- गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक ली.
- भाजपा सरकार पर चुनाव टालने और भ्रष्टाचार बढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया गया.
- चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नए फॉर्मूले पर कांग्रेस काम करेगी.
राजस्थान के सीकर में आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक आयोजित हुई. जिसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा समेत कांग्रेस के तमाम नेता और कार्यकर्ता ने हिस्सा लिया. बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने स्पष्ट संदेश दिया कि संगठन में कोई भी व्यक्ति विशेष बड़ा नहीं होता, बल्कि संगठन और उसका कार्य ही सर्वोपरि होता है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ मैदान में उतरें और जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करें.
चुनाव में देरी पर भाजपा पर कांग्रेस का हमला
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा. डोटासरा ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में भाजपा के शासन में अपराध और भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनावों से भाग रही है और प्रशासक नियुक्त करके जनप्रतिनिधियों के संवैधानिक अधिकार छीन रही है. केंद्र से मिलने वाली लगभग 1900 करोड़ की पंचायती राज अनुदान राशि चुनाव न होने की वजह से लैप्स हो गई है.
टिकट बंटवारे में बंद होगा लिफाफा सिस्टम
नगर निकाय चुनाव में टिकट वितरण के पारदर्शी फॉर्मूले पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए पीसीसी चीफ ने बड़े संगठनात्मक बदलाव का संकेत दिया. डोटासरा ने कहा कि अब लिफाफा पद्धति यानी पसंदीदा व्यक्तियों को बिना धरातली जुड़ाव के टिकट देना पूरी तरह बंद कर दी गई है. पूर्व में इस व्यवस्था से पार्टी को काफी नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राज्य के वरिष्ठ नेताओं ने तय किया है कि AICC प्रभारियों, पर्यवेक्षकों, जिलाध्यक्षों, विधायकों व स्थानीय नेताओं की राय लेकर वार्ड और क्षेत्र स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही टिकट दिया जाएगा.
आज सीकर में जिला कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त पदाधिकारियों के पदभार ग्रहण समारोह एवं पंचायत व निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शामिल हुआ।
— Govind Singh Dotasra (@GovindDotasra) August 3, 2026
पार्टी समर्पित कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने को… pic.twitter.com/DIZBZ0ryf5
दल-बदलुओं के संदर्भ में उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि दल-बदलुओं के लिए फार्मूला यही है कि वे दल बदलें ही नहीं, और अगर बदलते हैं तो उनके दिन ही खोटे हैं. बैठक में डोटासरा ने उदयपुर/रायपुर अधिवेशन के बाद कांग्रेस संविधान में किए गए संशोधनों का उल्लेख करते हुए बताया कि निकाय (नगर पालिका/परिषद) के निर्वाचित पार्षद और जिला परिषद के सदस्य अब जिला कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य हैं. यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संगठन की बैठकों की सूचना इन जनप्रतिनिधियों तक शत-प्रतिशत पहुंचे और उनकी उपस्थिति अनिवार्य रहे.
यह भी पढे़ं-
"राजनीति की वजह से मेरी जगह-जगह दुश्मनी हुई", हनुमान बेनीवाल माइक फेंककर चले गए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं