Income Tax Calendar December 2026: दिसंबर के महीने में सिर्फ ठंड ही नहीं, बल्कि टैक्स की 4 बड़ी डेडलाइन भी आ रही हैं. एक तारीख भी चूकी तो जुर्माना और ब्याज दोनों लग सकता है. अगर आप नौकरी करते हैं, बिजनेस करते हैं या टीडीएस काटते हैं, तो ये तारीखें आपके लिए जानना बहुत जरूरी है. चलिए एक-एक करके समझते हैं.
7 दिसंबर: TDS जमा करने की आखिरी तारीख
अगर आपने नवंबर 2026 में किसी का टीडीएस या टीसीएस काटा है, तो उसे 7 दिसंबर तक सरकार के पास जमा करना होगा. इसी दिन फॉर्म 127 भी अपलोड करना है. ये फॉर्म तब भरा जाता है, जब खरीदार बिना टीसीएस दिए सामान खरीदना चाहता है. इसे समय पर अपलोड करना जरूरी है.
15 दिसंबर: दो बड़े काम एक ही दिन
15 दिसंबर को दो काम निपटाने हैं-
- पहला - TDS सर्टिफिकेट: अगर आपने अक्टूबर में प्रॉपर्टी खरीद, किराया, ठेकेदार को पेमेंट या क्रिप्टो जैसी चीजों पर टीडीएस काटा है, तो आपको फॉर्म 132 जारी करना होगा. इससे सामने वाले को आईटीआर में क्रेडिट मिलेगा.
- दूसरा - एडवांस टैक्स की तीसरी किस्त: जिन लोगों की सालाना टैक्स देनदारी 10,000 रुपये से ज्यादा है, उन्हें एडवांस टैक्स किस्तों में देना होता है. 15 दिसंबर तक आपको अपने कुल टैक्स का 75% तक पैसा जमा कर देना है. बता दें कि सिर्फ सैलरी वाले लोगों को एडवांस टैक्स नहीं देना होता, क्योंकि उनका टैक्स कंपनी टीडीएस के जरिए काट लेती है.
30 दिसंबर: फॉर्म 141 भरने की तारीख
नवंबर में काटे गए टीडीएस के लिए फॉर्म 141 भरने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर है. ये एक ही फॉर्म में चालान और स्टेटमेंट दोनों का काम करता है. प्रॉपर्टी, किराया, कॉन्ट्रैक्टर को पेमेंट जैसे मामलों में ये फॉर्म भरा जाता है.
31 दिसंबर: सबसे बड़ी डेडलाइन - आखिरी मौका
31 दिसंबर को तीन बड़े काम खत्म हो रहे हैं-
- बिलेटेड आईटीआर: अगर आपने 31 जुलाई 2026 तक आईटीआर नहीं भरा था, तो 31 दिसंबर तक बिलेटेड आईटीआर भर सकते हैं. इसके बाद मौका नहीं मिलेगा.
- FAST-DS: जिन लोगों की विदेश में कोई संपत्ति या कमाई है, जो उन्होंने पहले नहीं बताई थी, वे इस एकमुश्त स्कीम के तहत फॉर्म 1 भरकर उसे बता सकते हैं.
- फॉर्म 3CEAD: बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों को कंट्री-बाय-कंट्री रिपोर्टिंग के लिए ये फॉर्म भरना होगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं