- पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में इमारत गिरने के मामले में 3 ठेकेदार गिरफ्तार
- हादसे के बाद दो इंजीनियरों को भी लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया
- चावड़ी बाजार में इमारत ढहने से दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं
पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार को चार मंजिला इमारत गिरने के मामले में अब तक दो इंजीनियरों के निलंबन के बाद तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इन ठेकेदारों को हरियाणा के फरीदाबाद जिले की तहसील दौज के गांव सिरोही से अरेस्ट किया गया. पकड़े गए ठेकेदारों की पहचान दिल्ली के अजमेरी गेट के रहने वाले सिराज, ताजुद्दीन, फुरकान के रूप में हुई है. इमारत बनाने का ठेका इन लोगों के पास ही है.तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी BNS की धारा 105 के तहत की गई है.
बता दें कि पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत गुरुवार को अचानक ढह गई थी. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए हैं. ये हादसा जिस जगह पर हुआ, वहां गलियां बहुत ही तंग हैं. जिसकी वजह से बचाव दल को अंदर तक पहुंचने में काफी मुश्किल हुई. अब ठेकेदारों पर गाज गिरी है.

लापरवाही के मामले में दो इंजीनियर सस्पेंड
दो इंजीनियरों को हादसे के कुछ ही देर बाद सस्पेंड कर दिया गया था. असिस्टेंट इंजीनियर मो. नईम और जूनियर इंजीनियर अमन दलाल को लारवाही बरतने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था. उनके सस्पेंशन का आदेश MCD के ओल्ड दिल्ली जोन के डिप्टी कमिश्नर ने दिया था.घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौके पर पहुंची थीं. अब तीन ठेकेदारों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इमारत की कुछ मंजिलों की दीवारें हवा में अटक गई
एसडीएम मनोज कुमार के मुताबिक, जिस प्लॉट पर इमारत बनी थी, उसका क्षेत्रफल करीब 60 गज था और उस पर चार मंजिला मकान बना हुआ था. इमारत गिरने के बाद पूरा मलबा जमा हो गया, जो बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर से ऊपर तक पहुंच गया. हादसे के बाद इमारत की कुछ मंजिलों की दीवारें हवा में अटक गई थीं. उनकी ऊंचाई और स्थिति ऐसी थी कि वहां क्रेन ले जाना भी संभव नहीं था. इसलिए उन दीवारों को हटाने के लिए अलग से इंतजाम करना पड़ा.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं