भारत ने कृषि उत्पादन के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है. देश में इस बार कुल अनाज उत्पादन बढ़कर 3,785.38 लाख टन पहुंच गया है. पिछले साल के मुकाबले इसमें करीब 208.06 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है. चावल और गेहूं दोनों का उत्पादन अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है. चावल उत्पादन में भारत लगातार दूसरे साल चीन को पीछे छोड़कर दुनिया में पहले नंबर पर रहा है, जबकि गेहूं उत्पादन के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि उत्पादन के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि किसानों की मेहनत और सरकार की नीतियों के चलते देश ने अनाज उत्पादन में नया रिकॉर्ड बनाया है. इस बार चावल का उत्पादन 1,551.54 लाख टन रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 49.70 लाख टन अधिक है. इसी तरह गेहूं का उत्पादन भी रिकॉर्ड 1,220.64 लाख टन पहुंच गया. पिछले साल की तुलना में गेहूं की पैदावार में 41.19 लाख टन की बढ़ोतरी हुई है.
दलहन और तिलहन उत्पादन में भी बढ़ोतरी
खाद्यान्न के साथ दलहन और तिलहन उत्पादन में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. इस साल देश में दलहन का उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 15.57 लाख टन ज्यादा है. भारत अपनी जरूरत का कुछ हिस्सा दूसरे देशों से आयात भी करता है. वहीं, तिलहन का उत्पादन 429.89 लाख टन से बढ़कर 432.55 लाख टन पहुंच गया है. मक्के का उत्पादन भी 434.09 लाख टन से बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया है. मोटे और पोषक अनाज का कुल उत्पादन 740.80 लाख टन रहा. इसके अलावा गन्ने का उत्पादन 5,037.29 लाख टन और कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठ दर्ज किया गया है.
रिकॉर्ड पैदावार के बावजूद महंगी क्यों हैं दालें और खाद्य तेल?
दलहन और तिलहन का उत्पादन बढ़ने के बावजूद बाजार में दालों और खाद्य तेल की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं. इस सवाल पर कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दलहन की पैदावार बढ़ने के बावजूद देश का आयात भी बढ़ रहा है, क्योंकि खपत में लगातार इजाफा हो रहा है. उन्होंने कहा कि कुछ चीजों के महंगे होने से किसानों को भी कमाई का मौका मिलता है. किसानों के हितों का भी ध्यान रखना जरूरी है. हालांकि, सरकार समय-समय पर कीमतों को स्थिर रखने के लिए कदम उठाती है. उन्होंने यह भी कहा कि गेहूं और चावल का बफर स्टॉक पर्याप्त है.
यह भी पढ़ें | पराली जलाने की घटनाओं में ऐतिहासिक कमी! शिवराज सिंह चौहान बोले- किसानों को बदनाम न करें
अलनीनो और सूखे के बीच खरीफ उत्पादन बढ़ने का अनुमान
इस बार मौसम की चुनौतियों के बावजूद खरीफ फसलों का उत्पादन अच्छा रहने का अनुमान है. अलनीनो के असर और जुलाई में बारिश कम होने के कारण बुवाई प्रभावित हुई थी. इसके बावजूद सरकार ने खरीफ 2026-27 में खाद्यान्न उत्पादन 1,671.43 लाख टन रहने का अनुमान लगाया है. यह पिछले 5 सालों के औसत से 97.67 लाख टन ज्यादा है. हालांकि, अगले साल चावल उत्पादन में गिरावट का अनुमान है. खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 1,219.05 लाख टन रहने का अनुमान लगाया गया है. इस साल के कुल चावल उत्पादन 1,551.54 लाख टन के मुकाबले यह काफी कम है. मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों का असर चावल की पैदावार पर पड़ने की आशंका है. खरीफ सीजन में मोटे और पोषक अनाज का उत्पादन 381.05 लाख टन रहने का अनुमान है. मक्के की पैदावार 260.64 लाख टन और बाजरे का उत्पादन 89.43 लाख टन रहने की उम्मीद है. दलहन का कुल उत्पादन 71.32 लाख टन रहने का अनुमान है. इसमें तुअर का उत्पादन 31.22 लाख टन और मूंग का 16.59 लाख टन रहने की संभावना है.
गन्ने के उत्पादन में भी गिरावट का अनुमान
गन्ने के उत्पादन में भी अगले साल कमी आने की आशंका है. इस साल देश में गन्ने की पैदावार 5,037.29 लाख टन रही है, जबकि अगले अनुमानित आंकड़े में इसका उत्पादन 4,543.39 लाख टन रहने की संभावना जताई गई है यानी इस साल के मुकाबले अगले साल गन्ने का उत्पादन कम रह सकता है. कुल मिलाकर भारत ने इस साल चावल, गेहूं और दूसरे खाद्यान्नों के उत्पादन में शानदार प्रदर्शन किया है. हालांकि, अलनीनो और मौसम की अनिश्चितता के कारण अगले खरीफ सीजन में खासतौर पर चावल और गन्ने की पैदावार पर दबाव रहने की आशंका है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं