- रोहतक हत्याकांड में पुलिस को बड़ा सुराग, शूटरों की पहचान, हनी ट्रैप का शिकार
- निशाने पर था सन्नी रिटोलिया, बाल-बाल बचा
- जॉर्जिया से रची गई साजिश, हिमांशु भाऊ गैंग का काम
रोहतक के मिलन ढाबे पर चार युवकों की हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई अहम खुलासे हुए हैं. पुलिस ने वारदात में शामिल चारों शूटरों की पहचान कर ली है और उनका संबंध हिमांशु भाऊ गैंग से बताया जा रहा है. सूत्रों के मुताबिक इस हमले का मुख्य टारगेट सन्नी रिटोलिया था, जो घटना के दौरान मौजूद होने के बावजूद बच निकलने में कामयाब रहा. हरियाणा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कई जगहों पर छापेमारी कर रही है. इस बीच सात साल पुरानी गैंगवार और विदेशी कनेक्शन की भी गहन जांच की जा रही है.
पहले जानिए ढ़ाबे वाली घटना में क्या हुआ? हनीट्रैप एंगल भी सामने आया
26 नवंबर को हरियाणा के रोहतक में सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ के गैंग के बीच चल रही दुश्मनी एक बार फिर खूनी गैंगवार में बदल गई है. दिल्ली रोड पर मिलन ढाबे में चार युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले चारों शूटर हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े हैं. हमलावर एक स्विफ्ट कार में सवार होकर पहुंचे थे. वाहन में ड्राइवर समेत कुल पांच लोग मौजूद थे. घटना के बाद से हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक हमले में शामिल चारों शूटरों की पहचान कर ली गई है और ये सभी हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं.

रोहतक गैंगवार के आरोपी शूटर्स
Photo Credit: NDTV

सीसीटीवी में कैद आरोपी
Photo Credit: NDTV
पुलिस सूत्रों की माने तो सनी रिटोलिया एक युवती के साथ मिलन ढाबे पर साथियों से मिलने आया था. सनी को कॉफी पीने के बहाने होटल में बुलाया गया था. ढाबे पर बैठकर ही युवती ने कुछ कॉल और मैसेज किया जिस पर सनी को शक हो गया. और वह वहां से उठकर बहाना बनाकर चला गया. पुलिस ने एरिया के तमाम सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है. CCTV में कैद शूटर्स होटल के अंदर हथियार लेकर जाते दिखाई दे रहे हैं. एक शूटर ने काले कपड़े से अपना पूरा चेहरा छिपा रखा था. हमले के दौरान चार लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, लेकिन सन्नी किसी तरह मौके से बाल-बाल बच निकला. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या हमलावरों को सन्नी की मौजूदगी की पहले से सटीक जानकारी थी.
जॉर्जिया से रची गई थी साजिश
NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार सन्नी रिटोलिया की हत्या की साजिश विदेश में बैठकर तैयार की गई थी. सूत्रों का दावा है कि हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य रवि राठी इस समय जॉर्जिया में मौजूद है और वही गिरोह की गतिविधियों का संचालन कर रहा है. अमेरिका में हिमांशु भाऊ की गिरफ्तारी के बाद गैंग की कमान कथित तौर पर रवि राठी के हाथों में है. हाल में सोशल मीडिया पर सामने आए पोस्ट में भी रवि राठी का नाम सामने आने की बात कही जा रही है. रवि राठी बागपत के गंगनौली गांव का रहने वाला बताया जाता है.
सन्नी रिटोलिया गैंगस्टर कौन है? हिमांशु भाऊ से दुश्मनी की पूरी कहानी
इस गैंगवार की कहानी करीब सात साल पुरानी है. कभी एक-दूसरे के करीबी रहे सन्नी रिटोलिया और हिमांशु भाऊ आज एक-दूसरे के दुश्मन हैं. 2019 में कार की किस्त को लेकर शुरू हुआ विवाद पहले फायरिंग तक पहुंचा और फिर हत्या, बदले की हत्या और रंगदारी के मामलों में बदलता चला गया.
उस समय हिमांशु नाबालिग था, इसलिए उसे हिसार के सुधार गृह भेजा गया था. यहीं से दोनों के बीच दोस्ती खत्म होकर दुश्मनी में बदल गई. हिमांशु भाऊ और अंकित उर्फ बाबा ने अपने-अपने गुट मजबूत करने शुरू किए. दोनों गैंग के बीच पुरानी रंजिश लगातार बढ़ती गई.
2022 से शुरू हुआ खूनी सिलसिला : 2 मार्च 2022 को रोहतक के रिटोलिया गांव में हिमांशु भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग और एक अन्य युवक की हत्या कर दी गई. इस मामले में अंकित उर्फ बाबा और सन्नी रिटोलिया का नाम सामने आया. इसके कुछ दिन बाद हिमांशु भाऊ गैंग ने जवाबी कार्रवाई की. 7 मार्च 2022 को हंसराज उर्फ हंसे की हत्या कर दी गई. हंसराज को सन्नी और अंकित के गुट का करीबी बताया गया था.
- 1 जून 2025 को सन्नी के चाचा अनिल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस ने इस वारदात को भी दोनों गैंग के बीच चल रही पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा.
- 19 दिसंबर 2025 को रिटौली गांव में शराब के ठेके के बाहर दोनों गुटों के बीच गोलीबारी हुई. इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए. पुलिस ने इसे दोनों गैंग के बीच चल रही पुरानी दुश्मनी का हिस्सा बताया.
- फरवरी 2026 में सन्नी रिटोलिया गैंग से जुड़े दिनेश उर्फ गोगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गोगा की हत्या भी हिमांशु भाऊ गैंग और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही गैंगवार का नतीजा था.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह 2020 में हिसार के सुधार गृह से फरार होकर विदेश चला गया था. अगस्त 2023 में उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी हुआ था. 22 अक्टूबर 2026 को हिमांशु भाऊ को अमेरिका के लास वेगास में गिरफ्तार किया गया. भारतीय एजेंसियां उसे भारत लाने की प्रक्रिया में जुटी हैं. हिमांशु भाऊ और सन्नी रिटोलिया गुटों के बीच चल रही दुश्मनी अब तक करीब 10 लोगों की जान ले चुकी है.
यह भी पढ़ें : रोहतक के ढाबे पर खूनी गैंगवार: खाना खा रहे शूटरों पर बरसाईं गोलियां, लॉरेंस विश्नोई गैंग के दुश्मन गिरोह ने की वारदात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं