विज्ञापन

3 दिन के नोटिस पर विशेष संसद सत्र बुलाने से विपक्ष नाराज; कांग्रेस ने पूछा- नया महिला आरक्षण बिल क्यों?

विशेष संसद सत्र को लेकर कांग्रेस, CPI और JMM समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल उठाए हैं. महिला आरक्षण कानून, परिसीमन और मात्र तीन दिन के नोटिस पर सत्र बुलाने को लेकर विपक्ष ने संसदीय परंपराओं के उल्लंघन का आरोप लगाया है.

3 दिन के नोटिस पर विशेष संसद सत्र बुलाने से विपक्ष नाराज; कांग्रेस ने पूछा- नया महिला आरक्षण बिल क्यों?
विशेष संसद सत्र पर विपक्ष का हमला, महिला आरक्षण से परिसीमन तक उठाए सवाल
NDTV
  • विशेष संसद सत्र पर विपक्षी दल एकजुट, सरकार के एजेंडे को लेकर सवाल
  • चिदंबरम ने अमित शाह को घेरा, बोले- महिला आरक्षण कानून तो पहले से मौजूद है
  • परिसीमन बिल की अटकलों से बढ़ी सियासी हलचल, विपक्ष ने जताई चिंता
नई दिल्ली:

30 नवंबर को बुलाए गए विशेष संसदीय सत्र को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. कांग्रेस, सीपीआई और झारखंड मुक्ति मोर्चा सहित कई विपक्षी नेताओं ने शॉर्ट नोटिस, एजेंडे की अस्पष्टता, महिला आरक्षण कानून और संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर सवाल उठाए हैं. विपक्ष का आरोप है कि सरकार संसदीय परंपराओं को दरकिनार कर रही है. पी. चिदंबरम ने अमित शाह पर सवाल उठाए हैं तो वहीं वहीं गुलाम अहमद मीर, मनीष तिवारी, शशि थरूर, रेणुका चौधरी, डी. राजा और महुआ माजी ने सरकार की मंशा को लेकर निशाना साधा है.

चिदंबरम ने अमित शाह पर साधा निशाना, कहा- भूलने की बीमारी हो गई

कांग्रेस के सीनियर नेता पी. चिदंबरम ने गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि या तो उन्हें 'भूलने की बीमारी' हो गई है या फिर वह पूरी सच्चाई नहीं बता रहे हैं. उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने संबंधी संविधान (106वां संशोधन) अधिनियम, 2023 पहले ही पारित और लागू हो चुका है. यह विधेयक सितंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों से पारित हुआ था, जिसका कांग्रेस ने समर्थन किया था. चिदंबरम ने सवाल किया कि यदि कानून पहले से मौजूद है तो सरकार इसे लागू क्यों नहीं कर रही है और नए विधेयक की आवश्यकता क्या है.

गुलाम अहमद मीर ने प्रक्रिया पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि संसद सत्र बुलाने का तरीका स्थापित संसदीय परंपराओं से अलग है. उन्होंने कहा कि सामान्य तौर पर संसद सत्र बुलाने से पहले दो से तीन सप्ताह का नोटिस दिया जाता है, जबकि इस बार केवल तीन दिन पहले सूचना दी गई. मीर ने कहा कि कांग्रेस पहले से महिला आरक्षण का समर्थन करती रही है और पार्टी ने इसे पांच वर्ष पहले भी खुले दिल से समर्थन दिया था. उन्होंने यह भी पूछा कि सरकार पहले जनगणना और परिसीमन के बाद कानून लागू करने की बात कर रही थी, लेकिन अब बिना जनगणना के इसे लागू करने की चर्चा क्यों हो रही है.

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि विशेष सत्र का इस्तेमाल नियमित शीतकालीन सत्र के विकल्प के रूप में नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि शीतकालीन सत्र बुलाना सरकार की जिम्मेदारी है और यदि कोई विधेयक लाना है तो नियमित सत्र में लाया जाना चाहिए. उनके अनुसार यह कदम संसद जैसी संस्था का उपहास करता है.

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) के महासचिव डी. राजा ने कहा कि विशेष सत्र बुलाने का फैसला संसदीय परंपराओं और स्थापित मानकों का उल्लंघन है. उन्होंने आरोप लगाया कि मानसून सत्र को अगस्त से बिना स्थगित किए खुला रखा गया और अब मात्र तीन दिन की सूचना पर विशेष सत्र बुलाया जा रहा है. डी. राजा ने कहा कि इससे सांसदों को प्रश्नकाल, शून्यकाल और अन्य संसदीय माध्यमों के जरिए सरकार को जवाबदेह ठहराने का अवसर नहीं मिलेगा.

रेणुका चौधरी ने जवाबदेही पर घेरा, महुआ माजी ने जताई परिसीमन को लेकर आशंका

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा कि तीन महीने से अधिक समय तक संसद के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी रही. उन्होंने प्रश्न उठाया कि क्या संसद केवल सरकार के विधायी एजेंडे को पारित करने का मंच है या फिर 140 करोड़ नागरिकों के प्रति सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करने का भी माध्यम है.

झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में केवल एक-एक दिन का सत्र होना आश्चर्यजनक है.

उन्होंने आशंका जताई कि सरकार परिसीमन से जुड़ा विधेयक ला सकती है. माजी ने कहा कि महिला आरक्षण कानून 2023 में पहले ही विपक्ष के समर्थन से पारित हो चुका है. उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार परिसीमन विधेयक लाना चाहती है तो उसके पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है.

शशि थरूर ने सरकार के रवैये पर उठाए सवाल

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा कि सरकार संसद को बहस और जवाबदेही के मंच के बजाय केवल विधेयक पारित करने वाली संस्था के तौर पर देख रही है. उन्होंने कहा कि अतीत में संसद सालाना 120 से 170 दिन तक चलती थी, जबकि अब यह अवधि काफी कम हो गई है. थरूर ने सुझाव दिया कि कई देशों की तरह भारत में भी संसद का वार्षिक कैलेंडर पहले से घोषित किया जाना चाहिए ताकि सांसद अपनी तैयारी और जनप्रतिनिधित्व की जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा सकें.

'जो बिल का सपोर्ट करेगा उसे गद्दार के रूप में याद किया जाएगा'

कांग्रेस सांसद माणिकम टैगोर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने मानसून सत्र को विधिवत समाप्त किए बिना 100 दिनों से अधिक समय तक लंबित रखा और अब संविधान दिवस 26 नवंबर के दिन संसद को जल्दबाजी में केवल चार दिन (30 नवंबर से 3 दिसंबर) के लिए बुलाया है.

सामान्यतः संसद का नया सत्र बुलाने से पहले 15 दिन का अग्रिम नोटिस देना आवश्यक होता है और सांसदों को प्रश्न जमा करने के लिए 14 दिनों का समय दिया जाता है. लेकिन मोदी सरकार, जो जनता के सवालों का जवाब देने में असमर्थ है, उसने प्रश्नकाल, शून्यकाल और निजी सदस्य विधेयकों को ही समाप्त कर दिया है, जिससे सांसदों के संवैधानिक अधिकारों का हनन हुआ है.

देश की बड़ी समस्याओं और आम लोगों की आजीविका पर चर्चा करने के बजाय भाजपा जल्दबाजी में 131वां संविधान संशोधन विधेयक लाना चाहती है, जिसके जरिए लोकसभा सीटों की संख्या 550 से बढ़ाकर 850 की जा सके और परिसीमन (Delimitation) विधेयक को शॉर्टकट के जरिए पारित किया जा सके. उन्होंने सवाल किया कि पिछले वर्ष परिसीमन विधेयक का विरोध करने, उसकी प्रतियां जलाने और लगातार इसका विरोध करने वाले लोग अब यह क्यों कह रहे हैं कि यदि लिखित गारंटी मिल जाए तो वे समर्थन पर विचार करेंगे?

टैगोर ने आरोप लगाया कि 22 लोकसभा और 8 राज्यसभा सांसदों वाले कुछ दल सीधे समर्थन न देकर मतदान का बहिष्कार करने की रणनीति अपना रहे हैं, जिससे भाजपा को अप्रत्यक्ष लाभ मिल सकता है.

उन्होंने कहा कि पहले कहा जा रहा था, 'यह तो सिर्फ ट्रेलर है, दिल्ली को पूरी फिल्म देखने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए.' लेकिन जब 30 नवंबर को संसद में "मुख्य फिल्म" दिखाई जाएगी, तब तमिलनाडु की जनता समझ जाएगी कि राज्य के अधिकारों को गिरवी रखकर भाजपा के सामने आत्मसमर्पण करना ही उनकी असली राजनीति है. राहुल गांधी के बयान का उल्लेख करते हुए टैगोर ने कहा 'जो भी व्यक्ति संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन (परिसीमन) से जुड़े भाजपा के प्रस्तावित कानून का समर्थन करेगा, वह तमिलनाडु के साथ गंभीर विश्वासघात करेगा. इतिहास ऐसे लोगों को 21वीं सदी का एट्टप्पर (गद्दार) के रूप में याद रखेगा.'

यह भी पढ़ें : क्या दो-तिहाई बहुमत को लेकर आश्वस्त है सरकार? समझिए विशेष सत्र से पहले लोकसभा का पूरा नंबर गेम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Special Parliament Session, Parliament Session, Womens Reservation Bill, Delimitation Bill, Congress
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com