Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Election Results Update: राजस्थान पंचायत समितियों में प्रधान के चुनाव आज होंगे. 37 जिलों की 419 पंचायत समिति प्रधानों के लिए शुक्रवार को वोटिंग होनी है. 275 पंचायत समितियों में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि 63 समितियों में बीजेपी के पास पूरा बहुमत है. बाकि पंचायत समितियों में निर्दलीय और त्रिशंकु की स्थिति है. ऐसे में क्रॉस वोटिंग की भी पूरी संभावना बन रही है. वोटिंग सुबह से शुरू होंगी, शाम 5 बजे तक रिजल्ट क्लीयर हो जाएंगे. जयपुर, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, अजमेर, नागौर जैसे जिलों में सबकी नजरे हैं. कांग्रेस और बीजेपी पंचायत समिति प्रधान के लिए भी पूरी जोर लगा रही है. कई जिलों में बाड़ेबंदी पहले ही हो चुकी थी, ऐसे में वोटिंग के दौरान ही चुने हुए सदस्यों को लाया जाएगा. बीजेपी और कांग्रेस के सीनियर नेता भी मोर्चा संभाले हुए हैं.
कांग्रेस का पलड़ा भारी
राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत हासिल की है. जिला परिषद की तरह पंचायत समितियों में भी कांग्रेस का पलड़ा भारी दिख रहा है. 275 पंचायत समितियों में कांग्रेस अपना प्रधान बनाने की स्थिति में है. हालांकि चुनाव में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होता है, ऐसे में सियासी जोड़-तोड़ भी दिख सकता है. वहीं 63 पंचायत समितियों में भाजपा जीती है, ऐसे में भाजपा भी पूरी रणनीति के साथ-साथ दूसरी पंचायत समितियों में भी नजर बनाए हुए हैं.
Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Election Results Live Update:
बालोतरा पंचायत समिति प्रधान चुनाव
बालोतरा पंचायत समिति प्रधान चुनाव में जिले की 11 समितियों में आज नए प्रधान चुने जा रहे हैं, जिसमें 3 पंचायत समिति में बीजेपी, 4 में कांग्रेस को बहुमत है, जबकि 3 समितियों में किसी को बहुमत नहीं है. 1 में RLP के पास बहुमत है. बालोतरा जिले में बालोतरा, गिड़ा, पाटोदी, कल्याणपुर, समदड़ी, सिवाना, पादरू, सिणधरी, पायल कल्ला, धोरीमन्ना और गुड़ामालानी पंचायत समितियां आती हैं.
सीकर के खंडेला में कांग्रेस का बड़ा दांव
सीकर जिले की खंडेला पंचायत समिति में कांग्रेस ने बड़ा दांव चला है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता महादेव सिंह खंडेला की पुत्रवधू मीनाक्षी खंडेला को यहां उम्मीदवार बनाया गया है. जिससे यहां मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना बन गई है.
राजस्थान पंचायत समिति का रिजल्ट
राजस्थान पंचायत समिति के रिजल्ट में कांग्रेस और बीजेपी में कड़ी टक्कर दिखी थी, जबकि हनुमान बैनीवाल की पार्टी आरएलपी ने भी बड़ी जीत हासिल की है. कई पंचायत समितियों में RLP अपना प्रधान बना सकती है.
कांग्रेस ने 3772 वार्ड जीते हैं.
भाजपा ने 2218 वार्ड जीते हैं.
निर्दलीय ने 664 वार्ड जीते हैं.
आरएलपी ने 497 वार्ड जीते हैं.
बाप पार्टी ने 278 वार्ड जीते हैं.
बीएसपी ने 61 वार्ड जीते हैं.
सीपीआईएम ने 50 वार्ड जीते हैं.
आम आदमी पार्टी ने 2 वार्ड जीते हैं.
जयपुर में आज 22 पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव
जयपुर जिले की 22 पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव आज होगा. सुबह 10 बजे नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी. जयपुर में 14 पंचायत समितियों में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है, जबकि 2 पंचायत समितियों में बीजेपी और 1 में आरएलपी को बहुमत है. 5 समितियों में किसी को बहुमत नहीं है. अमरसर, जालसू, मौजमाबाद, रामपुरा डाबरी और दूदू में मुकाबला दिलचस्प होगा. सांभरलेक और चौमूं में बीजेपी को बहुमत, सांगानेर पंचायत समिति में आरएलपी के पास बहुमत है. वहीं फागी, आमेर, शाहपुरा, चाकसू, जमवारामगढ़, तूंगा, बस्सी, माधोराजपुरा, कोटखावदा, गोविंदगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर, किशनगढ़ रेनवाल और आंधी में कांग्रेस को बहुमत मिला है.
राजस्थान पंचायत समिति प्रधान चुनाव
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद आज 37 जिलों की 419 प्रधान समितियों में आज प्रधान का चुनाव होने जा रहा है. सुबह 11 बजे से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी और शाम 5 बजे तक रिजल्ट आ जाएगा. कांग्रेस को 275 पंचायत समितियों बहुमत मिला है, जबकि भाजपा ने 63 समितियों में बहुमत हासिल किया है. ऐसे में कई जिलों में तोड़फोड़ होने की पूरी संभावना बन दिख रही है.