आप ATM गए... 10 हजार रुपये निकाले और बाहर आ गए... थोड़ी देर बाद एक और व्यक्ति आया, उसने पैसे निकाले और बाहर आ गया... लेकिन क्या कभी सोचा है कि जिस ATM से आप पैसा निकालते हैं, उसमें कितना कैश रखा जा सकता है?
अगर आपके मन में भी कभी यह सवाल आया है तो 'सोचा है क्या कभी?' सीरीज के दूसरे पार्ट में इसी का जवाब ढूंढने की कोशिश करते हैं.
वैसे तो कोई भी बैंक ये नहीं बताता कि किसी ATM में कितना कैश है? क्योंकि सुरक्षा कारणों के लिहाज से इसकी जानकारी नहीं दी जाती. लेकिन सबसे जरूरी बात यह है कि हर ATM में एक तय रकम नहीं होती. कैश की मात्रा इस बात पर निर्भर करती है कि उस ATM की क्षमता कितनी है? और उसमें कौन से नोट नोट रखे गए हैं?
एक ATM में कैश कहां रखते हैं?
एक बैंक के ATM में आमतौर पर 50 लाख रुपये तक का कैश आ सकता है. हालांकि, यह ATM की क्षमता, उसकी लोकेशन में और उसमें डाले गए नोटों के मूल्य पर निर्भर करती है.
ATM के अंदर कैश रखने के लिए लोहे की एक ट्रे होती है जिसे 'कैसेट' कहा जाता है. एक ATM में 4 कैसेट होते हैं. इन कैसेट में ही नोटों के बंडल रखे जाते हैं.
एक कैसेट में 2,500 तक नोट आ सकते हैं. इस हिसाब से 4 कैसेट में 10,000 नोट आ सकते हैं.

Photo Credit: AFP
तो एक ATM में कितना कैश होता है?
अब रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि कौन से नोट भरे हैं. उदाहरण के लिए अगर ATM की चारों कैसेट में 500 के नोट रखे गए हैं तो रकम 50 लाख रुपये तक हो जाएगी.
हालांकि, ATM की सभी कैसेट में 500 के नोट ही नहीं रखे जाते हैं. ATM में 100, 200 और 500 रुपये के नोट रखे जाते हैं.
अब मान लीजिए कि अगर किसी ATM की दो कैसेट में 500, एक में 100 और एक में 200 के नोट रखे हैं तो उसमें 32,50,000 रुपये हो जाएंगे.
हालांकि, आज के समय में ज्यादातर ATM में कैश डिपॉजिट करने की सुविधा भी होती है.
यह भी पढ़ेंः 2+2 हमेशा 4 ही होता है, 5 क्यों नहीं? इस गणितज्ञ के जवाब को पढ़कर चकरा जाएगा दिमाग
ATM तक कैश कैसे पहुंचता है?
रिजर्व बैंक (RBI) की गाइडलाइन के मुताबिक, कैश वैन में एक बार में 5 करोड़ रुपये से ज्यादा कैश नहीं ले जाया जा सकता. कैश ले जाने वाली वैन में GPS होना जरूरी है.
इसके अलावा, शहरों में रात 9 बजे और गांवों में शाम 6 बजे के बाद ATM में कैश नहीं भर सकते.
RBI के मुताबिक, कैश वैन में एक ड्राइवर, दो हथियारबंद सिक्योरिटी गार्ड और दो ATM ऑफिसर या कस्टोडियन होने चाहिए.

Photo Credit: AFP
कैश कब भरा जाता है?
कैश की पूरी मॉनिटरिंग की जाती है. किसी ATM में कैश खत्म होने वाला होता है तो उसकी जानकारी बैंक को मिल जाती है, जिसके बाद उसे फिर से भर दिया जाता है.
RBI की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में औसतन हर तीन दिन में ATM में कैश भरा जाता है.
हालांकि, बड़े बैंकों की रिपोर्ट बताती है कि मेट्रो सिटीज में हर दिन और गांवों में ढाई दिन में ATM में कैश लोड किया जाता है. इस हिसाब से औसतन हर दो दिन में ATM भरा जाता है.
देश में कितने ATM हैं?
RBI के डेटा के मुताबिक, अगस्त 2026 तक देशभर में 2,09,992 ATM हैं. इनमें से 1.36 लाख ATM बैंक ब्रांच में ही हैं.
RBI का डेटा बताता है कि अगस्त में देशभर में 2.24 लाख करोड़ रुपये ATM से निकाले गए थे. जबकि, जुलाई महीने में 2.19 लाख करोड़ रुपये लोगों ने ATM से निकाले थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं