विज्ञापन

'जब टीम ही...', रिकॉर्ड ब्रेकिंग डबल सेंचुरी जड़ने के बाद भी हारी टीम तो छलका हैरी ब्रूक का दर्द

श्रीलंका ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक के रिकॉर्ड दोहरे शतक पर पानी फेरते हुए ट्राई सीरीज के मुकाबले में वनडे क्रिकेट की यादगार जीत दर्ज की.

'जब टीम ही...', रिकॉर्ड ब्रेकिंग डबल सेंचुरी जड़ने के बाद भी हारी टीम तो छलका हैरी ब्रूक का दर्द
हैरी ब्रूक
X (formerly Twitter)

श्रीलंका ने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक के रिकॉर्ड दोहरे शतक पर पानी फेरते हुए ट्राई सीरीज के मुकाबले में वनडे क्रिकेट की यादगार जीत दर्ज की. श्रीलंका ने जीत के लिए मिले 430 रन के विशाल लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते आठ विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. यह वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उसका सबसे बड़ा सफल लक्ष्य हासिल करने का रिकॉर्ड है.

ब्रूक की 116 गेंदों में 202 रन की विस्फोटक पारी के दम पर इंग्लैंड ने चार विकेट पर 429 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में श्रीलंका ने 24 रन पर दो विकेट गंवाने के बावजूद पवन रत्नायके के 130 रन, अविष्का फर्नांडो और दासुन शनाका के 97-97 रन तथा जनिथ लियानागे की 27 गेंदों में नाबाद 61 रन की तूफानी पारी की बदौलत ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

ब्रूक ने महज 114 गेंदों में 200 रन पूरे कर पुरुष वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया. वह इस फॉर्मेट में दोहरा शतक जड़ने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज भी बने. ब्रूक ने अपनी पारी में 21 चौके और 10 छक्के लगाए.  उन्होंने चौका जड़कर 75 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और इसके बाद आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 150 रन का आंकड़ा पार किया. शतक से दोहरे शतक तक पहुंचने के लिए उन्होंने केवल 39 गेंदें खेलीं. वह पारी की अंतिम गेंद पर 202 रन बनाकर आउट हो गए.

ब्रूक ने तोड़ा शुभमन गिल का रिकॉर्ड

ब्रूक ने भारत के शुभमन गिल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने पिछले महीने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ 116 गेंदों में दोहरा शतक पूरा किया था. इंग्लैंड की ओर से जो रूट ने 69, विल जैक्स ने नाबाद 66 और टॉम बैंटन ने 50 रन का योगदान दिया.

मैच के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने श्रीलंका की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि दोनों टीमों ने बेहतरीन क्रिकेट खेली, लेकिन श्रीलंका ने अहम मौकों पर बेहतर प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा  कि, 'यह एक अविश्वसनीय मैच था. मुझे लगा दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया, लेकिन श्रीलंका ने हमसे बेहतर क्रिकेट खेली. हम गेंदबाजी में अपनी योजनाओं को अच्छी तरह लागू नहीं कर सके और उन्होंने हमारी गलतियों का पूरा फायदा उठाया. 400 से ज्यादा रन का पीछा करना बड़ी उपलब्धि है, इसलिए उनका पूरा श्रेय बनता है.'

अपनी डबल सेंचुरी पर क्या बोले?

ब्रूक ने माना कि दोहरा शतक बनाना खास उपलब्धि है, लेकिन हार के बाद उनके लिए इस पारी का कोई महत्व नहीं रह गया. उन्होंने कहा कि, 'बेशक दोहरा शतक लगाना अच्छा लगता है, लेकिन अब इसका कोई मतलब नहीं है. हारने वाली टीम का हिस्सा होने के कारण मेरी नजर में इस पारी की कोई कीमत नहीं है.'

हार की वजह क्या रही?

इंग्लैंड कप्तान के अनुसार टीम की सबसे बड़ी समस्या गेंदबाजी रही. उन्होंने स्वीकार किया कि गेंदबाज तय रणनीति के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाए. 'हमें पता है कि हम कहां गलत हुए. दुर्भाग्य से हम गेंद के साथ सही तरीके से अमल नहीं कर सके. यही क्षेत्र है, जहां हमें सुधार करना होगा.'

फाइनल की रेस और आगे की रणनीति

ब्रूक ने कहा कि टीम को इस हार से सबक लेकर अगले मुकाबलों में वापसी करनी होगी. उन्होंने भरोसा जताया कि इंग्लैंड अभी भी फाइनल में पहुंच सकता है. उन्होंने कहा कि, 'हमें ड्रॉइंग बोर्ड पर लौटना होगा और चीजों को सरल रखना होगा. अगले दो मैचों में हमारे पास फाइनल में जगह पक्की करने का मौका है. हमें सिर ऊंचा रखना होगा, खुद पर भरोसा बनाए रखना होगा और अगले मैच में नए सिरे से शुरुआत करनी होगी.'

यह भी पढ़ें- हैरी ब्रूक के दोहरे शतक पर फिरा पानी, श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ 430 रन चेज कर रच दिया वनडे इतिहास

यह भी पढ़ें- 4 साल बाद लौटे भुवनेश्वर कुमार को विकेट मिला या नहीं? भारत-न्यूजीलैंड पहले T20I के टॉप-5 गेंदबाजों की लिस्ट

यह भी पढ़ें-  Exclusive: भारतीय स्पिनरों की तारीफ, दिल्ली के मसालों से प्यार, रणजी ट्रॉफी का मुरीद हुआ ऑस्ट्रेलियाई अंपायर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sri Lanka, England, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com