विज्ञापन

नाना को खाकी में देख IPS बनीं सान‍िया सीरवी, UPSC के ल‍िए छोड़ी व‍िदेशी कंपनी की लाखों की जॉब

IPS Sania Seervi Success Story: राजस्थान के पाली जिले से संबंध रखने वाली सानिया सीरवी ने सीरवी समाज की पहली महिला IPS बनकर इतिहास रच दिया. IIT बॉम्बे से पढ़ाई और MNC की नौकरी के बाद उन्होंने UPSC में सफलता हासिल की. उनकी संघर्ष और सफलता की कहानी युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है. 

नाना को खाकी में देख IPS बनीं सान‍िया सीरवी, UPSC के ल‍िए छोड़ी व‍िदेशी कंपनी की लाखों की जॉब
ips sania seervi first woman from seervi community upsc success story
  • राजस्थान के मारवाड़ अंचल की सानिया सीरवी सीरवी समाज की पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनी हैं।
  • सानिया ने UPSC में लगातार तीन बार सफलता प्राप्त कर आईपीएस अधिकारी बनने का सपना पूरा किया।
  • उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक किया और नौकरी छोड़कर यूपीएससी की तैयारी शुरू की थी।

IPS Sania Seervi Success Story: राजस्थान के मारवाड़ अंचल में सीरवी समाज से पहली महिला आईपीएस बनने का गौरव सानिया सीरवी को हासिल हुआ है. उनकी सफलता की कहानी उन युवाओं के लिए प्रेरणादायी है, जो लक्ष्य हासिल होने से पहले ही मेहनत करना छोड़ देते हैं. सानिया सीरवी को यूपीएससी के शुरुआती दो प्रयासों में असफलता मिली, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. इसके बाद लगातार तीन बार यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने का सपना पूरा किया. 

नाना से मिली प्रेरणा, खुद भी बन गईं पुलिस अधिकारी

आईपीएस सानिया सीरवी के पिता गोपालकृष्ण सीरवी ने एनडीटीवी से बातचीत में बेटी की कामयाबी की पूरी कहानी साझा की. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सीरवी समाज की पहली आईपीएस ही नहीं, बल्कि आईआईटी बॉम्बे से बीटेक करने वाली भी पहली लड़की है. सानिया ने अपने नाना को आईपीएस की वर्दी में देखा था और उन्हीं के नक्शे-कदम पर चलते हुए खुद भी पुलिस अधिकारी बन गईं. 

ips sania seervi success story

गोपालकृष्ण सीरवी के अनुसार, सानिया सीरवी हाल ही में तेलंगाना के हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से 78 आरआर बैच के साथ पास आउट हुई हैं. सानिया सीरवी महाराष्ट्र कैडर की वर्ष 2024 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं. अब उनकी सफलता की कहानी सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही है.

पाली के अटबड़ा गांव से पारिवारिक संबंध

आईपीएस सानिया सीरवी का परिवार मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले की सोजत तहसील के अटबड़ा गांव का रहने वाला है. वर्तमान में परिवार जयपुर में रहता है. उनके पिता गोपालकृष्ण सीरवी एडिशनल रजिस्ट्रार पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं. उनकी मां का नाम अंजू सीरवी है. दादा शेराराम पंवार अटबड़ा गांव के पूर्व सरपंच और स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं. वहीं नाना पुखराज सीरवी आरपीएस से प्रमोट होकर आईपीएस बने थे और वर्ष 2004 में पुलिस महानिरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए. वे राजस्थान मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. 

ips sania seervi success story

IIT बॉम्बे से पढ़ाई, फिर छोड़ दी MNC की नौकरी

गोपालकृष्ण सीरवी ने बताया कि आईआईटी बॉम्बे से बीटेक करने के बाद सानिया ने बहुराष्ट्रीय कंपनी नोमुरा रिसर्च इंस्टीट्यूट में असिस्टेंट कंसलटेंट के पद पर काम किया. इसके बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी.

सानिया वर्ष 2021 और 2022 में यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाई थीं. इस दौरान वह बीमार भी हो गई थीं, जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, वह अक्सर कहती थीं कि उन्होंने अच्छी तैयारी की है और एक दिन उन्हें यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू में बैठने का अवसर जरूर मिलेगा. 

तीसरे प्रयास में बनीं IPS, बाद में भी जारी रखी तैयारी

10 मार्च 1997 को जन्मीं सानिया सीरवी ने अपने तीसरे प्रयास में यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 में अखिल भारतीय स्तर पर 171वीं रैंक हासिल की और उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) आवंटित हुई.

आईपीएस बनने के बाद भी सानिया सीरवी ने मेहनत जारी रखी. उन्होंने वर्ष 2024 में 210वीं और वर्ष 2025 में 450वीं रैंक हासिल कर फिर से यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण की. हालांकि, वह पहले ही आईपीएस के रूप में सेवा ज्वॉइन कर चुकी थीं. बाद के दोनों प्रयासों में उन्हें आईएएस सेवा आवंटित नहीं हो सकी, इसलिए वह आईपीएस में ही बनी रहीं. 

ips sania seervi success story

यह भी पढ़ें- 'ये मेरा छोटा भाई है...' UPSC में 6 कोश‍िश के बाद IPS बने मुकुंद सिंह चाहर, SVPNPA में बहन ने क‍िया सैल्यूट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPS, Rajasthan News, Success Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com