विज्ञापन

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पंडाल में भगदड़, 19 की मौत, 25 घायल; 12 हिरासत में, CM बोले- SIT जांच कराएंगे

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ और बारिश के बीच मची भगदड़ में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए. पुलिस ने पूजा आयोजकों और वॉलंटियर्स समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है.

कोलकाता दुर्गा पंडाल भगदड़ अपडेट
IANS

कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पंडाल में शनिवार रात बारिश के बीच अचानक भीड़ का दबाव बढ़ने से भगदड़ मच गई. इस हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई. वहीं 25 लोगों के घायल होने की खबर है. इस मामले में कोलकाता पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है. इसमें पूजा आयोजक, वॉलंटियर और अन्य लोग शामिल हैं. बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि इस मामले में लापरवाह लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

12 लोग हिरासत में लिए गए

कोलकाता पुलिस ने कहा है कि चोरबागन इलाके में दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से कुछ लोगों की मौत के बाद, 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. इस समूह में पूजा आयोजक, वॉलंटियर और अन्य लोग शामिल हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

मुख्यमंत्री बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

वहीं मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि CPRD और सभी पुलिस थानों को पहले ही सूचित कर दिया है. अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है, एक व्यक्ति की हालत गंभीर है और 25 लोगों का इलाज चल रहा है. उन्होंने कहा, 'अब तक मृतकों में से 9 के परिजन आ चुके हैं और मैंने व्यक्तिगत रूप से उन सभी से बात की है. कोलकाता पुलिस की ने घटना के समय का CCTV फुटेज ले लिया है. फुटेज में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिम्मेदार जो भी व्यक्ति अपनी ड्यूटी निभाने में विफल दिखा, हम उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे. चाहे वे पूजा समिति के सदस्य हों, वॉलंटियर हों, पुलिसकर्मी हों, अस्थायी होम गार्ड हों या निजी सुरक्षा एजेंसियां, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा'

Latest and Breaking News on NDTV

'जांच के लिए गठित होगी SIT'

मुख्यमंत्री देर रात तक अस्पताल में ही मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि उनके साथ मुख्य सचिव, स्वास्थ्य मंत्री, विधायक, CP, DG, राज्य मंत्री और स्थानीय विधायक भी यहां मौजूद हैं. सीएम ने इस मामले में SIT गठित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि इस SIT में STF, CID और अन्य संबंधित संगठन शामिल होंगे. पीड़ितों के परिवार और वे चश्मदीद गवाह, जिन्होंने मुझे शुरुआती जानकारी दी थी, वे भी गवाही देंगे. इसके अलावा राज्य सरकार उन लोगों के परिवारों को 25 लाख रुपये और एक सरकारी 'ग्रुप-D' नौकरी देगी, जिनकी इस घटना में जान गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

कैसे हुआ हादसा?

मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मृतकों में से दो के परिजनों के अनुसार पंडाल परिसर में निजी सुरक्षा कर्मियों द्वारा सीटी बजाए जाने के कारण पंडाल में प्रवेश के लिए इंतजार कर रहे लोगों में अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई.  एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, बारिश शुरू होते ही पंडाल के बाहर इंतजार कर रही भीड़ अचानक आगे बढ़ी. इस दौरान कुछ लोग सड़क पर गिर गए, जिससे भगदड़ मच गई.

Latest and Breaking News on NDTV

भीड़भाड़ वाले दुर्गा पंडाल को अस्थाई रूप से बंद करने की एडवाइजरी

इस बीच, प्रशासन ने घटना के बाद भीड़भाड़ वाले कई दुर्गा पूजा आयोजनों को अस्थायी रूप से अपने पंडाल बंद करने की सलाह दी है. कोलकाता में दुर्गा पूजा के लिए करीब 3,500 पंडाल लगाए गए हैं.

राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक कई नेताओं ने जताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कई अन्य नेताओं ने इस त्रासदी पर शोक व्यक्त किया.

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. मैं सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.'

प्रधानमंत्री मोदी ने भगदड़ को ‘‘बेहद दुखद' बताया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘कोलकाता में भगदड़ की घटना बेहद दुखद है. अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.' प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन पीड़ित लोगों को हरसंभव सहायता मुहैया करा रहा है.

Latest and Breaking News on NDTV

गृह मंत्री अमित शाह शाम को कोलकाता पहुंचे थे. उनका रविवार को दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा करने का कार्यक्रम था. उन्होंने कहा कि भगदड़ की घटना के मद्देनजर वह अपने निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर रहे हैं और हादसे में घायल लोगों से मुलाकात करेंगे.

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है. उन्होंने कहा, ‘चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है. मैं मां दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और इस कठिन समय में उनके परिवारों को शक्ति एवं साहस देने की प्रार्थना करती हूं.'

राज्य के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने भी सरकारी अस्पताल का दौरा किया. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने कहा, ‘कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के कारण हुई लोगों की मौत से गहरा दुख पहुंचा है. इस दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.'

यह भी पढ़ें | कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़, 17 लोगों की मौत, कई घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kolkata Stampede, Kolkata Durga Puja, CM Suvendu Adhikari, Kolkata News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com