विज्ञापन

बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के अंदर घुसी तेज रफ्तार कार, 7 लोगों को कुचला; 3 की मौत

बलरामपुर देहात में शनिवार रात दुर्गा मंदिर के पास टेंट में धार्मिक वीडियो देख रहे लोगों पर तेज रफ्तार बेकाबू कार चढ़ गई. हादसे में तीन मौतें हुई हैं और कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.

बलरामपुर में दुर्गा पंडाल के अंदर घुसी तेज रफ्तार कार, 7 लोगों को कुचला; 3 की मौत
दुर्गा पूजा पंडाल में घुसी तेज रफ्तार कार. (Photo: NDTV)
बलरामपुर:

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र स्थित चरनगहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात आस्था और उत्सव का माहौल अचानक मातम में तब्दील हो गया. एक बेकाबू तेज रफ्तार कार सड़क किनारे लगे टेंट को चीरते हुए भीड़ पर चढ़ गई. इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी और चीख-पुकार मच गई.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, थाना कोतवाली देहात के अंतर्गत आने वाले चरनगहिया बेल्हा गांव में मुख्य सड़क किनारे दुर्गा माता का मंदिर स्थित है. मंदिर के पास ही सड़क से नीचे टेंट लगाकर पर्दे पर ग्रामीणों को धार्मिक वीडियो दिखाया जा रहा था. मौके पर बड़ी तादाद में लोग मौजूद थे. शनिवार रात करीब 10:30 बजे एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार टेंट का हिस्सा तोड़ते हुए अंदर बैठे लोगों को रौंदती निकल गई. इस टक्कर की चपेट में आने से टेंट में मौजूद सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे में वहां खड़ी एक बाइक और कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

Latest and Breaking News on NDTV
घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली और देहात कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मनोज सिंह (30), गणेश कुमार (40) और पातेश्वरी (36) को मृत घोषित कर दिया.
Latest and Breaking News on NDTV

वहीं, हादसे में घायल छेदी गुप्ता, डब्लू गुप्ता, मुकेश तिवारी और धूप राम का इलाज जिला मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है. कुछ अन्य लोगों को भी मामूली चोटें आई थीं, जिन्होंने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया.

रात 10 बजे हुआ हादसा...

हादसे वाली जगह पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी जितेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वह रात 10 बजे तक पंडाल में ही मौजूद थे, लेकिन एक फोन आने की वजह से मंदिर की तरफ चले गए. कुछ ही देर बाद कार ने लोगों को कुचल दिया. उपाध्याय के मुताबिक, कार ड्राइवर नशे की हालत में था. हालांकि, अभी तक ड्राइवर के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सीओ सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि चरनगहिया बेल्हा में सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मारी थी, जिसमें तीन की मौत हुई है और चार लोगों का इलाज जारी है. पुलिस ने घेराबंदी कर हादसे में शामिल वाहन और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है. मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई की जा रही है.

(रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें | हादसों की रात्रि: कोलकाता, ग्वालियर, नासिक से यूपी तक दुर्गा पूजा पर 6 शहरों में हादसे, 43 मौतें

यह भी पढ़ें | चोरबगान दुर्गा पंडाल में 15 साल से पूजा करा रहे शख्स बोले- मिसमैनेजमेंट से भगदड़, नौसिखियों को लगाया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Balrampur, Durga Puja, Viral Video, Deaths
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com