उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की PCS प्रीलिम्स परीक्षा का रिजल्ट हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया है. हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि परीक्षा का रिजल्ट और मेरिट लिस्ट दोबारा से जारी की जाए. हालांकि परीक्षा को रद्द नहीं किया गया है. यूपी पीसीएस का मेंस और इंटरव्यू प्रोसेस पूरा हो चुका है और अब हाईकोर्ट के फैसले के बाद फिर से ये प्रोसेस दोहराया जाएगा. ये पूरा मामला 'ओपन कैटेगरी' से जुड़ा है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद पहले हाईकोर्ट ने फाइनल रिजल्ट जारी करने पर रोक लगाई थी और अब प्रीलिम्स रिजल्ट को रद्द करने का फैसला सुनाया है. ऐसे में आइए समझते हैं कि ये ओपन कैटेगरी वाला नियम क्या होता है और यूपी पीसीएस परीक्षा में आखिर क्या हुआ था.
क्या होता है 'ओपन कैटेगरी' का नियम?
तमाम सरकारी भर्ती परीक्षाओं में हर वर्ग के उम्मीदवार हिस्सा लेते हैं. इसमें जनरल कैटेगरी के अलावा ओबीसी, एससी-एसटी और बाकी उम्मीदवार भी फॉर्म भरते हैं, आवेदन करते हुए आरक्षित श्रेणी वाला कॉलम टिक करना होता है, लेकिन परीक्षा में अगर कोई आरक्षित वर्ग का अभ्यर्थी सामान्य वर्ग की कट-ऑफ से ज्यादा नंबर लाता है तो उसे 'ओपन कैटेगरी' के तहत जनरल सीट पर चुना जाता है.
मान लीजिए किसी परीक्षा में कुल 10 सीटें हैं, जिनमें से 5 सीटें जनरल कैटेगरी के लिए और बाकी पांच 5 सीटें आरक्षित वर्ग के लिए हैं. परीक्षा में सभी को कुछ ऐसे नंबर मिलते हैं -
- राहुल (जनरल कैटेगरी) - 95 नंबर
- अमित (OBC कैटेगरी) - 94 नंबर
- प्रिया (जनरल कैटेगरी) - 92 नंबर
- सुमित (SC वर्ग) - 91 नंबर
- नेहा (जनरल कैटेगरी) - 90 नंबर
- विकास (जनरल कैटेगरी) - 88 नंबर
- पूजा (जनरल कैटेगरी) - 87 नंबर
- अंकित (OBC कैयेगरी) - 85 नंबर
- रवि (OBC कैटेगरी) - 84 नंबर
- सोनू (SC वर्ग) - 82 नंबर
UPPSC ने क्या गलती की?
यूपी लोक सेवा आयोग ने जनरल की 5 सीटों पर सिर्फ जनरल छात्रों (राहुल, प्रिया, नेहा, विकास, पूजा) को रख लिया. यानी जनरल कैटेगरी की कट-ऑफ 87 हो गई. वहीं आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों अमित और सुमित के नंबर जनरल कट-ऑफ से ज्यादा होने के बावजूद उन्हें उनकी आरक्षित सीटों पर ही जगह दी गई. इस गणित के हिसाब से 82 अंक हासिल करने वाला सोनू और 84 नंबर लाने वाला रवि मेरिट लिस्ट से बाहर हो गए. यानी जिन उम्मीदवारों को जगह मिल सकती थी, उन्हें ओपन कैटेगरी वाला नियम लागू नहीं करने से बाहर होना पड़ा.
अब कैसे जारी होगा रिजल्ट?
अब जो रिजल्ट जारी होगा, उसमें रवि और सोनू जैसे उम्मीदवारों को मेरिट लिस्ट में जगह मिल जाएगी और कट-ऑफ का पूरा गणित भी बदल जाएगा. क्योंकि आरक्षित श्रेणी के अमित (94) और सुमित (91) के नंबर जनरल की कट-ऑफ से ज्यादा हैं, इसलिए नियम के मुताबिक उन्हें जनरल की ओपन सीटों में जगह मिलेगी. ऐसा होने पर जनरल की कट-ऑफ 90 हो जाएगी. वहीं 88 और 87 नंबर लाने वाले विकास और पूजा बाहर हो जाएंगे. उधर आरक्षित वर्ग की 5 सीटें खाली बचेंगी, जिन पर 85, 84 और 82 नंबर वाले अंकित, रवि और सोनू को जगह मिल जाएगी.
किसे फायदा और किसे नुकसान?
हाईकोर्ट के इस फैसले का सबसे ज्यादा फायदा सीधे रिजर्व कैटेगरी के अभ्यर्थियों को होगा. वहीं जनरल कैटेगरी के कुछ अभ्यर्थी प्रीलिम्स से ही बाहर हो जाएंगे, इनमें ऐसे अभ्यर्थी भी हो सकते हैं, जिन्होंने इंटरव्यू दे दिया था और अब अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे.
यह भी पढ़ें | 10वीं-12वीं में थर्ड डिवीजन वाले ने यूपी PCS में कर दिया टॉप, सीएम योगी ने किया जिक्र
यह भी पढ़ें | नोएडा के नए पुलिस कमिश्नर जे रविंदर गौड कौन हैं? इन बड़े जिलों में किया काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं