Tata Motors ने हाल ही में अपनी कार Sierra EV को एक मॉडर्न इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ लॉन्च करके भारतीय बाजार में इस ऐतिहासिक नाम की वापसी कराई है. इस SUV को QWD के साथ लॉन्च किया गया है. इस ऑल-व्हील-ड्राइव सिस्टम की रियल ऑफ-रोड कैपिसिटी को दर्शाने के लिए, SRK Designs ने एक डिजिटल रेंडर तैयार किया है. इसे 'Sierra EV Overlander' कॉन्सेप्ट नाम दिया गया है. ये नया कॉन्सेप्ट इस इलेक्ट्रिक SUV की मजबूती को कई कदम आगे ले जाता है.
फोटो के आधार पर, इस कॉन्सेप्ट मॉडल में भारी-भरकम बॉडी आर्मर, खास ऑफ-रोड हार्डवेयर और ओवरलैंडिंग डिवाइस दिए गए हैं. ये अभी बिकने वाली स्टैंडर्ड Sierra EV और बरसों पहले बिकने वाली Tata की प्रसिद्ध 'Safari Storme' से भी कहीं ज्यादा आक्रामक और दमदार लुक पेश करता है.
Sierra EV की फ्रंट और रियर बंपर
इस कॉन्सेप्ट मॉडल में कंपनी की तरफ से मिलने वाले नॉर्मल बंपर्स को हटाकर खासतौर से तैयार किए गए हाई-क्लीयरेंस स्टील-स्टाइल ऑफ-रोड बंपर्स लगाए गए हैं. इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया है कि गाड़ी के चढ़ाई पर चढ़ने और उतरने की क्षमता में काफी सुधार हो सके. ये बदलाव गाड़ी को बेहद खड़ी चढ़ाई, गहरे गड्ढों और पथरीले रास्तों पर आसानी से निकलने में मदद करता है. ऐसे बंपर्स आमतौर पर उन गाड़ियों में देखे जाते हैं जिनका इस्तेमाल दुर्गम रास्तों और जंगलों की खोज के लिए किया जाता है.
इसके फ्रंट बंपर में एक मजबूत इलेक्ट्रिक रिकवरी विंच लगाई गई है. जिसमें रेड कलर की सिंथेटिक रस्सी और फेयरलीड दिया गया है. साथ ही इसके दोनों तरफ रेड कलर के डी-रिंग शेकल माउंट्समिलते हैं. ऐसे ही डी-रिंग माउंट्स पीछे के बंपर पर भी लगाए गए हैं. फ्रंट बंपर के ठीक ऊपर एक ट्यूबलर ब्रश गार्ड दिया गया है. जिस पर ऑफ-रोडिंग के दौरान रात के अंधेरे में साफ देखने के लिए एक बड़ी और चौड़ी LED लाइट बार फिट की गई है. पीछे की तरफ, बंपर के साथ एक कस्टमाइज्ड स्विंग-आउट टायर कैरियर जोड़ा गया है. जिससे ये Sierra EV अपने साथ एक फुल-साइज का स्पेयर व्हील आसानी से ले जा सकती है.
सस्पेंशन, व्हील्स और साइड प्रोफाइल
इस ऑफ-रोड कॉन्सेप्ट में एक खास सस्पेंशन लिफ्ट दी गई है. जो गाड़ी की ग्राउंड क्लियरेंस को काफी बढ़ा देती है. जिससे बड़े पत्थरों और उबड़-खाबड़ रास्तों को आसानी से पार किया जा सके. कार में मिलने वाले सामान्य एयरोडायनेमिक अलॉय व्हील्स को हटाकर स्पेशली डिजाइन किए गए ब्लैक बीडलॉक-स्टाइल व्हील्स लगाए गए हैं. जिन पर उबड़-खाबड़ रास्तों पर बेजोड़ ग्रिप बनाने के लिए मोटे और भारी मड-टेरेन टायर्स चढ़ाए गए हैं.
इन चौड़े टायर्स और बड़े व्हील्स को पूरी तरह से कवर करने के लिए गाड़ी के साइड प्रोफाइल में बिना पेंट किए हुए ब्लैक व्हील आर्च फ्लेयर्स (फेंडर्स) को काफी बाहर की तरफ बढ़ाया गया है.
कैंपिंग के लिए रख पाएंगे कई सामान
गाड़ी की रूफ पर एक मजबूत रैक सिस्टम दिया गया है जो एक बड़े और एयरोडायनेमिक हार्ड-शेल रूफटॉप टेंट को सपोर्ट करता है. इस टेंट का रंग पूरी तरह से गाड़ी की बॉडी के कलर से मैच करता है. कीचड़, रेत या दलदल जैसी जगहों पर गाड़ी के फंसने पर तुरंत मदद के लिए टेंट के दोनों किनारों पर ऑरेंज और ब्लैक कलर के ऑफ-रोड रिकवरी बोर्ड्स बांधे गए हैं. इन सबके साथ आप बिना किसी बाहरी मदद के कई दिनों तक बाहर कैंपिंग का मजा ले सकते हैं.
मिलिट्री और एडवेंचर थीम
शोरूम से मिलने वाले ब्राइट पेंट के स्थान पर इस गाड़ी को एक रफ-एंड-टफ मैट ऑलिव-ग्रीन फिनिश दी गई है. जो इसके मिलिट्री और एडवेंचर थीम को और स्ट्रांग बनाती है. कार में मिलने वाले क्रोम और ब्राइट हिस्सों को हटाकर पूरी तरह से ब्लैक-आउट कर दिया गया है. जिसमें खिड़कियों की ट्रिम, फ्लश डोर हैंडल्स और साइड मिरर्स शामिल हैं. जो इसे एक 'स्टेल्थ' लुक देते हैं.
Tata Sierra EV की कीमत
भारत में Tata सिएरा ईवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 18.79 लाख रुपये है. ये इलेक्ट्रिक SUV बाजार में 63 kWh और 75 kWh के दो बड़े बैटरी पैक्स के साथ आती है. कंपनी का दावा है कि ये सिंगल चार्ज पर अधिकतम 665 किमी तक का शानदार माइलेज (रेंज) देती है. इसके सबसे प्रीमियम QWD (AWD) वेरिएंट का टोटल इंजन आउटपुट 306 hp की दमदार पावर और 504 Nm का टॉर्क जनरेट करता है.
ये भी पढ़ें- भारतीय ऑटो बाजार में ऐतिहासिक उछाल! अगस्त में टूटे बिक्री के सारे रिकॉर्ड, जबरदस्त हुई सेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं