क्रिकेट की दुनिया में आज यानी 16 सितंबर को काफी हलचल है. एक तरफ 3 साल बाद IPL 2027 ऑक्शन की भारत में वापसी की खबर है, तो दूसरी तरफ महिला प्रीमियर लीग का पांचवां सेशन 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा. इसके अलावा इंग्लैंड में मयंक अग्रवाल ने शतक ठोक कर सेलेक्टर्स को जवाब दिया तो जोस बटलर ने रोहित शर्मा का बड़ा T20I रिकॉर्ड तोड़ दिया. वहीं श्रीलंका के महानायक अरविंद डी सिल्वा पर गिरफ्तारी की तलवार लटक गई है.
भारत में होगा IPL 2027 का ऑक्शन
पिछले तीन सेशन विदेश में कराने के बाद आईपीएल 2027 सेशन के लिये खिलाड़ियों का ऑक्शन भारत में होगा. आईपीएल चेयरमैन अरूण धूमल ने यह जानकारी दी है. इससे पहले पिछले तीन सेशन में ऑक्शन दुबई, जेद्दा और अबुधाबी में हुए हैं. धूमल ने पीटीआई से कहा , 'हर साल हम कोशिश करते हैं कि यह भारत में हो लेकिन शादियों के समय के कारण हमें जगह नहीं मिलती. इस बार हम भारत में ही करायेंगे क्योंकि यह छोटी ऑक्शन होगी और हमें वेन्यू मिल जायेगा.' बीसीसीआई की 18 सितंबर को होने वाली एजीएम के दौरान धूमल का आईपीएल चेयरमैन फिर चुना जाना तय है. यहां पढ़ें पूरी खबर
कोच्चि में सजेगी WPL 2027 ऑक्शन की महफिल
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को बताया कि महिला प्रीमियर लीग का पांचवां सेशन 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक खेला जाएगा और इसके लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगा. बीसीसीआई ने हालांकि अभी डब्ल्यूपीएल के आयोजन के लिए मेजबान शहरों के नामों का खुलासा नहीं किया है. बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, 'महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग के रूप में टाटा डब्ल्यूपीएल ने इस खेल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर अपनी पहचान बनाई है. यह लीग भारत और दुनिया भर की टॉप खिलाड़ियों को एक साथ लाने के साथ उभरती प्रतिभाओं को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने के अवसर भी प्रदान करती है.' यहां पढ़ें पूरी खबर
क्रिकेट के महानायक पर कानूनी संकट
श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज और टीम को 1996 का वनडे विश्व कप जीताने में अहम भूमिका निभाने वाले अरविंद डी सिल्वा और उनकी पत्नी प्रियंगा अनुष्का विजेनायके की गिरफ्तारी का वारंट कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट पासन अमरसेना ने बुधवार को जारी किया. यह आदेश तब दिया गया जब कपिला चंद्रसेना और उनकी पत्नी से जुड़े एयरबस ट्रांजेक्शन से जुड़ा मामला बुधवार सुबह कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया. कपिल चंद्रसेना, जिन्हें इस घटना के सिलसिले में संदिग्ध के तौर पर नामजद किया गया था, अब गुजर चुके हैं. उनकी पत्नी, जिन्हें इस मामले में जमानत पर रिहा कर दिया गया है, वे अभी विदेश में हैं. पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर अरविंदा डी सिल्वा और उनकी पत्नी प्रियंगा अनुष्का विजेनायके जमानत के तौर पर खड़े थे. यहां पढ़ें पूरी खबर
भारत ने किया नजरअंदाज, तो इंग्लैंड पहुंच गया भारतीय स्टार
काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन दो का 49वां मुकाबला 15 सितंबर से डरहम और वूस्टरशायर के बीच चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जा रहा है. जहां टीम इंडिया में वापसी के लिए जद्दोजहद कर रहे अनुभवी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने सेंचुरी जड़ हर किसी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है. 35 वर्षीय अग्रवाल यहां डरहम की टीम का हिस्सा हैं. चेस्टर ली स्ट्रीट में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डरहम की शुरूआत कुछ खास नहीं हुई थी. टीम को पहला झटका 56 रन के योग पर कैप्टन एलेक्स लीज के रूप में लगा. पारी आगाज करते हुए लीज 50 गेंद में 40 रन बनाकर गिबन का शिकार बने. टीम इस बड़े झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि वन डाउन पर बल्लेबाजी करने आए विल रोड्स भी आउट हो गए. जिसके बाद क्रीज पर नए बल्लेबाज के तौर पर आए अग्रवाल के कंधों पर सारा दारोमदार आ गया. यहां पढ़ें पूरी खबर
डोपिंग के मामले में कोच पर आजीवन बैन, पावरलिफ्टर सस्पेंड
राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) द्वारा बुधवार को जारी लेटेस्ट रिस्ट्रिक्शन लिस्ट में एथलेटिक्स कोच राकेश कुमार पर प्रतिबंधित पदार्थ देने के मामले में आजीवन बैन लगाया गया है, जबकि पावरलिफ्टर गौरव वत्स को प्रतिबंधित दवाओं को रखने और उनकी तस्करी के आरोप में अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है. राकेश को पिछले साल मार्च में निलंबित किया गया था और उन पर लगाया गया प्रतिबंध उसी अवधि से प्रभावी माना जाएगा. यहां पढ़ें पूरी खबर
भारतीय खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों के लिए शुरू किया ‘चेक-इन'
एशियाई खेलों के लिए भारत के वुशु और टेबल टेनिस खिलाड़ियों के साथ कुछ बैडमिंटन खिलाड़ी बुधवार को नागोया पहुंचने वाले शुरुआती भारतीय एथलीटों में शामिल रहे, जहां खिलाड़ियों के ठहरने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह सुगम नहीं रही. सात खिलाड़ियों और दो कोचों वाला भारतीय वुशु दल बुधवार दोपहर नागोया पहुंचा. बताया गया कि पंजीकरण के दौरान एक खिलाड़ी और दो कोचों के नाम आवंटित कमरों की सूची में नहीं मिले. दल के एक सदस्य ने आयोजन स्थल पर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद बताया, ‘छह वुशु खिलाड़ियों को नागोया बंदरगाह पर खड़े क्रूज जहाज में कमरे मिल गए, लेकिन एक खिलाड़ी और दो कोचों के नाम वहां नहीं थे.' यहां पढ़ें पूरी खबर
जोस बटलर ने तोड़ा रोहित का बड़ा रिकॉर्ड
एक तरफ जब आज अगरकर एंड कंपनी विंडीज के खिलाफ वनडे टीम चुनने जा रही है, तो रोहित शर्मा का नाम फिर से चर्चा में है, तो वहीं उनका एक बड़ा रिकॉर्ड भी टी20 में टूट गया है. इंग्लैंड के जोस बटलर पुरुषों के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रोहित शर्मा को पीछे छोड़कर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, और उन्होंने अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ा मील का पत्थर जोड़ लिया है. इंग्लैंड के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने यह उपलब्धि मंगलवार को साउथेम्पटन में श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच के दौरान हासिल की, जहां मेजबान टीम ने 119 रनों से शानदार जीत दर्ज कर तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली. और इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने अपने वर्ल्ड रिकॉर्ड में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ लिया. यहां पढ़ें पूरी खबर
आईसीसी टी20 रैंकिंग में अभिषेक शर्मा का धमाका
भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में लगातार दो मुकाबले जीतकर 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है. इस शानदार प्रदर्शन का असर ICC की ताजा T20I रैंकिंग में भी देखने को मिला, जहां भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा फायदा हुआ है. भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में खेली गई उनकी 82 रन की विस्फोटक पारी का उन्हें सीधा फायदा मिला. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान को पीछे छोड़ दिया. ताजा रैंकिंग में अभिषेक से आगे केवल भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन हैं. यहां पढ़ें पूरी खबर
एशियन गेम्स टीम से वरुण चक्रवर्ती OUT
वरुण चक्रवर्ती चोट के कारण एशियन गेम्स से भी बाहर हो गए हैं. वहीं. अब उनकी जगह एक नए खिलाडी़ को टीम इंडिया में मौका मिला है. PTI के रिपोेर्ट्स के अनुसार वरुण चक्रवर्ती के रिप्लेसमेंट के तौर पर उत्तर प्रदेश के विपराज निगम को टीम में शामिल कर लिया गया है. बीसीसीआई जल्द ही इसका ऐलान करने वाला है. बता दें कि उत्तर प्रदेश के विपराज निगम आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स की टीम का हिस्सा रहे हैं. विपराज निगम लेग स्पिनर हैं और वह आईपीएल के अलावा यू पी टी 20 लीग में भी अपनी गेंदबाजी से जलवा दिखा चुके हैं. यहां पढ़ें पूरी खबर
पॉवर-प्ले' की 'वर्ल्ड पॉवर' टीम इंडिया
जब बात व्हाइट-बॉल की आती है, तो पिछले कुछ सालों में टीम इंडिया का कोई जवाब नहीं है! एक से बढ़कर एक कारनामा पिछले करीब दो या ढाई साल में टीम रोहित, टीम सूर्यकुमार यादव ने किया है. और अब टीम अय्यर भी इसी राह पर हो चल पड़ी है. मंगलवार को नई दिल्ली में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ लगातार दसवीं जीत दर्ज कर दुनिया भर को मैसेज दिया कि वह इस फॉर्मेट में कितनी क्रूर है. लेकिन इसमें भी जब बात "पावर-प्ले" की आती है, तो फिर तो भारतीय धुरंधरों के सामने कोई भी नहीं ठहरता. न ही कोई टीम, न ही बल्लेबाज विशेष! पावर-प्ले बोले, तो शुरुआती 1-6 ओवर के बीच खेले जाने वाला वह खेल, जब 30 गज के घेर के बार सिर्फ दो ही खिलाड़ी होते हैं. और इस दौरान पिछले करीब दो ढाई साल में भारतीय बल्लेबाजों खासकर ओपनरों ने मिलकर दुनिया के बॉलरों का ऐसा बुरा हाल किया कि बॉलरों के बीच दहशत पसर गई है. इसका एक बड़ा सबूत मंगलवार को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने एक बार फिर से दिया कि जो भी पावर-प्ले में भारतीय धुरंधरों के सामने आएगा, उसे बुरी तरह से धो दिया जाएगा. यहां पढ़ें पूरी खबर
ये भी पढ़ें- क्रिकेट के महानायक पर कानूनी संकट, अरविंदा डी सिल्वा और उनकी पत्नी के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं