विज्ञापन

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में गिरी बहुमंजिला इमारत, राहत और बचाव कार्य जारी

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक बिल्डिंग गिर गई. इस हादसे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. मौके पर पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंच चुकी है. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में इमारत गिरी
NDTV

सत्य निकेतन हादसे के करीब एक महीने बाद राजधानी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक और इमारत गिर गई है. इस इमारत में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. दो बच्चों को मलबे से निकाला गया है. मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है. फायर विभाग को दोपहर करीब सवा 3 बजे बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली. इसके बाद मौके पर दिल्ली पुलिस और फायर विभाग की टीम पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं.

सीमापुरी बिल्डिंग हादसे से जुड़े लाइव अपडेट यहां पढ़ें

हादसे के बाद का वीडियो सामने आया है. वीडियो में मलबा दिख रहा है. सैकड़ों स्थानीय लोग मलबे को हटाने की कोशिश कर रहे हैं. दिल्ली पुलिस के जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन कर रहे हैं. ये हादसा सीमापुरी में मछली मंडी के पास हुआ है. फायर डिपार्टमेंट ने मौके पर चार फायर टेंडर भेजे हैं.

25 गज के प्लॉट पर बनी हुई थी इमारत

शुरुआती रिपोर्टों में इमारत को तीन, चार और पांच मंजिला बताए जाने की अलग-अलग जानकारी सामने आई है. मौके से सामने आई तस्वीरों और स्थानीय रिपोर्टों में इमारत का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील नजर आ रहा है. ऐसे में बचाव दल बेहद सावधानी से मलबा हटाकर अंदर किसी व्यक्ति के फंसे होने की संभावना तलाश रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि इमारत करीब 25 गज के छोटे से प्लॉट पर बनी हुई थी. हादसे के बाद चार से पांच लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है. घायलों को राजीव गांधी अस्पताल ले जाने की जानकारी भी सामने आई है. 

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

हादसे के बाद दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का बयान सामने आया है. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि सीमापुरी में एक बहुमंजिला इमारत ढह गई है और बचाव दल घटनास्थल पर काम कर रहे हैं. सीमापुरी गोल चक्कर, DLF भोपुरा और आस-पास की सड़कों पर ट्रैफिक प्रभावित है. हर खाली लेन एम्बुलेंस और बचाव वाहनों को तेजी से निकलने का रास्ता देती है. कृपया हो सके तो इस इलाके में जाने से बचें. घटनास्थल के पास न रुकें, न गाड़ी पार्क करें और न ही भीड़ जमा करें. साथ ही, ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

तीन लोग अभी अंदर फंसे हैं... जिसका मकान गिरा, उसने क्या कहा?

स्थानीय निवासी सलीम ने कहा, 'यह हमारा घर था. यह अचानक ढह गया. हमने काफी लोगों को बाहर निकाल लिया. मेरा दामाद भी अंदर फंसा हुआ था, लेकिन उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. मेरी बेटी भी अंदर थी, उसे भी सुरक्षित निकाल लिया गया है. दो बच्चों को भी बचाया गया है. तीन अन्य लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं और क्रेन की मदद से छत हटाकर उन्हें बचाने की कोशिश की जा रही है.'

अब तक 5-6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया

शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि अब तक करीब पांच-छह लोगों को अस्पताल ले जाया गया है. बचाव अभियान अभी भी जारी है. सारी जानकारी मिलने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. फिलहाल, दो-तीन लोग अंदर दिखाई दे रहे हैं और वे हमसे बातचीत भी कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: 'धम्म से आवाज आई फिर...', सीमापुरी में बिल्डिंग गिरने के बाद NDTV को लोगों ने बताई आंखोंदेखी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Building Collapse, Delhi Building Collapse Breaking News, Delhi Building Collapse Case, Delhi Building Collapse Death, Delhi Building Collapse Death Toll
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com