- ईरान के जाग्रोस पहाड़ों में रहने वाला स्पाइडर-टेल्ड हॉर्न्ड वाइपर अपने शरीर की पूंछ से पक्षियों को फंसाता है
- इस सांप की मकड़ी जैसी दिखने वाली पूंछ शिकार को लुभाने के लिए हिलाकर आकर्षित करती है
- हालिया रिसर्च में पता चला कि पूंछ की बनावट सिर्फ बाहरी है और हड्डियों में कोई असामान्यता नहीं है
इसे आप दुनिया का सबसे शातिर जहरीला सांप कह सकते हो. ईरान के जाग्रोस के पहाड़ों में जिंदगी आसान नहीं और यहां पर यह वाइपर जिंदा रहने के लिए अपने ही शरीर का इस्तेमाल करता है. इसके शरीर की बनावट ही इसका जाल है जिसमें चिड़िया लालच में फंस जाती है. हम बात कर रहे हैं स्पाइडर-टेल्ड हॉर्न्ड वाइपर की जिसके नाम में ही इसकी सबसे बड़ी खासियत छिपी है. अब इस सांप पर एक बड़ी रिसर्च हुई है और ऐसा राज सामने आया है जो आज से पहले पता ही नहीं था.
कैसे करता है शिकार?
पहले तो आप जान लीजिए कि यह जहरीला सांप शिकार कैसे करता है. जाग्रोस के पहाड़ों के ऊपर मंडराते हुए एक पक्षी को चट्टानों पर चढ़ती हुई एक मोटी मकड़ी जैसी चीज दिखाई देती है. लेकिन जैसे ही वह शिकारी पक्षी उस पर झपट्टा मारता है, वह खुद ही शिकार बन जाता है. क्योंकि जो चीज उसे मकड़ी लग रही थी, वह अचानक हिलकर उसे पकड़ लेती है. वह मकड़ी सी दिखने वाली चीज असल में इस वाइपर सांप की ऊबड़-खाबड़ पूंछ है, जिसके सिर पर सींग जैसी बनावट है. यह सांप अपने मकड़ी जैसी दिखने वाले पूंछ को लुभावने अंदाज में हिलाता-डुलाता है और पक्षियों को अपने पास बुलाता है.
1968 में मिला था ऐसा पहला सांप
जब 1968 में वैज्ञानिकों ने ईरान में स्पाइडर-टेल्ड हॉर्न्ड वाइपर का एक सैंपल इकट्ठा किया था. लेकिन तब उन्होंने मकड़ी के आकार वाली उसकी पूंछ के सिरे पर ध्यान नहीं दिया. लेकिन जब 2003 में जब एक ऐसा सांप मिला तो तब वैज्ञानिकों ने सोचा कि शायद इस प्रजाति के लिए यही सामान्य बात है. ऐसा माना गया कि इसके पूंछ में 'मकड़ी के पैरों' जैसे कई अंग और बल्ब के आकार का सिरा होता है और यह शिकार को लुभाने के लिए एक चारे के तौर पर इस्तेमाल होने के लिए विकसित हुई थी.
अब क्या पता चला है?
'द एनाटॉमिकल रिकॉर्ड' जर्नल में एक स्टडी छपी है जिसे शिकागो में फील्ड म्यूजियम के नेगौनी इंटीग्रेटिव रिसर्च सेंटर में हर्पेटोलॉजी के एसोसिएट क्यूरेटर और कोर लेबोरेटरीज की डायरेक्टर सारा रुआने और क्राकोव में पोलिश एकेडमी ऑफ साइंसेज के एसोसिएट प्रोफेसर जॉर्जियास जॉर्जालिस ने मिलकर लिखा है. दोनों ने इस सांप पूंछ की जांच की है, उसका 3D मॉडल बनाने के लिए फील्ड म्यूजियम की नई X-रे कंप्यूटेड टेक्नोलॉजी (XCT) लैब का इस्तेमाल किया.
इस जांच में पता चला कि पूंछ पर मकड़ी जैसा सिरा सिर्फ बाहरी बनावट है. इस सांप की पूंछ की हड्डियां (वर्टिब्रा) वैसी ही थीं जैसी ज्यादातर वाइपर सांपों में होती हैं. सांप के कंकाल में ऐसी कोई चीज नहीं थी जिससे यह पता चल सके कि बाहर से उसकी पूंछ इतनी अजीब क्यों दिखती है.
यह भी पढ़ें | आज एक साथ दी जाएगी 23 हाथियों की बलि, दुनिया भर में उठ रही इन बेगुनाहों को बचाने की आवाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं