- चीन के वैज्ञानिकों ने दुनिया का सबसे छोटा और हल्का पोर्टेबल CT स्कैनर विकसित किया है जिसका नाम Xtomo-Cube है
- Xtomo-Cube का आकार एक डेस्कटॉप स्पीकर के बराबर है और इसका वजन केवल छह किलोग्राम है
- यह CT स्कैनर छोटे जीवाश्मों और पुरातात्विक अवशेषों की तस्वीरें लेने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है
रिसर्च और नई चीजों को ईजाद करने के मामले में चीन के वैज्ञानिक अमेरिका को न सिर्फ टक्कर दे रहे हैं बल्कि एक हद तक आगे निकल रहे हैं. हर रोज चीन में ऐसी टेक्नोलॉजी आ रही है जो चौंका देती हैं. अब देखिए चीनी रिसर्चर्स ने दुनिया का सबसे छोटा CT स्कैनर बना दिया. यह एक पोर्टेबल डिवाइस है यानी इस CT स्कैनर को आप अपने साथ लेकर घूम सकते हैं, जहां जरूरत पड़े इससे काम ले सकते हैं. इस CT स्कैनर को छोटे जीवाश्मों और पुरातात्विक अवशेषों की तस्वीरें लेने के लिए डिजाइन किया गया है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार इस CT स्कैनर को चीन के शेडोंग प्रांत की कंपनी Rayim ने बनाया गया. इसका ना Xtomo-Cube है. अगर इसकी साइज की बात करें तो आप अपने डेस्कटॉप के साथ जो छोटा सा स्पीकर इस्तेमाल करते हैं, यह उसी के आकार का है. इसका वजन सिर्फ 6 किलोग्राम है.
इस रिपोर्ट के अनुसार चीनी एकेडमी ऑफ साइंसेज के सीनियर इंजीनियर और इस कंपनी के जनरल मैनेजर, लियू बाओडोंग ने सोमवार को 'साइंस एंड टेक्नोलॉजी डेली' को बताया, "इस डिवाइस को एक हाथ में पकड़ा जा सकता है और यह दुनिया का सबसे छोटा और हल्का CT सिस्टम है. इसलिए इसे पाम-साइज्ड CT स्कैनर' कहा जाता है."
लिउ ने बताया कि मशीन का स्पेशल रिजॉल्यूशन 80 माइक्रोमीटर था, यानी लगभग इंसानी बाल की मोटाई के बराबर है. इस CT स्कैनर से किसी घोंघे के खोल से लेकर दवा के कैप्सूल तक की चीजों का विश्लेषण किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि यह मशीन सिर्फ 200 वॉट बिजली लेती थी, जिसका मतलब है कि फील्ड में इसे एक आम पोर्टेबल पावर बैंक से भी चलाया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं