Success Story Bihar: बिहार में किसान के बेटे पवन राज की सक्सेस स्टोरी कमाल की है. नवादा जिले के चुटकिया बीघा निवासी पवन राज का चयन भारतीय अंडर-18 रग्बी टीम में हुआ है. वह चीन में 5 और 6 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली एशियाई रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
बचपन से ही रग्बी का अभ्यास
जिला रग्बी संघ के सचिव विक्रम कुमार ने बताया कि पवन बचपन से ही खेल के प्रति जुनूनी था. वह लगातार अभ्यास और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण लेता रहा है. उसने राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक सहित कई उपलब्धियां हासिल की हैं. वह जिले के उन चुनिंदा रग्बी खिलाड़ियों में शामिल है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है.
राष्ट्रीय स्तर पर नवादा के खिलाड़ियों का दबदबा
जिला रग्बी संघ के तकनीकी पदाधिकारी संतोष कुमार वर्मा ने NDTV से बातचीत में बताया कि इस वर्ष नवादा के लगभग 30 खिलाड़ियों ने विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल किए हैं. इनमें से बड़ी संख्या ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों की है. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद नवादा के खिलाड़ी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. हालांकि, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए जिला स्तर पर अभी और प्रयास किए जाने की आवश्यकता है.

पवन राज चीन में 5-6 सितंबर 2026 को एशियाई रग्बी अंडर-18 चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे.
आरती के बाद पवन ने बढ़ाया नवादा का मान
नवादा के लिए पवन राज का चयन इसलिए भी विशेष है क्योंकि हाल ही में जिले की रग्बी खिलाड़ी आरती कुमारी का चयन एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है. इसके पश्चात पवन राज का भारतीय टीम में चयन नवादा में रग्बी की बढ़ती लोकप्रियता और खिलाड़ियों की प्रतिभा को दर्शाता है.
कीर्ति डिफेंस अकादमी के कोच कीर्ति रंजन ने बताया कि अकादमी में डिफेंस ट्रेनिंग के साथ-साथ एथलेटिक्स और रग्बी फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण दिया जाता है. यहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में खिलाड़ी प्रशिक्षण लेते हैं और राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं.
उन्होंने कहा कि पवन राज ने भी नियमित अभ्यास, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है. पवन राज की यह यात्रा नवादा के उन सभी युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के मैदान में बड़ी सफलता हासिल करने का सपना देखते हैं.
ये भी पढ़ें - लोग मारते रहे ताने, आरती कुमारी बन गईं इंटरनेशनल खिलाड़ी, बिहार पुलिस दरोगा की सक्सेस स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं