विज्ञापन

पाकिस्तान बॉर्डर के पास से चल रहा संदिग्ध खेल, असद खान के नाम से 610 करोड़ विदेश ट्रांसफर

इनकम टैक्स की जांच में शेल कंपनियों के जरिए 700 करोड़ रुपये से अधिक विदेश भेजने का खुलासा हुआ है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच कर रही है कि यह पैसा किन-किन देशों में ट्रांसफर हुआ.

पाकिस्तान बॉर्डर के पास से चल रहा संदिग्ध खेल, असद खान के नाम से 610 करोड़ विदेश ट्रांसफर
पॉकिस्तान बॉर्डर के पास से चल रहा संदिग्ध खेल
NDTV

राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में करोड़ों रुपये के अवैध विदेशी लेनदेन और बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ है. रायसिंहनगर में आयकर विभाग (Income Tax) के सर्वे के बाद एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) के खिलाफ धोखाधड़ी का बड़ा मुकदमा दर्ज किया गया है. आरोप है कि नियमों और अनिवार्य दस्तावेजों की अनदेखी कर देश-विदेश में 700 करोड़ रुपये से अधिक की रकम भेजी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की कमान स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को सौंप दी है.

करोड़ों का संदिग्ध लेनदेन

CA शैरिल गुप्ता का श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में स्थित दफ्तर है. आरोप है कि इसी दफ्तर से फर्जी कंपनियों, डमी फर्मों और सेल संस्थाओं के नाम पर करोड़ों रुपये का संदिग्ध लेनदेन देश और विदेश में किया गया. इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने जब रायसिंहनगर की पुरानी धान मंडी स्थित इस कार्यालय का सर्वे किया, तो जांच में होश उड़ा देने वाले खुलासे हुए.  

आयकर विभाग (IT) के उपनिदेशक कन्हैया लाल मीणा की रिपोर्ट के मुताबिक, दस्तावेजों की जरूरी जांच किए बिना ही फॉर्म 15CB जारी कर दिए गए. कार्यालय से 1,674 फॉर्म-15सीबी जारी किए गए थे, जिनमें से 56 फर्मों और व्यक्तियों के 1,495 से अधिक प्रमाण पत्रों में नियमों की घोर अनदेखी पाई गई

असद के नाम से 610 करोड़ रुपये ट्रांसफर

इनमें से कुछ प्रमुख नामों के जरिए अरबों का लेनदेन हुआ. जांच में सामने आया कि असद खान नाम के व्यक्ति के नाम से 990 लेनदेन दर्शाए गए, जिसमें 610 करोड़ 55 लाख से अधिक की रकम विदेश और अन्य खातों में ट्रांसफर हुई.

वहीं, गणेश सखाराम के नाम से 71 लेनदेन में करीब 44 करोड़, एल कोमोडिटो मरीन शिपिंग के नाम से 55 लेनदेन में करीब 40 करोड़ और कुलदीप लॉजिस्टिक्स के नाम से 35 लेनदेन में 28 करोड़ से अधिक का लेनदेन सामने आया है. इस पूरे मामले में अलग-अलग राज्यों के सिंडिकेट, सॉफ्टवेयर, शिपिंग और इमिग्रेशन कंपनियों के तार जुड़े होने की आशंका है.

कहां-कहां भेजी गई रकम, जांच में जुटी पुलिस

श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने कहा कि आयकर विभाग की शिकायत पर रायसिंहनगर थाने में धोखाधड़ी सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. 

पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम किन-किन देशों में भेजी गई और इसके पीछे किन बड़े गिरोहों व हवाला सिंडिकेट का हाथ है. सीए के बैंक खातों और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी गई है.

यह भी पढे़ं-

घर में लगे सोलर प्लांट की बची हुई बिजली अब बर्बाद नहीं होगी, राजस्थान में पायलट प्रोजेक्ट शुरू

जंगली सुअर भगाने के लिए खेत में बिछाया बारूद, खुद ही चपेट में आया किसान, उड़ गए चिथड़े, पत्नी और बेटी भी घायल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Sri Ganga Nagar, Income Tax, Income Tax (IT), Income Tax Changes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com