एशियाई खेलों के लिए भारत के वुशु और टेबल टेनिस खिलाड़ियों के साथ कुछ बैडमिंटन खिलाड़ी बुधवार को नागोया पहुंचने वाले शुरुआती भारतीय एथलीटों में शामिल रहे, जहां खिलाड़ियों के ठहरने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह सुगम नहीं रही. सात खिलाड़ियों और दो कोचों वाला भारतीय वुशु दल बुधवार दोपहर नागोया पहुंचा. बताया गया कि पंजीकरण के दौरान एक खिलाड़ी और दो कोचों के नाम आवंटित कमरों की सूची में नहीं मिले. दल के एक सदस्य ने आयोजन स्थल पर पहुंचने के करीब दो घंटे बाद बताया, ‘छह वुशु खिलाड़ियों को नागोया बंदरगाह पर खड़े क्रूज जहाज में कमरे मिल गए, लेकिन एक खिलाड़ी और दो कोचों के नाम वहां नहीं थे.'
ये भी पढ़ें- एशियन गेम्स 2026: 17 सितंबर से एक्शन में होंगे भारतीय एथलीट, ऐसा है टीम इंडिया का पूरा शेड्यूल
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के एक अधिकारी ने कहा कि सभी खिलाड़ियों को इटली के क्रूज जहाज में कमरे मिल गये हैं. वुशू और टेबल टेनिस के खिलाड़ी उन भारतीय एथलीटों में शामिल हैं, जिन्हें खेलों के दौरान क्रूज जहाज पर ठहरना है. खेलों का आगाज शनिवार से होगा जबकि वुशू और टेबल टेनिस की स्पर्धाएं रविवार से शुरू हो रही हैं. यही वजह है कि इन दोनों खेलों के खिलाड़ी यहां पहुंचने वाले शुरुआती दलों में शामिल रहे. टेबल टेनिस दल को भी शाम को क्रूज जहाज पर चेक-इन करने से पहले लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा. दल के एक सदस्य ने कहा, ‘क्रूज पर पहुंचने के बाद प्रक्रिया काफी लंबी है, लेकिन अब चीजें व्यवस्थित हो गई हैं.'
भारतीय दल के उप प्रमुख अचंता शरथ कमल ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों ने चेक-इन (आवास में पहुंचा) करना शुरू कर दिया है और फिलहाल ‘ज्यादा समस्या नहीं है.' शनिवार (19 सितंबर) से शुरू होने वाले आइची-नागोया खेलों में भारत के 501 खिलाड़ी और 265 अधिकारी हिस्सा लेंगे. भारतीय दल के सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था कंटेनरनुमा कमरों, बंदरगाह पर खड़े क्रूज जहाज और होटलों में की गई है. करीब 17,000 अन्य प्रतिभागियों के लिए भी इसी तरह की आवास व्यवस्था की गई है.
कंटेनरनुमा कमरों को लेकर दक्षिण कोरियाई दल ने इनके छोटे आकार पर आपत्ति जताई है. एशियाई क्रिकेट परिषद के कुछ सदस्यों ने भी उपलब्ध कराए जा रहे आवास की गुणवत्ता को लेकर चिंता व्यक्त की है. करीब 4,000 से 5,000 खिलाड़ियों के लिए नागोया बंदरगाह पर खड़े किए जाने वाले लक्जरी क्रूज लाइनर कोस्टा सेरेना में ठहरने की व्यवस्था है, जबकि करीब 2,000 खिलाड़ी नागोया खाड़ी स्थित गार्डन पियर में बनाए गए परिवर्तित शिपिंग कंटेनर में रहेंगे. बाकी खिलाड़ी और अधिकारी आइची प्रांत में प्रतियोगिता स्थलों के आसपास स्थित व्यावसायिक होटलों में ठहरेंगे. कुछ स्पर्धाएं, जैसे तैराकी, तोक्यो में आयोजित होंगी. इसलिए वहां भी कुछ प्रतिभागियों के लिए आवास की व्यवस्था की गई है.
ये भी पढ़ें- 'नाकाम हुआ तो आलोचना होगी, फिर भी जोखिम लेता हूं' , संजू सैमसन ने जीता दिल, टीम से अंदर-बाहर होने पर तोड़ी चुप्पी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं