- भोपाल में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के काफिले का एक्सीडेंट हो गया. कई बाइकें आपस में टकरा गईं
- हादसा VIP रोड पर तब हुआ जब ओवैसी का काफिला एयरपोर्ट से होटल जा रहा था
- अचानक ब्रेक लगाने से बाइकें अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा गईं, कई बाइकर गिर पड़े
मध्य प्रदेश के भोपाल में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के काफिले में बड़ा हादसा हो गया. एयरपोर्ट से होटल जाने के दौरान ओवैसी के काफिले में शामिल वाहन एक दूसरे से टकरा गए. VIP रोड पर हुए इस हादसे के दौरान काफिले में शामिल आधा दर्जन बाइकें आपस में भिड़ गईं. इस हादसे में 4 से 5 युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, घटना का वीडियो भी सामने आया है.
VIP रोड पर ओवैसी के काफिले का एक्सीडेंट
दरअसल ये हादसा तब हुआ जब ओवैसी का काफिला VIP रोड से गुजर रहा था. बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाने से बाइकें एक-दूसरे से टकरा गईं. मौके पर अफरा-तफरी मच गई. मंगलवार को ओवैसी एक जनसभा को संबोधित करने भोपाल पहुंचे थे. दोपहर करीबन 4 बजे उनका काफिला एयरपोर्ट से होटल के लिए जा रहा था. काफिले में बड़ी संख्या में ओवैसी के समर्थक कार और मोटर साइकिलों पर सवार थे.
ब्रेक लगाते ही आपस में भिड़ीं गाड़ियां
हादसे का वीडियो सामने आया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे एक के बाद एक बाइकें अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा रही हैं. काफिले में चल रहे युवक सड़क पर गिर पड़े. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफिले में बड़ी संख्या में बाइकें थीं, जो ओवैसी की गाड़ी के साथ चल रही थीं. अचानक आगे चल रही बाइक ने ब्रेक लगाया और पीछे से आ रही बाइकें उसमें जा भिड़ीं. हादसे में 6 से 7 युवकों को चोटें आई हैं. दो युवकों को ज्यादा चोट लगी है.
4-5 बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भिजवाया. इसके बाद ओवैसी का काफिला आगे रवाना हो गया. इस हादसे के बाद सवाल यह है कि VIP मूवमेंट के दौरान बिना हेलमेट और ट्रैफिक नियमों का पालन किए बिना इस तरह बाइक रैली निकालने की इजाजत किसने दी. जबकि इस VIP रोड पर हमेशा मंत्रियों और VIP का आना जाना लगा रहता है.
ये भी पढे़ं-भोपाल में UCC के खिलाफ ओवैसी की हुंकार, बोले- निकाह कॉन्ट्रैक्ट है, जन्मों का साथ नहीं, BJP विधायक को चुनौती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं