- उद्धव ठाकरे को पार्टी में एक बार फिर से टूट का डर.
- शिवसेना (UBT) के कुछ सांसदों के एकनाथ शिंदे की पार्टी से संपर्क की अटकलें.
- मातोश्री में होने वाली आज की बैठक रहेगी अहम.
Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ दिनों से चर्चा में रहे कथित 'ऑपरेशन टाइगर' के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 12 बजे मातोश्री पर पार्टी के सभी लोकसभा सांसदों की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है. इस बैठक को लेकर राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता बढ़ गई है, क्योंकि पार्टी के कुल 9 सांसदों में से कितने सांसद बैठक में उपस्थित रहते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
पिछले कुछ दिनों से ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि शिवसेना (यूबीटी) के कुछ सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में हैं. केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव ने हाल ही में दावा किया था कि "ऑपरेशन टाइगर" अंतिम चरण में पहुंच चुका है. इसके बाद मंत्री भरत गोगावले ने भी संकेत दिए थे कि विपक्षी खेमे के कुछ नेता संपर्क में हैं. इन बयानों के बाद महाराष्ट्र का राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है.
उद्धव गुट के पास 9 लोकसभा सांसद
शिवसेना (यूबीटी) के पास वर्तमान में 9 लोकसभा सांसद हैं और यदि किसी प्रकार का विभाजन होता है तो दल-बदल कानून से बचने के लिए कम से कम 6 सांसदों का समर्थन आवश्यक होगा. इसी पृष्ठभूमि में उद्धव ठाकरे ने सभी सांसदों को मुंबई में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं.
हालांकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय राउत और विधायक अंबादास दानवे ने टूट की अटकलों को खारिज किया है. वहीं, हिंगोली के सांसद नागेश पाटिल अष्टिकर और नासिक के सांसद राजाभाउ वाजे ने भी सार्वजनिक रूप से कहा है कि वे उद्धव ठाकरे के साथ हैं और पार्टी छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं है.
लोगों को साथ लाने की कोशिश- प्रवक्ता
शिवसेना (UBT) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने बताया कि बैठक में सभी लोगों को साथ लाने कोशिश कर रहे हैं. अगर कोई नहीं आ पा रहा है तो वो अपना कारण बताएगा कि क्यों नहीं आ पा रहा है. संगठन की मीटिंग तो होते रहती है, कोई नई बात थोड़ी है, हर दल करता है. हम भी कर रहे हैं तो इसमें कोई बहुत ज्यादा चिंता का विषय नहीं होना चाहिए.
'क्यों तोड़ रहे हो पार्टियां?'
उन्होंने सवाल किया कि 2024 से कभी 'ऑपरेशन टाइगर' तो कभी 'ऑपरेशन लोटस' के बारे में सुनते आ रहे हैं. हमारे 9 सांसद चुनकर आए हैं तो 240 भाजपा के और शिंदे के 7 सांसद. अब भाजपा ने टीडीपी और जेडीयू के साथ मिलकर सरकार बना ली है तो क्यों आप क्यों पार्टियां तोड़ रहे हो? टीएमसी तोड़ दी, हमारी पार्टी तोड़ दी, शरद पवार जी की पार्टी तोड़ दी. इस देश में विपक्ष रहेगा कि नहीं रहेगा? कभी ऑपरेशन लोटस, कभी ऑपरेशन टाइगर.... आप लोग पार्टी चलाते हैं कि ऑपरेशन थिएटर चलाते हैं? आप लोग डॉक्टर का काम कर रहे हैं? डॉक्टर को डॉक्टर का काम करने दीजिए, बाकी हम लोग को हमारा काम करने दीजिए. भारतीय जनता पार्टी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना को देश की जनता ने विकास के लिए चुन के दिया है, न कि ऑपरेशन करने के लिए दिया है.
हम कोई ऑपरेशन टाइगर नहीं चला रहे- शिंदे गुट के मंत्री
एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना के मंत्री संजय शिरसाट ने बताया कि हम ऐसा कोई 'ऑपरेशन टाइगर' नहीं चला रहे हैं. हमें इसकी कोई आवश्यकता भी नहीं है, लेकिन यह निश्चित है कि उबाठा (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के कुछ लोग अलग होने वाले हैं, इसीलिए जानबूझकर यह दिखाया जा रहा है कि हम उनके संपर्क में हैं या संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं. ऐसा कोई भी दृश्य हमारे सामने नहीं है और न ही हम कोई 'ऑपरेशन टाइगर' कर रहे हैं. लेकिन, जो लोग हमारे साथ आना चाहते हैं, उन्हें हम मना भी नहीं करेंगे. हां, कई लोग संपर्क में हैं. कई लोग बात भी करते हैं, लेकिन अब क्या निर्णय लेना है, यह एकनाथ शिंदे साहब तय करेंगे.
अगर 'ऑपरेशन टाइगर' करना ही हो तो एकनाथ शिंदे साहब कभी भी वह निर्णय ले सकते हैं, लेकिन अभी हमारी ऐसी कोई मानसिकता नहीं है.
आज की मीटिंग है बहुत अहम
पिछले कुछ दिनों से दिल्ली में हुई कथित बैठकों और सांसदों के संपर्क में होने की चर्चाओं ने शिवसेना (यूबीटी) नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है. ऐसे में आज की बैठक केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं मानी जा रही, बल्कि इसे पार्टी की एकजुटता का शक्ति प्रदर्शन भी माना जा रहा है.
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि मातोश्री में होने वाली इस बैठक में पार्टी के सभी 9 सांसद उपस्थित रहते हैं या नहीं. बैठक में उपस्थिति का आंकड़ा ही 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच उद्धव ठाकरे की पकड़ और पार्टी की एकजुटता का महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश दे सकता है.
ये भी पढ़ें- TMC में टूट से महाराष्ट्र में सियासी बेचैनी! मजबूती दिखा रहे NCP के दोनों धड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं