विज्ञापन

परजीवी, बोझ, फेल प्रोडक्ट... NDTV World Summit में PM मोदी ने कांग्रेस को घेरा

NDTV World Summit 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कांग्रेस और राहुल गांधी को जमकर घेरा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस फेल प्रोडक्ट को लॉन्च कर रही है.

NDTV World Summit में पीएम मोदी.
NDTV
  • PM मोदी ने NDTV World Summit में कहा कि कुछ लोग भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं
  • पीएम मोदी ने कहा कि ये लोग विदेश में जाकर भारत को बदनाम करते हैं और विदेशियों से दखल की अर्जी लगाते हैं
  • उन्होंने कहा कि कांग्रेस वो परजीवी बन गई है जो किसी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती
नई दिल्ली:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को NDTV World Summit को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा कि आज दुनिया जहां नए ऑर्डर की तलाश में है, वहीं कुछ लोग भारत में डिसऑर्डर के सपने देख रहे हैं. आज जब दुनिया में इतनी अव्यवस्था है, तब एक मजबूत भारत की तस्वीर जानी चाहिए लेकिन ये लोग भारत की प्रतिष्ठा को मिट्टी में मिलाने में लगे हैं. 

राहुल गांधी पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि 'ये लोग विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करते हैं. विदेशियों से दखल की अर्जी लगाते हैं. पता नहीं, कब तक कांग्रेस अपने फेल्ड प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी.'

उन्होंने कहा कि 'सालभर में हमारे श्रीहरिकोटा से उतनी लॉन्चिंग नहीं होती, जितनी एक साल में कांग्रेस के लोग अपने नेता की लॉन्चिंग की नाकाम कोशिश कर लेते हैं. कांग्रेस को अपनी जो दुर्दशा करनी है, करे, हमें कोई समस्या नहीं है, लेकिन अपने परिवार को लगातार नाकामी के दाग से बचाने के लिए कांग्रेस अब भारत की उपलब्धियों, भारत की अच्छाइयों को और भारत की प्रगति को ही कटघरे में ही खड़ा कर रही है.'

'कांग्रेस अंगूर की बेल काटने में ही जुट गई'

पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि 'अंगूर इतने खट्टे हैं कि कांग्रेस अंगूर की बेल को ही काटने में जुट गई है. कांग्रेस का ये परिवार उनकी पार्टी पर बोझ बन चुका है. पार्टी के बड़े बुजुर्ग भी ये समझते हैं. अकेले में मिलने पर हमें बताते भी हैं लेकिन अपमान का घूंट पीकर चुप भी रहते हैं.'

उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस के इस रवैये का नुकसान सरकार के ईमानदार आलोचकों पर भी होता है. ये लोकतंत्र पर बड़ा खतरा है. जो लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के खिलाफ अपनी बात रखना चाहते हैं, उनकी बात भी कांग्रेस के शोर में खो जाती है.'

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के चीखने-चिल्लाने में उन ईमानदार आलोचकों की आवाज दब जाती है, जो देश का हित चाहते हैं.

यह भी पढ़ें | तब बड़ी मछली छोटी मछली को निगल जाती है... PM मोदी का NDTV वर्ल्ड समिट से दुनिया को संदेश

'कांग्रेस वो परजीवी बन गई है...'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'हमने संसद में देखा है विपक्षी दलों के कितने ही युवा हैं जो अपनी बात रखना चाहते हैं, सरकार की आलोचना करना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस संसद नहीं चलने देती कि दूसरों को मौका नहीं मिल जाए, क्योंकि कांग्रेस को एक ही को लाइमलाइट में रखना है. ऐसा करके कांग्रेस विपक्ष के युवा सांसदों के साथ बहुत अन्याय करती है.'

उन्होंने कहा कि 'जो आंदोलन सरकार की कमियों को उजागर करना चाहते हैं जो वाकई सिस्टम में सुधार करना चाहते हैं और लोकतंत्र में सुधार करना चाहते हैं लेकिन कांग्रेस उन्हें भी तबाह कर देती है.'

पीएम मोदी ने कहा कि 'कांग्रेस वो परजीवी बन गई है जो किसी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती. दिमागी नक्सलियों ने कांग्रेस के दिमाग पर ऐसा कब्जा कर लिया है कि कांग्रेस ने खुद के सोचने की क्षमता ही खो दी. जो जंगलों में विनाश करते थे, वो अब कांग्रेस में घुसकर देश का सर्वनाश करने पर तुले हैं.'

आखिर में पीएम मोदी ने कहा कि इन सब चुनौतियों के बावजूद हमारे सामने विकसित भारत का संकल्प है. इसलिए आज एक ही स्पिरिटी गुंजायमान है- 'वी विल डू इट'.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
NDTVWorldSummit2026, PM Narendra Modi, PM Modi NDTV World Summit, Congress, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com