेडिकल जांच में उनके शरीर में लेड पॉइजनिंग पाए जाने के बाद शक गहराया, क्योंकि डॉक्टरों के मुताबिक इतनी मात्रा में लेड का शरीर में पहुंचना सामान्य नहीं माना जाता.शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर साक्ष्य और मेडिकल रिपोर्टों की जांच की.
खबर विस्तार से पढ़ें: गाजियाबाद: 5-6 करोड़ की ट्रैवल एजेंसी और 2 करोड़ के इंश्योरेंस के लालच में पति, बेटे और भांजे को देती रही जहर, पत्नी गिरफ्तार

ट्रंप का नया टैरिफ वार! भारत समेत 7 देशों पर 25% तक अतिरिक्त शुल्क का प्रस्ताव

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन भारत समेत सात प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं पर 25% तक अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने की तैयारी कर रहा है. यह कदम अमेरिका की उस जांच के बाद सामने आया है जिसमें कई देशों पर जरूरत से ज्यादा औद्योगिक उत्पादन क्षमता बढ़ाने का आरोप लगाया गया है. प्रस्तावित टैरिफ से प्रभावित देशों में भारत, दक्षिण कोरिया, ताइवान, मलेशिया, थाईलैंड, इंडोनेशिया और कंबोडिया शामिल हैं. माना जा रहा है कि अमेरिका इन देशों पर अपने उत्पादों की खरीद बढ़ाने और विनिर्माण गतिविधियां अमेरिका में स्थानांतरित करने का दबाव बनाना चाहता है. यह प्रस्ताव 14 अर्थव्यवस्थाओं की व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें चीन, यूरोपीय संघ, जापान, वियतनाम और बांग्लादेश जैसे देश भी शामिल हैं.

ईरान में ऑनर के नाम पर हैवानियत ! 2 महीने की गर्भवती बेटी को 30 गोलियां निगलवाईं, फिर तकिये से दबाकर मार डाला

ईरान के सनंदज शहर में 19 वर्षीय हेलिया फतेही की कथित ऑनर किलिंग ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, युवती ने परिवार को अपने प्रेम संबंध और गर्भावस्था के बारे में बताया था.आरोप है कि गुस्साए माता-पिता ने उसे करीब 30 गोलियां निगलने के लिए मजबूर किया, बुरी तरह पीटा और बाद में तकिये से मुंह-गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्होंने पूछताछ में जुर्म कबूल किया है.मानवाधिकार संगठनों ने इसे ऑनर किलिंग का मामला बताते हुए ईरान में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनों की कमी पर चिंता जताई है.

पहले 12 करोड़ पर अटकी थी डील, अब वैभव को मनाने के लिए और ज्यादा खर्च कर सकती हैं कंपनियां

यूएई के खिलाफ 203 रन की विस्फोटक पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, ब्रांड मार्केट में भी सबसे चर्चित नाम बन गए हैं. माना जा रहा है कि इस पारी के बाद उनके बल्ले पर लोगो लगाने के लिए बड़ी कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा और तेज हो सकती है.वैभव फिलहाल मेरठ की SS कंपनी के बल्लों का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि पिछले कुछ वर्षों से कई बड़े ब्रांड उनके बल्ले पर अपना स्टिकर लगाने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन आर्थिक शर्तों पर सहमति नहीं बनने से कोई बड़ी डील फाइनल नहीं हो सकी. IPL 2026 में 776 रन, ऑरेंज कैप और MVP जीतने के बाद MRF ने भी वैभव में दिलचस्पी दिखाई थी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Anant Singh, Sp Manifesto, Vaibhav Suryavanshi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com