RBI New Rules: एटीएम से पैसे निकालने और कार्ड से पेमेंट करने वालों के लिए RBI ने नए नियम जारी किए हैं. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ATM से कैश निकालने और PoS टर्मिनल के जरिए कैश विड्रॉल से जुड़े नियमों को एक साथ जोड़कर नया मास्टर गाइडलाइन जारी किया है. इसके तहत फ्री ATM ट्रांजैक्शन की लिमिट पहले जैसी रहेगी, लेकिन फ्री लिमिट खत्म होने के बाद बैंक प्रति ट्रांजैक्शन अधिकतम ₹23 और टैक्स चार्ज कर सकेंगे. साथ ही, फेल ट्रांजैक्शन पर कोई पैसा नहीं कटेगा. ये नियम 27 नवंबर से लागू हो गए हैं.
फ्री ATM ट्रांजैक्शन की लिमिट में बदलाव नहीं
RBI के नए नियमों के तहत ग्राहक अपने बैंक के ATM से हर महीने 5 फ्री ट्रांजैक्शन कर सकेंगे. इसमें कैश निकालने और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन दोनों शामिल हैं.दूसरे बैंक के ATM से मेट्रो शहरों में हर महीने 3 और नॉन-मेट्रो शहरों में 5 फ्री ट्रांजैक्शन मिलेंगे. हालांकि, दोनों तरह के ATM इस्तेमाल करने पर कुल फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट 5 ही रहेगी. बैंक चाहें तो इससे ज्यादा फ्री ट्रांजैक्शन भी दे सकते हैं.
फ्री लिमिट के बाद लगेगा ₹23 तक चार्ज, पहले बैंक भेजेगा अलर्ट
फ्री ट्रांजैक्शन की लिमिट खत्म होने के बाद बैंक हर ट्रांजैक्शन पर अधिकतम ₹23 और लागू टैक्स चार्ज कर सकते हैं. बैंक इसके लिए बोर्ड से मंजूर पॉलिसी बनाएंगे.RBI ने बैंकों को ग्राहकों को अलर्ट देने का सिस्टम बनाने को कहा है, ताकि उन्हें पता रहे कि महीने में कितने फ्री ट्रांजैक्शन इस्तेमाल हो चुके हैं और आगे कितना चार्ज लग सकता है. ATM पर मेट्रो या नॉन-मेट्रो लोकेशन की जानकारी भी स्क्रीन, पोस्टर या स्टिकर के जरिए देनी होगी.
फेल ट्रांजैक्शन पर नहीं कटेगा पैसा
अगर ATM से पैसे निकालने की कोशिश टेक्निकल इश्यू, कैश उपलब्ध न होने, हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर या कम्युनिकेशन की समस्या के कारण फेल होती है, तो उसे वैलिड ट्रांजैक्शन नहीं माना जाएगा. गलत PIN या बैंक की तरफ से वैलिडेशन में हुई गड़बड़ी के कारण ट्रांजैक्शन फेल होने पर भी कोई चार्ज नहीं लगेगा और फ्री लिमिट में इसे नहीं गिना जाएगा.
ATM पर कैश निकालने की लिमिट, फ्री ट्रांजैक्शन और चार्ज की जानकारी अंग्रेजी, हिंदी और स्थानीय भाषा में देनी होगी.
PoS और UPI से भी निकाल सकेंगे कैश
ग्राहक डेबिट कार्ड, फुल-KYC प्रीपेड पेमेंट इंस्ट्रूमेंट (PPI) और UPI के जरिए चुनिंदा मर्चेंट आउटलेट पर कैश निकाल सकेंगे. इस सुविधा में प्रति ट्रांजैक्शन ₹2,000 और महीने में कुल ₹10,000 तक कैश निकाला जा सकेगा. ग्राहक से लिया जाने वाला चार्ज 1% से ज्यादा नहीं होगा.खास बात यै है कि यह सुविधा खरीदारी किए बिना भी उपलब्ध होगी. अगर ग्राहक खरीदारी के साथ कैश निकालता है, तो रसीद में कैश की रकम अलग दिखाई जाएगी. बैंक मर्चेंट की जांच के बाद बोर्ड से मंजूर पॉलिसी के तहत यह सुविधा देंगे.
कार्ड पेमेंट और ATM नियम भी हुए आसान
RBI के नए कार्ड पेमेंट नियमों के तहत ₹5,000 तक के कॉन्टैक्टलेस पेमेंट पर एक्स्ट्रा ऑथेंटिकेशन की जरूरत नहीं होगी. इससे ज्यादा रकम के पेमेंट के लिए कार्ड को मशीन में डालकर अतिरिक्त ऑथेंटिकेशन करना होगा. ग्राहक चाहें तो किसी भी रकम पर PIN के जरिए पेमेंट कर सकते हैं. बैंक या मर्चेंट ग्राहकों को कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के लिए मजबूर नहीं कर सकेंगे.
कार्ड जारी करने वाले बैंक ग्राहकों को 24 घंटे कार्ड के घरेलू, इंटरनेशनल, ऑनलाइन और कॉन्टैक्टलेस ट्रांजैक्शन चालू या बंद करने और लिमिट बदलने की सुविधा देंगे. क्रेडिट कार्ड जारी करने वाले बैंक एलिजिबल ग्राहकों को कार्ड नेटवर्क चुनने का ऑप्शन भी देंगे. बिना कार्ड मौजूदगी वाले पेमेंट में कार्ड की असली जानकारी स्टोर करने पर भी रोक से जुड़े नियम लागू होंगे.
RBI ने ATM और कैश विड्रॉल से जुड़े 17 पुराने सर्कुलर और कार्ड पेमेंट से जुड़े 25 पुराने सर्कुलर को नए निर्देशों में शामिल किया है. ये नियम Payment and Settlement Systems Act, 2007 के तहत जारी किए गए हैं. शिकायतों के निपटारे के लिए RBI Integrated Ombudsman Scheme, 2026 और फेल ट्रांजैक्शन से जुड़े मौजूदा नियम लागू होंगे.
यह भी पढ़ें | Bank Holiday Today: आज 28 नवंबर को बैंक खुला है या बंद? दिसंबर में कब-कब रहेगी बैंक की छुट्टी, देखें लिस्ट
यह भी पढ़ें | गोल्ड लोन लेने वालों को झटका: अब हर महीने भरनी होगी ब्याज की किस्त, सोने की कीमतों में गिरावट के बीच RBI सख्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं