- चिल्ला एलीवेटेड रोड दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा तक 5.5 किलोमीटर लंबा सिग्नल फ्री कॉरिडोर होगा
- इस छह लेन के रोड का आधे से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और यह 2027 तक तैयार होगा
- इस रोड के बनने से मयूर विहार से नोएडा का सफर पांच से सात मिनट में पूरा हो सकेगा
दिल्ली और नोएडा के बीच सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है. जब दिल्ली के मयूर विहार से चिल्ला बॉर्डर होते हुए नोएडा आते हैं, तो अक्सर यहां जाम का की समस्या रहती है. लेकिन अब इस जाम से मुक्ति मिलने वाली है. इसके लिए 6-लेन का चिल्ला एलीवेटेड रोड बनाया जा रहा है. यह रोड का 50 फीसदी से ज्यादा काम पूरा भी हो गया है. यह अगले साल यानी 2027 तक बनकर तैयार हो जाएगा. इसके बाद दिल्ली के मयूर विहार से नोएडा तक का सफर महज 5-7 मिनट में पूरा होगा.
क्यों खास है यह 6-लेन का एलिवेटेड रोड?
चिल्ला एलिवेटेड रोड नोएडा और दिल्ली के बॉर्डर यानी चिल्ला रेगुलेटर से शुरू होगा. इसके बाद यह फिल्म सिटी के पीछे होते हुए महामाया फ्लाईओवर तक जाएगा. खास बात यह है कि यह पूरा कॉरिडोर सिग्नल फ्री होगा. यह कॉरिडोर 5.5 किलोमीटर का होगा. फिलहाल दिल्ली-नोएडा के बीच मौजूदा रास्ते से पीक ऑवर्स के दौरान यह सफर 30 से 45 मिनट में पूरा होता है. इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद यह दूरी महज 5 से 7 मिनट में पूरी हो सकेगी.
DND से लेकर नोएडा एक्सप्रेसवे तक की कनेक्टिविटी
यह एलिविटेड रोड दिल्ली-एनसीआर के तीन सबसे बड़े रास्तों को आपस में सीधे जोड़ देगा.
डीएनडी फ्लाईवे: इस एलिवेटेड रोड की कनेक्टिविटी डीएनडी फ्लाईवे से भी होगी. इससे नोएडा से दिल्ली के आश्रम, AIIMS जैसे इलाकों में पहुंचना आसान हो जाएगा.
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे: महामाया फ्लाईओवर के पास यह एलिवेटेड रोड नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इसके बाद नोएडा के सेक्टर 96, 127, 129, 146 से लेकर नॉलेज पार्क और परिचौक तक का सफर आसान होगा.
यमुना एक्सप्रेसवे: नोएडा-ग्रेटर नोएडा से ही यमुना एक्सप्रेसवे की शुरुआत होती है. ऐसे में यह कॉरिडोर यमुना एक्सप्रेसवे तक की कनेक्टिविटी देगा. इससे मयूर विहार-अक्षरधाम से आने वाले लोग बिना किसी ट्रैफिक में फंसे सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से मथुरा-आगरा तक जा पाएंगे.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी कैसे मिलेगी
भले ही यह कॉरिडोर दिल्ली-नोएडा के बीच बन रहा हो लेकिन यह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी देगा. इसके दो रूट होंगे. पहला रूट कालिंदी कुंज होते हुए आगे फरीदाबाद और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक होगी. इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे को भी ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और आगे जेवर से एक नए लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक की कनेक्टिविटी मिलेगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं