विज्ञापन

दिनभर की 10 बड़ी खबरें: अखिलेश देंगे 25 लाख नौकरी, आजम का छलका दर्द , ओवैसी का दांव और 6000 करोड़ की जंग

समाजवादी पार्टी ने 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी कर 25 लाख सरकारी नौकरियों, ₹10 लाख हेल्थ बीमा और ₹5 की थाली का वादा किया. वहीं आजम खान का भावुक बयान, ओवैसी का बड़ा राजनीतिक ऐलान, संसद सत्र की तैयारी और दिनभर की 10 बड़ी खबरें पढ़िए.

दिनभर की 10 बड़ी खबरें: अखिलेश देंगे 25 लाख नौकरी, आजम का छलका दर्द , ओवैसी का दांव और 6000 करोड़ की जंग

सपा ने जारी किया 'पीडीए का प्रणपत्र', 25 लाख नौकरी, ₹10 लाख का हेल्थ बीमा और ₹5 में थाली 

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का नया चुनावी घोषणा-पत्र 'पीडीए का प्रणपत्र' जारी कर दिया है. इस दस्तावेज में सपा ने उत्तर प्रदेश के युवाओं को पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को पूरी तरह खत्म करने का बड़ा वादा किया है. इसके अलावा किसानों के लिए सभी 23 फसलों व दूध पर एमएसपी की कानूनी गारंटी और ग्रामीण इलाकों में हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है. दलितों और पिछड़े वर्गों को लुभाने के लिए अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना कराने का संकल्प दोहराया है. साथ ही ₹50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में पीडीए को 50% आरक्षण देने का एलान किया है. 

'काश अखिलेश भी 6 महीने जेल में रहते...' आजम खान का दर्द छलका, सुनाई 5 साल की तन्हाई की कहानी

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम में आजम खान का भावुक अंदाज देखने को मिला. उन्होंने जेल में बिताए पांच साल को जीवन का सबसे कठिन दौर बताया. आजम खान ने कहा कि कई बार उन्हें लगता था कि अखिलेश यादव भी कुछ महीने जेल में रहें, तब उन्हें उस दर्द और तन्हाई का एहसास होगा जिससे वह गुजरे हैं.उन्होंने कहा कि जेल की तन्हाई ने उनके दिल, दिमाग और शरीर को कमजोर कर दिया. परिवार पर पड़े असर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर वह, उनका बेटा और बेटी आम इंसान होते तो शायद टूट जाते, लेकिन उन्होंने संघर्ष जारी रखने का फैसला किया. आजम खान ने नेताजी मुलायम सिंह यादव के साथ अपने करीब 50 साल के राजनीतिक सफर को भी याद किया. 
खबर विस्तार से पढ़ें: 'काश अखिलेश जी भी छह महीने जेल आ जाते...', आजम खान ने साझा किया जेल वाला किस्सा

सरकारी खजाना खाली था इसलिए महिलाओं को 1,000 रुपये देने में हुई देरी': मोगा रैली में केजरीवाल की सफाई

पंजाब के मोगा में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए बहुप्रतीक्षित 1,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता योजना को सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया. साल 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर की गई इस रैली में केजरीवाल ने माना कि 2022 की इस बड़ी चुनावी गारंटी को पूरा करने में उन्हें तीन से चार साल का समय लग गया. इस देरी का बचाव करते हुए उन्होंने पिछली सरकारों पर पंजाब का खजाना लूटने और सरकार को खाली खजाना सौंपने का आरोप लगाया.
खबर विस्तार से पढ़ें: पंजाब में महिलाओं को एक हजार रुपये देने में तीन साल की देरी क्यों हुई? अरविंद केजरीवाल ने बताया

'पशमीना शॉल जैसी मुलायम हो न्याय प्रक्रिया', सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत का बड़ा बयान 

सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने एक कार्यक्रम के दौरान न्याय प्रक्रिया को लेकर एक बेहद खूबसूरत बात कही है. उन्होंने कहा कि विशेषाधिकार और न्याय के बीच जो फासला था, वह अब धीरे-धीरे कम हो रहा है. उन्होंने न्याय प्रणाली की तुलना पशमीना शॉल से करते हुए कहा कि न्याय प्रक्रिया इतनी मुलायम होनी चाहिए कि वह किसी अंगूठी के बीच से भी आसानी से बाहर निकल आए, और साथ ही वह आम लोगों को ठंड से राहत देने के साथ गर्माहट भी महसूस कराए. जस्टिस सूर्यकांत ने न्यायपालिका में आ रहे सकारात्मक सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि तकनीक और पेशेवर काम करने के तरीके से मुकदमों की लिस्टिंग अब बहुत तेजी से हो रही है.  

संसद का विशेष सत्र फिर बुलाने की तैयारी, 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चल सकती है कार्यवाही

सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से संसद के दोनों सदनों की बैठकें दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है. प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर 2026 से और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर 2026 से शुरू हो सकती है. सरकार का कहना है कि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने और अन्य आवश्यक विषयों पर चर्चा के लिए यह कदम उठाया गया है. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर 2026 तक चल सकती हैं.हालांकि अंतिम कार्यक्रम लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति की स्वीकृति तथा सदन के कामकाज की आवश्यकता के आधार पर तय होगा.

जैसे बंदर को नारियल का इस्तेमाल नहीं पता...', कांग्रेस नेता सिरिवेला प्रसाद ने पीएम मोदी और अमित शाह पर कसा तंज

मुंबई में आयोजित 'संविधान बचाओ रैली' के दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी डॉ. सिरिवेला प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. उन्होंने अपने भाषण में अपनी मासी के साथ हुई बातचीत का हवाला देते हुए परोक्ष रूप से दोनों बड़े नेताओं की तुलना बंदर से कर दी. प्रसाद ने कहा कि जिस तरह बंदर के हाथ में नारियल आने पर वह उसके दो टुकड़े तो कर देता है लेकिन उसे उसका सही इस्तेमाल करना नहीं आता, ठीक उसी तरह देश के मौजूदा नेता भी संविधान के अधिकारों को समझे बिना उसका गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. 

CJP नेताओं की बढ़ीं मुश्किलें: सौरव दास के बाद अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुक आउट नोटिस

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. सौरव दास के बाद अब पुलिस ने पार्टी के दो अन्य नेताओं, अभिजीत दीपके और आशुतोष रांका के खिलाफ भी 'लुक आउट सर्कुलर' (LOC) नोटिस जारी कर दिया है. इस नोटिस के जारी होने के बाद अब ये दोनों नेता भी देश से बाहर नहीं जा सकेंगे. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह कार्रवाई दादर के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क में बिना अनुमति के विरोध प्रदर्शन करने के मामले में 2 अक्टूबर को दर्ज हुई एफआईआर (FIR) के सिलसिले में की गई है.

'6000 करोड़ में हिस्सेदारी चाहिए'... रानी कपूर की मांग पर मध्यस्थता फेल, अब कोर्ट करेगा फैसला

संजय कपूर परिवार के ट्रस्ट को लेकर रानी कपूर और उनकी बहू प्रिया सचदेव कपूर के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. अदालत को बताया गया कि 15 दौर की मध्यस्थता के बावजूद दोनों पक्ष किसी समझौते पर नहीं पहुंच सके. रानी कपूर का दावा है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना उनकी संपत्तियां फैमिली ट्रस्ट में ट्रांसफर की गईं. कोर्ट में उनके वकील ने कहा कि वह ट्रस्ट में हिस्सेदारी मांग रही हैं, जिसकी कीमत करीब 6000 करोड़ रुपये बताई गई.पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की निगरानी में मध्यस्थता कराई गई थी, लेकिन मामला नहीं सुलझ सका.

पाकिस्तान गए सिख जत्थे से तीन भारतीय श्रद्धालु लापता, पुराने पैतृक गाँव जाने की आशंका

पाकिस्तान में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाने गए भारतीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे में से तीन श्रद्धालुओं के लापता होने की खबर सामने आई है. यह घटना उस समय हुई जब श्रद्धालुओं को ननकाना साहिब से गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब (हसन अब्दाल) ले जाने के लिए बसें तैयार हो रही थीं, लेकिन गिनती के दौरान ये तीनों गायब मिले. लापता श्रद्धालुओं की पहचान फिल्लौर (जालंधर) के बिक्कर सिंह, तरनतारन के विक्रमजीत सिंह और अमृतसर के हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है.अधिकारियों को अंदेशा है कि ये तीनों श्रद्धालु पाकिस्तान में स्थित अपने पुरखों के पुराने पैतृक गांवों या बचपन की यादों से जुड़ी जगहों को देखने के लिए किसी स्थानीय नागरिक के साथ चुपचाप निकल गए होंगे.

एशिया कप सेमीफाइनल: अभिषेक और तिलक के अर्धशतक, भारत 'ए' ने श्रीलंका 'ए' को दिया 318 रनों का लक्ष्य 

दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में भारत 'ए' ने श्रीलंका 'ए' के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 317/8 रनों का मजबूत स्कोर बनाया है. सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (40) और अभिषेक शर्मा ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई. अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 63 गेंदों में 78 रन ठोक दिए, जबकि कप्तान तिलक वर्मा ने भी 53 रनों की कप्तानी पारी खेली. एक समय भारत बेहद मजबूत स्थिति में था, लेकिन श्रीलंका के स्पिनरों ने बीच के ओवरों में वापसी करते हुए भारत के चार विकेट झटक कर रनगति पर थोड़ा ब्रेक लगाया.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, Akhilesh Yadav, Up Election 2027, Arvind Kejriwal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com