विज्ञापन

'बीजेपी जैसे कांग्रेस को करनी होगी मार्केटिंग', अशोक गहलोत का राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव का शंखनाद

अशोक गहलोत ने जोधपुर के कार्यकर्ता समागम में निकाय और पंचायत चुनाव का बिगुल फूंका. उन्होंने 5 अगस्त के बाद चुनाव की संभावना जताते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जुटने को कहा.

'बीजेपी जैसे कांग्रेस को करनी होगी मार्केटिंग', अशोक गहलोत का राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव का शंखनाद
राजस्थान में अशोक गहलोत का चुनावी शंखनाद
  • अशोक गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जुटने को कहा है.
  • पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है.
  • योजनाओं के नाम बदलने को लेकर अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है.

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर से चुनावी बिगुल फूंक दिया है. अपने गृह नगर जोधपुर के दौरे उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरा. शनिवार को ओसवाल कम्युनिटी हॉल में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित 'कार्यकर्ता समागम' कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस दौरान गहलोत ने आगामी पंचायती राज और नगरीय निकाय चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अभी से हर वार्ड और हर गांव में सक्रिय होकर पार्टी की जनकल्याणकारी योजनाओं और पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना होगा. 

'गांव-वार्डों में अभी सक्रिय हो जाएं'

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जीत का मंत्र देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्णय के बाद राज्य चुनाव आयोग निकाय और पंचायत चुनाव कराएगा. उन्होंने बताया कि 5 अगस्त तक ओबीसी आयोग की रिपोर्ट आने और उसके बाद आरक्षण संबंधी प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है. इसके तुरंत बाद चुनाव कार्यक्रम कभी भी घोषित हो सकता है, इसलिए कार्यकर्ता समय बर्बाद किए बिना हर वार्ड और गांव में अभी से सक्रिय हो जाएं.

'कांग्रेस की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना जिम्मेदारी'

अशोक गहलोत ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस शासन की जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस को भी भाजपा और आरएसएस की तरह अपने काम की प्रभावी मार्केटिंग करनी होगी. जनता को बार-बार याद दिलाना होगा कि कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और पेंशन योजनाओं के जरिए सीधे लोगों को राहत दी थी.

राजस्थान की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अशोक गहलोत ने गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार नई योजनाएं लाने के बजाय केवल कांग्रेस सरकार की योजनाओं के नाम बदल रही है. गरीबों को समय पर सामाजिक सुरक्षा पेंशन नहीं मिल रही है और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा. पूर्व सीएम गहलोत ने यह भी दावा किया कि मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की सहायता देने वाली योजना में आदेश जारी होने के बावजूद भुगतान रोका गया है. फाइलों को दोबारा जांच के नाम पर अटकाया जा रहा है, जिससे आमजन परेशान है.

राजस्थान में कम बारिश पर गहलोत ने जताई चिंता

प्रदेशभर में कम बारिश पर चिंता व्यक्त करते हुए अशोक गहलोत ने अपने पहले कार्यकाल का अनुभव साझा किया. उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार मुख्यमंत्री बना था तब भारी अकाल पड़ा था. मैंने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी से मदद मांगी थी. उस समय वसुंधरा राजे कहती थीं कि गहलोत गेहूं के लिए कटोरा लेकर भीख मांग रहे हैं, लेकिन मैंने तब भी कहा था कि मेरे मदद मांगने से अगर प्रदेश की जनता भूखी नहीं सोती, तो इससे बड़ा कोई काम नहीं है.

यह भी पढ़ें-

"ऐरे-गैरे नत्थू-खैरे कुछ बन जाते हैं तो…", Gehlot vs Dotasra की जंग में कांग्रेस नेता के पोस्ट से मची हलचल!

रीट-2021 पेपर लीक: क‍िरोड़ी की च‍िट्ठी पर डोटासरा ने द‍िया जवाब, बोले- हाईकोर्ट पहले खारिज कर चुका याचिका


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Politics, Rajasthan Local Body Elections, Rajasthan Panchayat Elections, Rajasthan Bjp
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com