काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन दो का 49वां मुकाबला 15 सितंबर से डरहम और वूस्टरशायर के बीच चेस्टर ली स्ट्रीट में खेला जा रहा है. जहां टीम इंडिया में वापसी के लिए जद्दोजहद कर रहे अनुभवी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने सेंचुरी जड़ हर किसी का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है. 35 वर्षीय अग्रवाल यहां डरहम की टीम का हिस्सा हैं. चेस्टर ली स्ट्रीट में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डरहम की शुरूआत कुछ खास नहीं हुई थी. टीम को पहला झटका 56 रन के योग पर कैप्टन एलेक्स लीज के रूप में लगा. पारी आगाज करते हुए लीज 50 गेंद में 40 रन बनाकर गिबन का शिकार बने. टीम इस बड़े झटके से उबर भी नहीं पाई थी कि वन डाउन पर बल्लेबाजी करने आए विल रोड्स भी आउट हो गए. जिसके बाद क्रीज पर नए बल्लेबाज के तौर पर आए अग्रवाल के कंधों पर सारा दारोमदार आ गया. यहां उन्होंने किसी को निराश भी नहीं किया और शतक जड़ते हुए सबको अपना मुरीद बना लिया.
177 रन बनाने में कामयाब रहे मयंक अग्रवाल
वूस्टरशायर के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में मयंक अग्रवाल का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा. टीम के लिए चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 220 गेंदों का सामना किया. इस बीच देखते ही देखते 80.45 की स्ट्राइक रेट से 177 रन कूट डाले. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 31 चौके और एक शानदार छक्का देखने को मिला. मैच के दौरान मयंक अग्रवाल को टेलर ने अपने जाल में फंसाया. उनका शानदार कैच विकेट के पीछे कलन ने पकड़ा.
The best of Mayank Agarwal's @CountyChamp high 177. 🤩#ForTheNorth pic.twitter.com/dl4qPfOfaf
— Durham Cricket (@DurhamCricket) September 15, 2026
मयंक अग्रवाल का टेस्ट करियर
मयंक अग्रवाल ने भारतीय टीम की तरफ से अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला 12 मार्च 2022 में श्रीलंका के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला था. उसके बाद से वह भारतीय टीम में वापसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.
खबर लिखे जाने तक अग्रवाल ने देश के लिए कुल 21 टेस्ट मुकाबले खेले हैं. जहां वह 36 पारियों में 41.33 की औसत से 1488 रन बनाने में कामयाब रहे.
अग्रवाल के बल्ले से क्रिकेट प्रेमियों को चार शतक और छह अर्धशतक देखने को मिले हैं. 243 रनों की खेली गई दोहरी शतकीय पारी उनकी एक मैच की एक पारी में खेली गई सर्वोच्च दोहरी शतकीय पारी हैं.
यह भी पढ़ें- 6,4,4,6,6,4: वेलालागे बेबस! ब्रूक ने एक ओवर में ठोक दिए 30 रन, फिर जड़ा तूफानी शतक, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं