- हरियाणा के रोहतक में एक ढाबे पर खूनी गैंगवार, 4 शूटर की मौत
- हिमांशु भाऊ गैंग ने ली इस हत्याकांड की पूरी जिम्मेदारी
- सन्नी रिटेलिया गैंग के चार शूटर मारे गए हैं, हिमांशु गैंग ने और हमले की दी धमकी
हरियाणा के रोहतक में एक ढाबे पर हुए गैंगवार में सन्नी रिटेलिया गैंग के चार शूटर मारे गए हैं. इस हमले की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली है. पुलिस के अनुसार रोहतक के खरावड़ पुलिस चौकी के पास मिलन ढाबे पर देर रात हथियारबंद लोगों ने फायरिंग कर चार शूटरों की हत्या कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तीन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि चौथे को दौड़ाकर गोली मारी गई.
हिमांशु भाऊ गैंग ने ली जिम्मेदारी
अब इस हत्याकांड की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली है. हिमांशु के गुर्गे रोहित बजरंग का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर आया है. हालांकि, एनडीटीवी इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है. पोस्ट में कहा गया है कि रोहतक में हुई चार हत्याओं की जिम्मेदारी हिमांशु गैंग लेता है. पोस्ट में कहा गया है कि मिलन ढाबे पर हमला रोहित बजरंग और सोनू डीघल के बदले में हुए हैं.
सोशल मीडिया पर पोस्ट
पोस्ट में लिखा है, जय भोले की. आज मिलन ढाबे पर जो मर्डर हुए हैं वो रोहित बजरंग और सोनू डीघल के बदले में हुए हैं. थोड़ा सोच-समझकर किसी की गाड़ी में बैठा करो. किसके साथ दुश्मनी है, देख लिया करो. इसके अलावा पोस्ट में सन्नी रिटेलिया को भी धमकी दी है. सोशल मीडिया पोस्ट में आगे भी वारदातों की चेतावनी देते हुए लिखा गया है, "देखते हैं अगला नंबर किसका आएगा." पोस्ट में कुछ अन्य लोगों को भी टैग करते हुए जवाब देने की बात कही गई.
अमेरिका में हिमांशु भाऊ को छोड़ने की खबर
इस बीच सूत्रों के अनुसार खबर है कि अमेरिका में पकड़े गए हिमांशु भाऊ को छोड़ दिया गया है. उसके छोड़ने के बाद ये बड़ा गैंगवार हुआ है. हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया के बीच पिछले 7 साल से गैंगवार चल रहा है. इस गैंगवार में अबतक 9 से ज्यादा लोग मारे गए हैं.
यह भी पढ़ें | रोहतक के ढाबे पर खूनी गैंगवार: खाना खा रहे शूटरों पर बरसाईं गोलियां, लॉरेंस विश्नोई गैंग के दुश्मन गुट का हाथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं