विज्ञापन

हादसों की रात्रि: कोलकाता, ग्वालियर, नासिक से यूपी तक दुर्गा पूजा पर 6 शहरों में हादसे, 43 मौतें

कल रात देश के अलग-अलग हिस्सों में पांच बड़े हादसे हुए, जिनमें करीब 42 लोगों की जान चली गई. कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़, ग्वालियर में ट्रक हादसा से लेकर आसनसोल में चिमनी गिरने की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया.

देशभर में 5 बड़े हादसे
NDTV
  • देश के पांच शहरों में हादसों में कुल 40 लोगों की मौत हुई और कई घायल हुए हैं
  • कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से 19 लोगों की जान गई और 25 घायल हुए हैं
  • मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ट्रक के अनियंत्रित होकर मंदिर के पास श्रद्धालुओं को कुचलने से 15 मौतें हुईं

देशभर में नवरात्रि धूमधाम से मनाई जा रही है. लेकिन कल यानी शनिवार की रात देश के 5 शहरों में 5 दर्दनाक हादसे हुए. इन हादसों में कुल 42 लोगों की मौत हो गई. अलग-अलग राज्यों और शहरों से आई हादसों की खबरों ने पूरे देश को झकझोर दिया. कोलकाता, आसनसोन, ग्वालियर से लेकर बलरामपुर तक ये हादसे हुए. कोलकाता में दुर्गा पंडाल में भगदड़ मच गई तो ग्वालियर में ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया. वहीं हैदराबाद में डांडिया कार्यक्रम में लाइटिंग स्टैंड गिरने से छात्रा की मौत हो गई.

1. कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़: 19 लोगों की मौत

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ की वजह से 19 लोगों की जान चली गई. इस हादसे में 25 लोग घायल हैं. पुलिस ने शनिवार रात आयोजकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है. सीएम सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना की जांच के लिए एसआईटी के गठन की बात कही है. उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों में से दो के परिजनों के अनुसार पंडाल परिसर में निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा सीटी बजाए जाने के कारण पंडाल में एंट्री के लिए इंतजार कर रहे लोगों में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई.  एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, बारिश शुरू होते ही पंडाल के बाहर इंतजार कर रही भीड़ अचानक आगे बढ़ी. इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर गए, जिससे भगदड़ मच गई.

कोलकाता में दुर्गा पंडाल में भगदड़

कोलकाता में दुर्गा पंडाल में भगदड़
Photo Credit: IANS

2. ग्वालियर में ट्रक ने मंदिर के पास श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत, करीब 40 घायल

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर पर एक ट्रक घाटी से उतरते वक्त बेकाबू हो गया. इसकी चपेट में करीब 50 लोग आ गए. इस हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. दो पुलिसकर्मियों और कुछ बच्चों समेत 40 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें से चार-पांच घायलों की हालत गंभीर है.

Latest and Breaking News on NDTV

जानकारी के अनुसार, धान की बोरियों से लदा एक ट्रक पहाड़ी से नीचे उतरते समय अनियंत्रित होकर ऐतिहासिक शीतला माता मंदिर के पास दुकानों से जा टकराया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक बेकाबू ट्रक चीनोर की ओर से आते हुए शीतला माता मंदिर के प्रमुख बाहरी गेट के पास घाटी से नीचे उतर रहा था, तभी वह गेट के आसपास बनी दुकानों में घुस गया. बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से कई दुकानों को नुकसान हुआ, तो कई दो पहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए.

Latest and Breaking News on NDTV

3. बंगाल के आसनसोल में चिमनी गिरने से 4 की मौत

पश्चिम बंगाल के आसनसोल में भी एक दर्दनाक हादसा हो गया. शनिवार शाम को एक पावर प्लांट में निर्माणाधीन चिमनी का एक हिस्सा ढह गया. इस घटना में अब तक चार लोगों की मौत हुई है. अधिकारियों ने बताया कि शहर के जमुड़िया इलाके में 'श्याम एसईएल एंड पावर लिमिटेड' में निर्माण काम चल रहा था. जब यह हादसा हुआ, तब वहां कई लोग काम कर रहे थे. जमुड़िया के विधायक बिजन मुखर्जी ने बताया कि चार लोग मलबे में फंस गए थे, जिन्हें बाहर निकाला गया. इनमें से तीन की तो मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक शख्स को अस्पताल ले जाकर वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.

Latest and Breaking News on NDTV

4. हैदराबाद में डांडिया नाइट में गिरा लाइटिंग स्टैंड, एक छात्रा की मौत, 14 घायल

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में शनिवार को डांडिया कार्यक्रम के दौरान रोशनी के लिए लगाए गए एक लाइटिंग स्टैंड  के गिरने से इंजीनियरिंग की एक छात्रा की मौत हो गई जबकि 14 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस के अनुसार, हवा के कारण लाइटिंग स्टैंड  गिर गया, जिससे छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि घटना में 14 अन्य लोगों को भी चोटें आईं, लेकिन उनकी हालत खतरे से बाहर है.

5. यूपी के बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के पास 

यूपी के बलरामपुर में भी दुर्गा पंडाल के पास दर्दनाक हादसा हुआ. बलरामपुर देहात थाना क्षेत्र के चरनगहिया बेलहा गांव में सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी. दुर्घटना में 7 लोग घायल हुए.इलाज के दौरान इनमें से 3 लोगों की मौत हो गई. सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि तत्काल पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार हेतु जिला मेमोरियल भेजा गया. पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है.

6. नासिक में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, SI की मौत

नासिक में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया. इस हादसे में एक सब-इंस्पेक्टर की मौत हो गई, वहीं 11 से ज्यादा पुलिसकर्मी और श्रद्धालु घायल हैं. यह हादसा नासिक के नांदुरी इलाके में हुआ. इस हादसे में जान गंवाने एसआई का नाम विजय गायकवाड़ है. इलाज के दौरान उनकी मौत हुई. घायलों का वणी ग्रामीण अस्पताल में इलाज जारी है. वहीं, गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए नासिक रेफर किया गया है.

यह भी पढ़ें: यह भी पढ़ें | संकरे गेट, बारिश और भारी भीड़... कोलकाता चोरबागान दुर्गा पंडाल में कैसे मची भगदड़? प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kolkata Stampede, Durga Pandal Accident, Gwalior Accident, Gwalior Accident CCTV
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com